Move to Jagran APP

बदलाव के लिए भगीरथ प्रयास

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : जनसंख्या वृद्धि की समस्या से जूझ रहे देश में जागरूकता लाने के लिए मे

By JagranEdited By: Updated: Fri, 28 Dec 2018 10:22 PM (IST)
Hero Image
बदलाव के लिए भगीरथ प्रयास

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : जनसंख्या वृद्धि की समस्या से जूझ रहे देश में जागरूकता लाने के लिए मेरठ के दिनेश तलवार भगीरथ प्रयास कर रहे हैं। कानून बनाने की मांग को लेकर 24 साल पहले प्रधानमंत्री और स्वास्थ्य मंत्रालय को पत्र लिखने से शुरू हुआ यह सफर अब देशभर के शहरों में उल्टी पदयात्रा तक पहुंच चुका है। इस बीच दिनेश पांच हजार से अधिक पत्र लिख चुके हैं। हालांकि किसी भी पत्र का अब तक जवाब नहीं मिला है। इसके बाद अब वे पत्‍‌नी और बच्चों के साथ देशभर के 100 से ज्यादा शहरों में जागरूकता की अलख जगाने का प्रयास कर चुके हैं।

मेरठ निवासी एलआइसी एजेंट दिनेश बताते हैं कि जवानी की दहलीज पर कदम रखते ही उन्हें अहसास हुआ कि देश की सबसे बड़ी समस्या जनसंख्या है। इसे लेकर वह कुछ न कुछ करना चाहते थे। इसके बाद 24 साल पहले 1994 में उन्होंने प्रधानमंत्री और स्वास्थ्य मंत्रालय को जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून बनाए जाने की मांग करते हुए पत्र लिखना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे अब तक उन्होंने करीब पांच हजार पत्र लिखे लेकिन किसी भी पत्र का जबाव नहीं मिला। 1997 में शादी होने के बाद जनसंख्या वृद्धि को लेकर मन में उठ रही टीस को उन्होंने पत्‍‌नी दिशा से साझा किया। इसके बाद वह भी उनकी इस मुहिम में शामिल हो गई। इस बीच स्कूलों व सामाजिक कार्यक्रमों में जाकर इसके प्रति जागरूकता लाने के प्रयास शुरू कर दिया। हालांकि, किसी भी प्रयास का कोई सार्थक परिणाम दिखाई नहीं दिया। इसके बाद 2013 से शहरों में जाकर उल्टे चलकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। साथ ही आम लोगों को इन शहरों में जनसंख्या वृद्धि के प्रति जागरूकता लाने का प्रयास करने में जुट गए। दिनेश बताते हैं कि पत्‍‌नी, बेटा यश और बेटी दिशा के साथ वह अब तक मुंबई सहित 100 से अधिक शहरों में भ्रमण कर चुके हैं। यही नहीं अलग-अलग समुदाय के धर्मगुरु को पत्र लिखने के साथ ही व्यक्तिगत मुलाकात करके भी वह जनसंख्या नियंत्रण के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील कर रहे हैं। जंतर-मंतर पर उल्टे चलकर की कानून बनाने की मांग

दिनेश तलवार शुक्रवार को देश की राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर थे। यहां हाथों में तख्ती लेकर उन्होंने पत्‍‌नी व बच्चों के साथ उल्टे चलकर प्रदर्शन किया। साथ ही केंद्र सरकार से जनसंख्या नियंत्रण को लेकर कानून बनाए जाने की मांग की है। = जनसंख्या नियंत्रण को लेकर अब तक गंभीर प्रयास नहीं किए गए हैं। अब तक की सरकारों ने इस दिशा में सिर्फ उल्टा काम ही किया है। इसलिए हम अब उल्टे चलकर सरकार की नींद तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

दिनेश तलवार

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।