Indian Young Farmer: बदलाव लाने के लिए अभिषेक धामा ने इंजीनियरिंग छोड़ कर शुरू की खेती
Indian Young Farmer अभिषेक कहते हैं कि उन्होंने 2017 में दो बीघे के खेत में जैविक पद्धति से खेती शुरू की। आज 32 एकड़ के खेत में हरी सब्जियां विभिन्न प्रकार के फूल और औषधीय पौधों की खेती करते हैं। उन्होंने बताया कि आज उनके लाखों ग्राहक हैं।
नई दिल्ली [धनंजय मिश्रा]। कहते हैं कि जब किसी काम में आनंद की अनुभूति हो तो समझ लेना चाहिए कि आप उस काम में पारंगत हो चुके हैं। बाहरी दिल्ली के पल्ला गांव के रहने वाले युवा किसान अभिषेक धामा पर यह बात सटीक बैठती है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके अभिषेक आज देश भर के किसानों के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। नए कृषि कानूनों का खुलकर समर्थन करने वाले अभिषेक कहते हैं कि आज कृषि क्षेत्र में बदलाव समय की मांग है। अब पुराने तौर तरीकों से खेती करने का समय नहीं है। किसान केवल सरकार पर ही निर्भर न रहें, बल्कि तकनीक और मजबूत इच्छाशक्ति से खेती करें। उन्होंने कहा कि नए कृषि कानूनों को लेकर जो विरोध हो रहा है वह राजनीति से प्रेरित है। अभिषेक कहते हैं कि उन्होंने 2017 में दो बीघे के खेत में जैविक पद्धति से खेती शुरू की। आज 32 एकड़ के खेत में हरी सब्जियां, विभिन्न प्रकार के फूल और औषधीय पौधों की खेती करते हैं। उन्होंने बताया कि आज उनके लाखों ग्राहक हैं।
इंजीनियरिंग का खेती में मिला फायदा
अभिषेक ने इलेक्ट्रानिक्स एवं कम्युनिकेशन में इंजीनियरिंग किया है। खेती में कुछ अलग करने का मन था। इस कार्य में इंजीनिय¨रग की पढ़ाई ने भी काफी हद तक मदद की। इससे उन्हे जैविक खाद और कीटनाशक बनाने में सहायता मिली। यही नहीं उन्होंने बायोगैस प्लांट भी बनाया है। उन्हें अपने घर के लिए एलपीजी लेने की जरूरत ही नहीं पड़ती। उन्होंने बताया कि वह एक साथ कई फसलों की खेती करते हैं। ऐसे में किसी खास कृषि उत्पाद की मांग कम होने पर नुकसान का जोखिम कम रहता है। उनके मुताबिक आज वह 55 लोगों को अपनी खेती से रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब वह बड़े स्तर पर खेती करेंगे।
कृषि राज्य मंत्री से हो चुके हैं सम्मानित
अभिषेक राजधानी दिल्ली में युवा प्रगतिशील किसान के तौर पर सम्मानित हो चुके है। उन्हे केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने सम्मानित किया था।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो