Move to Jagran APP

अनिल दुजाना-रणदीप भाटी गैंग का शार्प शूटर गिरफ्तार

अनिल दुजाना-रणदीप भाटी गैंग के शार्प शूटर को दिल्ली की स्पेशल सेल ने तमिलनाडु के वेल्लोर से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया शार्प शूटर गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी के आजाद विहार का रहने वाला अरविद कुमार है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। दिल्ली और यूपी पुलिस को 11 मामलों में उसकी तलाश थी।

By JagranEdited By: Updated: Fri, 03 May 2019 09:04 PM (IST)
Hero Image
अनिल दुजाना-रणदीप भाटी गैंग का शार्प शूटर गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अनिल दुजाना-रणदीप भाटी गैंग के शार्प शूटर को तमिलनाडु के वेल्लोर से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान अरविंद कुमार के रूप में हुई है। वह गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी के आजाद विहार का रहने वाला है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। दिल्ली और उत्तर प्रदेश पुलिस को 11 मामलों में उसकी तलाश थी।

डीसीपी प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि हत्या के प्रयास के एक मामले में अशोक नगर थाना पुलिस को अरविद की तलाश थी। अशोक नगर में अरविद और उसके साथियों ने संदीप नागर को गोलियां मारी थीं। वर्ष 2013 में अनिल दुजाना गैंग के बदमाशों ने चमन भाटी की हत्या गौतमबुद्ध नगर के दनकौर थाना क्षेत्र में की थी। संदीप नागर चमन भाटी का भतीजा है। हत्या के मामले में संदीप के चश्मदीद गवाह होने के कारण उसकी हत्या का प्रयास किया गया था। इस मामले में अरविद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसीपी अतर सिंह के निर्देशन में इंस्पेक्टर शिव कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम को सूचना मिली कि अरविद इस समय तमिलनाडु के वेल्लोर में छिपा है। सब इंस्पेक्टर जितेंद्र के नेतृत्व में एक टीम को वेल्लोर रवाना किया गया। वहां जानकारी जुटाने के बाद अरविद को वेल्लोर किले के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में अरविद ने बताया कि पिछले सात साल से अपराध की दुनिया में है। इस दौरान वह हत्या, हत्या के प्रयास सहित 11 मामलों में शामिल रहा है। वर्ष 2013 में अरविद ने अपने साथी के साथ मिलकर रंजिश के चलते संतोष गुप्ता की हत्या की थी। इस मामले में वह दो वर्ष जेल में रहा। जमानत पर आने के बाद वह अनिल दुजाना-रणदीप भाटी गैंग से जुड़ गया। पिछले पांच साल से वह गैंग के लिए काम कर रहा था। संदीप नागर को मारने के लिए अरविद ने दो लाख रुपये की सुपारी ली थी। अशोक नगर में संदीप पर गोलियां चलाने के बाद अरविद साथियों के साथ अलीगढ़ की तरफ भाग रहा था। इस दौरान टप्पल में बचने के लिए उसने उत्तर प्रदेश के पुलिसकर्मियों पर फायरिग भी की थी।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।