Move to Jagran APP

...तो ऐसा रहा दिल्ली की शाम का हाल, थोड़ी सी बारिश हुई, अंधेरा छाया और लगा जाम

मौसम का मिजाज बदला-बदला सा नजर आ रहा है। दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में तेज आंधी के बाद हल्की बारिश शुरू हो गई हैै।

By JP YadavEdited By: Published: Sat, 09 Jun 2018 01:42 PM (IST)Updated: Sat, 09 Jun 2018 10:22 PM (IST)
...तो ऐसा रहा दिल्ली की शाम का हाल, थोड़ी सी बारिश हुई, अंधेरा छाया और लगा जाम

नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली और आसपास के इलाकों में पहले तेज आंधी और फिर अचानक मौसम में हुआ बदलाव चर्चा का विषय बन गया है। शनिवार शाम मौसम में हुए बदलाव की वजह से राजधानी बदली हुई नजर आई। कहीं लोग बारिश की वजह से खुश नजर आए तो वहीं कई लोगों के लिए मौसम में हुआ बदलाव मुसीबत का सबब बन गया। जो ऑफिस में थे वो घर में फोन कर रहे थे और जो घरों में थेे वो परिजनों का हाल जानने के लिए लगातार उनसे संपर्क बनाए हुए थे।

कई इलाकों में बिजली गुल

मौसम में हुए बदलाव के चलते कई इलाकों में बिजली गुल हो गई, जिसके बाद टीवी भी बंद हो गए। मौसम से जुड़ी तमाम जानकारी के लिए लोग फोन पर एक-दूसरे से संपर्क बनाए हुए हैं। इतना ही नहींं आंधी और बारिश की वजह से सड़क पर वाहनों की रफ्तार भी थम गई है और कई इलाकों में जाम लगने की भी खबर है।  

दिन में ही छा गया अंधेरा  

बता दें कि भीषण गर्मी और उमस के बीच शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया। दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज आंधी के बाद हल्की बारिश हुई। आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया है और दिन में ही अंधेरा छा गया।

बदल गया मौसम का मिजाज

मौसम विभाग की ओर से पहले ही कहा गया था कि दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश और 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ आंधी-तूफान आ सकता है। यहां यह भी बता दें कि राजधानी में शनिवार सुबह नमी वाली रही। न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमान से दो डिग्री सेल्सियस अधिक था। आर्द्रता का स्तर 71 फीसदी दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का अनुमान 

गौरतलब है कि मौसम विभाग ने पहले ही अनुमान जता दिया था कि अगले कुछ घंटों में दिल्ली के कुछ क्षेत्रों सहित बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद व आसपास के क्षेत्रों में गरज के साथ वर्षा होगी।

आंधी-तूफान और गर्जना के साथ बारिश

स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, और दिल्ली में आंशिक बादल देखने को मिल रहे हैं। इस समय उत्तर-पश्चिमी राजस्थान से बिहार तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी सक्रिय हो गया है। इसकी वजह से पूर्वी आ‌र्द्र हवाएं और अधिक प्रभावी होंगी। इसके चलते शनिवार व रविवार को पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और दिल्ली में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और गर्जना के साथ बारिश होगी।

रुक-रुक कर होती रहेगी बारिश

कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है। इसके बाद मौसमी सिस्टम का प्रभाव दक्षिण में शिफ्ट हो जाएगा और बारिश में कमी आएगी। लेकिन, मानसून का इंतजार कर रहे दिल्ली वालों को मानसून के आने तक रुक-रुक कर बारिश का मजा मिलता रहेगा।

बढ़ रहा है मानसून

बता देें कि दक्षिणी राज्यों के साथ महाराष्ट्र और गुजरात में मानसून आगे बढ़ रहा है। वहीं, उत्तर प्रदेश, बिहार, और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को मानसून के पहले की बारिश हुई। हिमाचल प्रदेश के शिमला सहित अन्य स्थानों पर तेज बारिश हुई है।

तेज बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में 9-10 जून और अरब सागर में कोंकण और गोवा तट पर 12 जून तक तेज हवा के साथ ऊंची समुद्री लहरें उठने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। कर्नाटक, महाराष्ट्र सहित गुजरात के पश्चिमी इलाकों में अगले 24 घंटे में तेज बारिश की संभावना है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में बारिश होगी।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.