दिवाली पर सुंदर और सरल रंगोली से करें घर की सजावट
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : दिवाली पर रंगोली से घर न सजाएं, ऐसा भला कैसे हो सकता है
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली :
दिवाली पर रंगोली से घर न सजाएं, ऐसा भला कैसे हो सकता है। देवी लक्ष्मी के आगमन पर उनके स्वागत के लिए रंगोली बनाने की परंपरा वर्षो से चली आ रही है, लेकिन समय के साथ इसमें कई बदलाव देखे जा सकते हैं। हालांकि परंपरागत तरीके अब भी अपनाए जा रहे हैं, लेकिन अब बाजार में रंगोली बनाने वाले सांचे, गुलाल और बुरादे से लोगों का काम आसान हो गया है। इनकी मदद से कुछ ही पलों में खूबसूरत डिजाइनों में रंगोली बनाई जा सकती है। दीपावली की खरीदारी करते वक्त लोग इस तरह के रंगोली के सांचे व बुरादा की खरीदने में भी उत्साहित रहते हैं। विशेषकर, महिलाएं इसमें अधिक दिलचस्पी लेती हैं। दिवाली में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं, लेकिन बाजारों में रंगोली के सांचों व रंगों की धूम अभी से ही शुरू हो गई हैं।
रानी बाग मार्केट में रंगोली के सांचों की बिक्री कर रहे सुभाष शर्मा ने बताया कि लोगों को सांचों वाली रंगोली अधिक पसंद आ रही है, क्योंकि इसके माध्यम से रंगोली आसानी से व कम समय में बनाई जा सकती है। सूखे फूलों के रंग व पंखुड़ियां भी विभिन्न रंगों में रंगी हुई बाजार में उपलब्ध हैं, जिससे रंगोली में चार चांद लगाए जा सकते हैं। विभिन्न आकार व आकृति के रंगोली सांचों के अलावा विशेष प्रकार के रंग व गुलाल भी मिल रहे हैं जो पर्यावरण फ्रेंडली होने के साथ दोबारा उपयोग में लाए जा सकने वाले होते हैं। इसके साथ ही लकड़ी का बुरादा व रंगीन चावल भी बाजार में उपलब्ध हैं। रंगोली के सांचे व रंग इस समय बाजार में 75-80 रुपये से लेकर 500 रुपए तक है। रोहिणी में रंगोली के सांचे व फ्रेम के विक्रेता रूपेश कुमार का कहना है कि लोग इसे काफी पसंद कर रहे हैं और इसकी मांग बढ़ रही है। रंगोली बनाने के कुछ विशेष तरीकों की जानकारी यहां दी गई जिससे आप मदद ले सकते हैं।
मांडना है पारंपरिक रंगोली : पुराने समय में गांवों में लोग मिट्टी और आटे के लेप से लीपे घरों में मांडना की आकृतियां बनाते थे। इसके लिए चावल के आटे को घोलकर इन्हें बनाया जाता था। दीपावली में इसकी सजावट घरों को अलग तरह की खूबसूरती देती है।
फूलों की रंगोली : ज्यादातर घरों में फूलों की रंगोली ही बनाई जाती है, जिसे बनाने में ज्यादा वक्त भी नहीं लगता और यह देखने में बहुत ही सुंदर लगती है। इसमें दो-तीन तरह के फूलों का प्रयोग किया जाता है।
ऑयल पेंट से बनाएं रंगोली : नई चीजों का शौक रखते हैं तो ऑयल पेंट का इस्तेमाल करके बहुत ही सुंदर रंगोली बनाई जा सकती है। यह लंबे समय तक टिकी भी रहती है और फेस्टिव मूड बना रहता है। बाजार में मिलने वाले सांचों की मदद से रंगों के साथ रंगोली बनाना काफी आसान होता है। इससे कम समय में ही और कम मेहनत के खूबसूरत सी रंगोली सजाई जा सकती है।
मसालों से बनाएं रंगोली : दीपावली की सजावट और पूजा की तैयारी में टाइम नहीं मिल सका है तो रंग उपलब्ध न हों और किचन में मौजूद चीजों से भी रंगोली तैयार की जा सकती है। इसमें दाल, चावल और मसालों के इस्तेमाल से रंग-बिरंगी रंगोली तैयार कर सकते हैं।