भाजपा के राज में महंगाई मुद्दा नहीं बनता : राजनाथ सिंह
जागरण संवाददाता पूर्वी दिल्ली शास्त्री पार्क स्थित डीडीए ग्राउंड में भाजपा ने बुधवार शाम जनसभा आयोजित की। इसमें केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। जनसभा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व उत्तरी पूर्वी लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी मनोज तिवारी व पूर्वी दिल्ली से प्रत्याशी गौतम गंभीर के लिए वोट मांगे गए। जनसभा का संचालन भाजपा के जिलाध्यक्ष अजय महावर ने किया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को शास्त्री पार्क में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा के राज में महंगाई मुद्दा नहीं बनती। 2004 और 2019 का चुनाव इसके उदाहरण हैं। पहले अटल और अब मोदी सरकार के कार्यकाल महंगाई नहीं बढ़ी। इस वजह से यह मुद्दा नहीं बना।
शास्त्री पार्क में जनसभा का आयोजन भाजपा के पूर्वी दिल्ली और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के प्रत्याशियों क्रमश: गौतम गंभीर और मनोज तिवारी के समर्थन में किया गया।
राजनाथ सिंह ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सली हमले में शहीद हुए 15 जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि गरीबी कैसे दूर की जाती है, भाजपा को पता है। कांग्रेस कह रही है उनकी सरकार बनी तो देशद्रोह के कानून को खत्म करेगी। अगर भाजपा की सरकार बनी तो वह देशद्रोह के कानून की समीक्षा कर सख्त कानून बनाएगी। अगर कोई देशद्रोह करेगा तो उसकी रूह कांप जाएगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि हमने देश के दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया। पुलवामा में आतंकी हमले के बाद हमारी सेना ने जो पराक्रम दिखाया, वह काबिलेतारीफ है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी जाता है। कांग्रेस ने पराक्रम पर सवाल उठाए। इसका जवाब भी दिया कि बहादुर सैनिक लाशें नहीं गिनते। उन्होंने नक्सली हमले को लेकर कहा कि पहले देश के 126 जिले नक्सल प्रभावित थे। अब 82 जिले नक्सलियों की चपेट में रह गए हैं।
इससे पहले जनसभा में पूर्व क्रिकेटर और भाजपा प्रत्याशी गंभीर ने कहा कि पिछले चार-पांच दिनों से यह अफवाह फैलाई जा रही है कि उन्हें बहस करने से डर लगता है। वह लोगों को बताना चाहते हैं कि डर तो उन्हें पकिस्तान से नहीं लगता, यह तो बहस है। उन्हें राजनीति में आए साढ़े चार दिन हुए हैं। उन्होंने आप मुखिया व दिल्ली के मुख्यमंत्री को सार्वजनिक मंच से बहस करने की खुली चुनौती दी। गंभीर ने कहा कि मुख्यमंत्री बहस के लिए जगह और समय खुद तय कर लें। लेकिन उनकी एक शर्त है, यह बहस जनता के बीच होगी। अगर उनमें हिम्मत है तो वह इस चुनौती को स्वीकार करें। दिल्ली की सत्ता में जो सरकारें आई, उसने राजधानी को पेरिस व लंदन बनाने की बात कही, लेकिन भाजपा दिल्ली को दिल्ली बनाकर दिखाएगी। कांग्रेस और आप हार मान चुकी है : मनोज तिवारी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व भाजपा के उत्तर-पूर्वी लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी मनोज तिवारी ने दावा किया कि मोदी सरकार फिर से सत्ता में आएगी। मोदी है तो मुमकिन है। 2014 में इसी शास्त्री पार्क में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री प्रत्याशी के रूप में आए थे। तिवारी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों पर भाजपा जीत हासिल करेगी। वहां पर भारत माता का नारा गूंज रहा है। उन्होंने कहा दिल्ली के परांठे खाएंगे, मोदी को जिताएंगे। एक अखबार को दिए साक्षात्कार का हवाला देते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व प्रत्याशी अजय माकन का भी कहना है कि आप और कांग्रेस में गठबंधन नहीं हुआ है। इस वजह से भाजपा दिल्ली की सातों सीटें जीतेगी। मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल पहले ही हार मान चुके हैं। वह अपने एक भी प्रत्याशी के नामांकन में नहीं गए। तिवारी ने अगले पांच साल मोदी की जरूरत है, गाना गाकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। साथ ही गौतम गंभीर को नारा दिया 'जो हमारा वीर है, वो गौतम गंभीर है।'