Move to Jagran APP

सफाई पर अब लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : तमाम संसाधन होने के बावजूद सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने पर उत्तरी दिल्ल

By JagranEdited By: Updated: Fri, 30 Nov 2018 10:41 PM (IST)
Hero Image
सफाई पर अब लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :

तमाम संसाधन होने के बावजूद सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने सफाई पर अब जीरो टालरेंस की नीति पर कार्य करने के आदेश दिए हैं। ऐसे में जहां गंदगी दिखी उसकी सीधी गाज अब सफाई कर्मचारियों और उनके अधिकारियों पर गिरेगी।

पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं विभाग (डेम्स) से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि डेम्स के सभी अधिकारियों और जोन के उपायुक्तों को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। सभी जोन उपायुक्तों को निर्देश दिया गया है कि इलाके में गंदगी की शिकायतें मिलने पर लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई करें। अधिकारी ने कहा कि अब सफाई पर कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

चार सफाई अधीक्षकों के हुए तबादले

निगम ने वर्षो से एक ही जोन में तैनात सफाई अधीक्षकों के तबादले के आदेश जारी कर दिए हैं। निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह सभी सफाई अधीक्षक लंबे समय से एक ही जोन का कामकाज देख रहे थे। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं आ रहा था। इसके चलते सभी के तबादले किए गए हैं। अब इन सफाई अधीक्षकों को दूसरे जोन में जाकर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना होगा। उच्च अधिकारियों ने साफ कहा है कि सफाई दुरुस्त करके दिखाओ, अन्यथा घर जाओ।

नागरिकों से सहयोग के लिए चलेगा अभियान

सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए निगम नागरिकों का सहयोग भी चाहता है। निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सफाई में नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। नागरिकों को भी गीले व सूखे कूड़े को अलग-अलग कूड़ेदान में डालना होगा। तभी सफाई अभियान कामयाब हो पाएगा। अधिकारी ने बताया इसके लिए निगम सोशल मीडिया से लेकर संचार के तमाम माध्यमों के जरिये लोगों को जागरूक करेगा।

प्लॉट में कूड़ा डालने पर नपेगा सफाई कर्मचारी

उत्तरी दिल्ली नगर निगम अब ट्विटर के जरिये मिलने वाली शिकायतों की भी निगरानी करेगा। अधिकारियों को सोशल मीडिया से मिलने वाली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के साथ उनका समाधान करने का निर्देश निगम की ओर से दिया गया है। निगम के मुताबिक सोशल मीडिया पर महापौर को टैग करते हुए एक नागरिक ने वीडियो शेयर किया था। इसमें एक सफाई कर्मचारी सफाई करने के बाद कूड़े को खाली प्लॉट में डाल रहा था। इस पर सफाई कर्मचारी और सहायक सफाई अधीक्षक को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।