Move to Jagran APP

प्रेमी के साथ मिलकर मां ने अपने ही बेटे की हत्या कर शव नाली में फेंका, 3 गिरफ्तार

खजूरी खास इलाके में पांच साल के बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला और उसके प्रेमी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Sun, 24 Nov 2019 01:42 PM (IST)
Hero Image
प्रेमी के साथ मिलकर मां ने अपने ही बेटे की हत्या कर शव नाली में फेंका, 3 गिरफ्तार
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। खजूरी खास इलाके में पांच साल के बच्चे की हत्या के मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या मासूम की मां ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर की। पुलिस ने आरोपित मां, उसके प्रेमी और प्रेमी के जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों की पहचान मैनपुरी, उप्र निवासी धीरज (22), फरुखाबाद, उप्र निवासी प्रियंका (22) और प्रदीप शर्मा (27) के रूप में हुई है।

बुधवार रात को प्रियंका के प्रेमी धीरज ने मासूम विभु (5) की पिटाई कर दी थी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। यह देखकर अस्पताल ले जाने की बजाय अपने प्रेमी के प्रेम में अंधी प्रियंका ने बेटे का गला घोंट दिया। बाद में देर रात को प्रदीप की ईको कार से धीरज व प्रियंका ने शव को नाले में फेंक दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ईको कार भी बरामद कर ली है। प्रदीप धीरज का जीजा है।

पुलिस उपायुक्त वेद प्रकाश सूर्या ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे पुलिस को खजूरी पुश्ते पर नाले से प्लास्टिक के बोरे में मासूम का शव मिला था। पुलिस ने हत्या व सुबूत मिटाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच के लिए एसीपी (ऑपरेशन) मनोज दीक्षित की देखरेख में स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर विनय यादव व खजूरी थाने के इंस्पेक्टर रजनीकांत और अन्य की टीम गठित की गई।

जांच के दौरान सीसीटीवी में एक ईको वैन पुलिस को दिखाई दी। वैन में एक महिला व दो युवक शव को नाले में फेंकते हुए दिखे। फुटेज काफी धुंधली थी, उससे महिला व आरोपितों की पहचान नहीं हो पा रही थी। ईको कार के शीशे पर हंिदूी में कुछ लिखा था। उसके आधार पर पुलिस ने करीब दो सौ ईको वैन की जांच की, लेकिन उसका पता नहीं चला। शुक्रवार देर रात दयालपुर में पुलिस ने उक्त ईको वैन को ढूंढ निकाला। वैन मालिक प्रदीप शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो वह टूट गया। उसने सारी हकीकत पुलिस को बता दी। प्रदीप ने बताया कि वारदात वाले दिन प्रियंका व धीरज उसके साथ थे। बच्चा प्रियंका का पांच साल का बेटा विभु था।

पुलिस ने फौरन धीरज व प्रियंका को हिरासत में ले लिया। प्रियंका ने बताया कि करीब छह साल पहले उसकी शादी जयबीर नामक शख्स से हुई थी। जयबीर से उसके तीन बच्चे हुए। जयबीर उसे शराब पीकर पीटता था। दो साल पहले उसने जयबीर को छोड़ दिया था और हलवाई का काम करने वाले धीरज के साथ लिव-इन में रहने लगी थी। प्रियंका के बच्चे धीरज को पसंद नहीं थे। वह उनको पीटता था। घटना वाले दिन दयालपुर स्थित कमरे पर देर रात को धीरज ने उसके पांच साल के बेटे विभु की पिटाई की तो वह बेहोश हो गया। उसके सांसे अटक-अटककर चलने लगी।

यह देखकर प्रियंका ने बेटे का गला घोंट दिया। धीरज अपने जीजा प्रदीप के पास हलवाई का काम करता था। उसने रात को प्रदीप को फोन कर सारी बात बता दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए प्रदीप ईको वैन लेकर आ गया। आधी रात को तीनों ने मिलकर विभु के शव को बोरे में नाले में फेंक दिया। अब प्रियंका का एक तीन साल का बेटा बचा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्चे के पिता जयबीर को बुलाया गया है। बच्चे को उनके हवाले किया जाएगा।

दिल्‍ली-एनसीआर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्‍लिक

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।