नशीला इंजेक्शन देकर पहले महिला से किया दुष्कर्म फिर मार डाला
महिला चार बच्चों की मां थी। मृतका का पति ट्रक ड्राइवर है जो कुछ दिनों से घर पर नहीं था।
नूंह (जेएनएन)। पुन्हाना के गांव सिंगार में शनिवार को गांव के झोलाछाप डाक्टर द्वारा 30 वर्षीय महिला को नशीला इंजेक्शन देकर दुष्कर्म व हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। महिला चार बच्चों की मां थी। बिछौर पुलिस द्वारा आरोपित डॉक्टर के खिलाफ हत्या व दुष्कर्म का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा अस्पताल में भेज दिया है। वहीं डाक्टर गांव से फरार हो गया है।
जिले के सबसे बड़े गांव सिंगार में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के झोलाछाप डाक्टर ने महिला से दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर दी। घटना की सूचना पाकर मृतका के घर पर गांव वालों का जमावड़ा लग गया।
वहीं घटना को लेकर बिछौर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पर पुलिस द्वारा जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इसके साथ ही मृतका के दादा, व जेठानी ने बताया कि मृतका का पति ट्रक ड्राइवर है जो कुछ दिनों से घर पर नहीं था।
शुक्रवार की रात को झोलाछाप डॉ. वसीम उर्फ मुज्जी महिला को इंजेक्शन लगाने के लिए कमरे में गया था। जिसे शनिवार की सुबह 6 बजे घर से बाहर निकलते देखा गया, जब उसे आवाज देकर रोका गया तो वो वहां से भाग निकला। इसके बाद कमरे में जाकर देखा गया तो महिला बेड पर मृत पड़ी थी और उसके गले में फंदे का निशान था।