Move to Jagran APP

खुदकुशी के बाद करोल बाग पुलिस ने जिदा समझ दर्ज किया मुकदमा

सोशल मीडिया के दौर में विश्व एक गांव में तब्दील हो गया है।

By JagranEdited By: Updated: Mon, 29 Jun 2020 06:10 AM (IST)
Hero Image
खुदकुशी के बाद करोल बाग पुलिस ने जिदा समझ दर्ज किया मुकदमा

संतोष शर्मा, नई दिल्ली

सोशल मीडिया के दौर में विश्व एक गांव में तब्दील हो गया है। लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि तेज तर्रार दिल्ली पुलिस को बगल में हुई घटना के बारे में पता ही नहीं चलता। दरअसल, करोल बाग के एक ज्वेलर ने अपने सेल्समैन मनोज गुप्ता के खिलाफ दो किलो सोना लेकर फरार होने की शिकायत की थी, जिसपर मुकदमा दर्ज कर लिया गया, जबकि शिकायत से दो दिन पहले सेल्समैन ने सराय रोहिल्ला में आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या के दो दिन बाद मुकदमा दर्ज करने के मामले ने हाईटेक पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक के परिजनों का आरोप है कि मालिक मनोज गुप्ता को प्रताड़ित कर रहा था। परिजनों ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित थाने में मालिक के खिलाफ शिकायत कर इंसाफ की गुहार लगाई है। इस मामले पर मध्य जिले के डीसीपी संजय भाटिया का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। सच्चाई सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।

ज्वेलर रजत कोनड़िया का करोलबाग के गुरुद्वारा रोड पर ज्वेलरी का शोरूम है। रजत ने पुलिस को बताया था कि उनके शोरूम में गत दो वर्ष से मनोज गुप्ता सेल्समैन थे। उन्होंने 23 मार्च को मनोज को सोने के दो किलो जेवरात देकर आपूर्ति के लिए राजस्थान और हरियाणा के कारोबारियों के पास भेजा था। सोने की कीमत करीब 90 लाख रुपये है। लॉकडाउन का बहाना बनाकर वह वापस नहीं आए। ज्वेलर की शिकायत पर करोल बाग थाना पुलिस ने 23 जून को मनोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। परिजनों का आरोप, ज्वेलर के दबाव के कारण मनोज ने दी जान

वहीं सेल्समैन के पिता अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि मनोज ने 23 मार्च से पहले मालिक द्वारा दिए गए सोने की आपूर्ति कर दी थी। लॉकडाउन लगने से वह रुपये की वसूली नहीं कर पाए थे। इस बीच ज्वेलर मनोज को फोन कर रुपये देने का दबाव बना रहे थे। इससे तंग होकर उन्होंने 21 जून को सराय रोहिल्ला इलाके में फांसी लगा ली थी। उन्होंने कहा कि करोल बाग थाने से चंद किमी की दूरी पर मनोज ने आत्महत्या की थी। ऐसा हो ही नहीं सकता कि इसकी जानकारी ज्वेलर और पुलिस को न हो। पिता ने पुलिस और ज्वेलर के गठजोड़ की जांच की मांग की है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।