Move to Jagran APP

खतरे के निशान से 1.22 मीटर ऊपर बह रही यमुना

-यमुना का जलस्तर 206.05 मीटर तक पहुंचा -हथनी कुंड बैराज से अब कम आ रहा पानी फोटो-31

By JagranEdited By: Updated: Tue, 31 Jul 2018 09:46 PM (IST)
Hero Image
खतरे के निशान से 1.22 मीटर ऊपर बह रही यमुना

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :

यमुना में लगातार चौथे दिन जलस्तर बढ़ने का सिलसिला जारी रहा। इस वजह से मंगलवार को यमुना का जलस्तर 206.05 मीटर तक पहुंच गया और वह खतरे के निशान से 1.22 मीटर ऊपर बह रही है। इस कारण लोहे के पुल से वाहनों व रेलवे का आवागमन बंद कर दिया गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि हरियाणा के हथनी कुंड बैराज से पानी अब कम छोड़ा जा रहा है। इसलिए दोपहर से यमुना का जलस्तर स्थिर बना हुआ है।

उल्लेखनीय है कि पहले हथनी कुंड बैराज से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली सरकार के सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण विभाग ने मंगलवार को यमुना का जलस्तर 206.50 मीटर तक बढ़ने की चेतावनी जारी की थी, लेकिन जलस्तर 206.05 मीटर पर पहुंचकर स्थिर हो गया है। विभाग के अनुसार हथनी कुंड में यमुना का जलस्तर कम हुआ है। इसलिए वहां से पानी पहले के मुकाबले बहुत कम छुट रहा है। रात आठ बजे 28126 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। वहीं 24 घंटे कुल 42,947 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे पहले सोमवार को कुल 2,41,656 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। इस तरह यमुना में अब पानी आना कम हो गया है। विभाग का कहना है कि मौजूदा हालात को देखते हुए यमुना का जलस्तर अभी स्थिर रहेगा। एक-दो दिनों में उसमें गिरावट हो सकती है। यमुना में उफान के कारण अब तक करीब 10 हजार परिवारों को झुग्गियों से हटाया गया है। उन लोगों के आश्रय के लिए करीब 1149 टेंट लगाए गए हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।