Move to Jagran APP

सरेराह युवक पर डंडों से किया हमला, चाकू से चीर दिया जिस्म, मौत

राजेंद्र सिंह ने बताया कि बेटा रविवार की रात करीब आठ बजे घर से निकला था। वह जैसे ही कॉलोनी की मुख्य सड़क पर पहुंचा, उसे पांच हमलावरों ने घेर लिया।

By Amit MishraEdited By: Updated: Mon, 26 Mar 2018 09:07 AM (IST)
Hero Image
सरेराह युवक पर डंडों से किया हमला, चाकू से चीर दिया जिस्म, मौत

नई दिल्ली [जेएनएन]। रोहिणी इलाके में एक युवक पर चाकू और डंडों से हमलाकर उसकी हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय महेंद्र सिंह उर्फ सोनू के रूप में हुई है। वह कुछ दिन पहले ही हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। केएन काटजू थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

महेंद्र अपने परिवार के साथ रोहिणी सेक्टर-16 की सरदार कॉलोनी में रहता था। उसके पिता राजेंद्र सिंह ने बताया कि वह रविवार की रात करीब आठ बजे घर से निकला था। वह जैसे ही कॉलोनी की मुख्य सड़क पर पहुंचा, उसे पांच हमलावरों ने घेर लिया। इसमें से एक ने महेंद्र के सिर पर रॉड से वार कर दिया जिसके बाद वो बाइक से नीचे गिर पड़ा। इसके बाद हमलावरों ने उसे दबोच लिया और ताबड़तोड़ डंडे व चाकू से वार करना शुरू कर दिया।

जान बचाने आए भाई पर किया हमला

घटना के समय वहां से महेंद्र के चाचा गुजर रहे थे, अपने भतीजे को जख्मी देखकर उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद महेंद्र के भाई और अन्य परिजन वहां पहुंच गए लेकिन इस दौरान हमलावरों ने मृतक के भाई पर भी चाकू से वार कर दिया और मौके से भाग गए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, जिसके बाद महेंद्र को बाबा साहब अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी

पुलिस के अनुसार कुछ दिन पूर्व ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस मारपीट में महेंद्र के विरोधी पक्ष के युवक के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। इस मामले में ही महेंद्र जेल में बंद था। उसकी हत्या में शामिल हमलावरों पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें मुख्य हमलावर घोषित अपराधी बताया जा रहा है।

इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात 

रोहिणी जिले के पुलिस उपायुक्त रजनीश गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना रात 8:18 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को मिली थी। मृतक अंतरिम जमानत पर था। मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद से इलाके में तनाव है, ऐसे अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई हैं। 

यह भी पढ़ें: दिल्ली में महिलाओं के प्रति अपराध में नहीं आ रही कमी, जानें- क्या कहते हैं आंकड़े

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।