Move to Jagran APP

खत्म हुई ‘पहले मुर्गी आई या अंडे’ पर बहस, वैज्ञानिकों ने ढूंढ निकाला इस टेढ़े सवाल का जवाब!

बचपन से हम सभी एक सवाल सुनकर बड़े हुए कि पहले मुर्गी आई या अंडा (What Came First the Chicken or the Egg)? आज तक कई लोग इस पेचीदा सवाल का जवाब खोज रहे हैं। कोई कहता है पहले मुर्गी आई तो किसी का मानना है कि पहले अंडा आया। इसी बीच अब साइंटिस्ट ने खुद इस सवाल का जवाब देकर इस बहस को खत्म कर दिया है।

By Harshita Saxena Edited By: Harshita Saxena Updated: Wed, 23 Oct 2024 04:58 PM (IST)
Hero Image
पहले मुर्गी आई या अंडा, जानें सही जवाब (Picture Credit- Freepik)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। पहले मुर्गी आई या अंडा (What Came First the Chicken or the Egg) कई साल से लोग इस सवाल का जवाब तलाश रहे हैं और लोग अपनी-अपनी समझ और गणित के हिसाब से इसका जवाब देते हैं। कुछ लोगों का मानना है कि पहले मुर्गी आई, तो वहीं कुछ लोगों के मुताबिक पहले अंडा आया। हालांकि, इसे लेकर बहस आज भी जारी है। इसका जवाब खोजने के लिए लिए मुर्गियों के इतिहास और उनकी उत्पत्ति के बारे में जानना होगा। ऐसे में इस इतिहास के बारे में जानने के बाद आखिरकार खुद साइंस ने इस सवाल का जवाब दिया है। आइए जानते हैं धरती पर पहले मुर्गी आई या अंडा?

क्या है अंडा और कैसे आया?

अगर बात अंडे की करें, तो मोटे तौर पर कई पशु-पक्षी अंडे देते हैं। अंडे एक मेंब्रेन बाउंड कंटेनर है, जिसमें एक भ्रूण एक स्वतंत्र प्राणी के रूप में विकसित हो सकता है। पहली बार अंडे एमनियोट्स के विकास के साथ कई लाख साल पहले अस्तित्व में आए। एमनियोट्स के आने से पहले, ज्यादातर जानवर पानी में रिप्रोडक्शन करते थे। वह अपने अंडे तालाबों और अन्य नम जगहों पर रखते थे, ताकि उन्हें सूखने से बचाया जा सके।

यह भी पढ़ें-  क्यों हर ट्रक के पीछे लिखा होता है 'Horn OK Please', आज जान लीजिए इसका असली मतलब

क्या है एमनियोट्स?

एमनियोट्स एक नए प्रकार का अंडा था, जिसमें पहले के अंडों की विपरीत अंदर तीन और झिल्लियां थीं- कोरियोन, एमनियन और एलांटोइस। हर एक झिल्ली का अपना खास काम होता है, लेकिन जब ये तीनों एक साथ मिलती है, जो अंडे के अंदर मौजूद जीव को विकसित होने में मदद करती है। अंडे में हुए इसी बदलाव ने जानवरों के लिए जमीन पर अपने अंडे देना संभव किया।

कैसे हुआ पहली मुर्गी का जन्म

ऑस्ट्रेलियन एकेडमी ऑफ साइंस के अनुसार, सबसे पहला चिकन दो प्रोटो-चिकन से प्रोड्यूस हुए जाइगोट (zygote) में होने वाले जेनेटिक म्यूटेशन के कारण उत्पन्न हुआ होगा। दो प्रोटो-चिकन ने अपने डीएनए को मिलाकर पहली मुर्गी की सेल बनाई। इस प्रक्रिया के दौरान हर एक सेल में म्यूटेशन हुआ, जिसके परिणामस्वरूप पहली मुर्गी का जन्म हुआ।

अंडा पहले आया या मुर्गा

शोध के अनुसार, एमनियोटिक अंडों की शुरुआत लगभग 340 मिलियन वर्ष पहले हुई थी और धरती पर मुर्गियां लगभग 58,000 साल पहले विकसित हुईं। ऐसे में यह दावा करना सही है कि अंडा धरती पर पहले आया था, भले ही वह मुर्गी का नहीं, किसी अन्य जीव का अंडा था। एमनियोटिक अंडे मुर्गियों के धरती पर आने के बहुत पहले अस्तित्व में थे, जो विभिन्न जानवरों के भ्रूण को विकसित होने के लिए आवश्यक वातावरण प्रदान करते थे।

आसान भाषा में समझें

पहले मुर्गी आई या अंडा- इस सवाल में हम अक्सर अंडे को मुर्गी का अंडा समझते हैं। हालांकि, वैज्ञानिकों की इस थ्योरी में मुर्गी और अंडे पर रिसर्च किया गया है, भले ही वह अंडा किसी भी जीव का हो। इस थ्योरी के मुताबिक कई लाख साल पहले दूसरे जीवों ने धरती पर अंडे देने शुरू कर दिए थे और तब मुर्गियों का कोई अस्तित्व भी नहीं था। धरती पर अंडे (किसी भी जीव के) आने के कई साल बाद मुर्गियों की प्रजाति आई और इसलिए धरती पर पहले अंडा आया और फिर मुर्गी।

यह भी पढ़ें-  क्यों तिब्बत के पठारों के ऊपर से नहीं उड़ता हवाई जहाज? यहां पढ़ें इसकी वजह