Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Minister Vinod Singh Death News: नीतीश कैबिनेट में मंत्री विनोद कुमार सिंह का निधन, दिल्ली के अस्पताल में थे भर्ती

Minister Vinod Singh Death News नीतीश कैबिनेट में पिछड़ा और अति पिछड़ा कल्याण मंत्री थे। उन्‍हें कोरोना भी हुआ था। ब्रेन हेमरेज के बाद एयर एंबुलेेंस से दिल्‍ली ले जाया गया। जेपी नड्डा सीएम नीतीश कुमार डिप्‍टी सीएम सुशील मोदी सहित कई नेताओं ने गहरा शोक जताया।

By Sumita JaiswalEdited By: Updated: Mon, 12 Oct 2020 03:41 PM (IST)
Hero Image
नीतीश सरकार में मंत्री रहे विनोद सिंह की फाइल फोटो।

पटना, राज्य ब्यूरो। Minister Vinod Singh Death News:  नीतीश कैबिनेट के मंत्री व कटिहार के प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक विनोद कुमार सिंह का 12 अक्‍टूबर , सोमवार सुबह नई दिल्ली में निधन हो गया है। उन्होंने दिल्ली के मेदांता अस्तपताल में दोपहर करीब 12 बजे अंतिम सांस ली। विनोद कुमार सिंह ब्रेन हेमरेज के बाद  कोमा में चले गए थे। डाक्टर उन्हें बचाने का प्रयास कर रहे थे मगर बचा नही सके। उनके निधन पर भाजपा  के  राष्‍ट्रीय  अध्‍यक्ष जेपी नड्डा,  बिहार के सीएम  नीतीश कुमार,डिप्‍टी  सीएम सुशील कुमार माेदी  सहित कई  नेताअों  ने गहरा दुख जताया  है।

बता दें कि  विनोद सिंह को 14 अगस्त की रात ब्रेन हेमरेज हुआ था। उन्हें पहले कटिहार के अस्पताल में ले जाया गया। 16 अगस्त को पटना के रूबन अस्पताल में भर्ती किया गया था। मगर हालत बिगड़ने पर 17 अगस्त को एयर एंबुलेस से दिल्ली लाया गया। वहां से मेदांता में भर्ती किया गया था। उनकी हालत लगातार खराब बनी हुई थी। पहले उन्हें आइसीयू में रखा गया, कुछ दिन बाद जब स्थित में सुधार दिखा तो प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। इधर दो तीन दिन से उनकी हालत खराब होने लगी थी। जिसके चलते उन्हें फिर आइसीसू में रखा गया गया था।

कोरोना ने  भाजपा के दूसरे  बड़े नेता  को लील लिया

विनोद कुमार सिंह कटिहार के प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के विधायक थे। नीतीश कैबिनेट में पिछड़ा और अति पिछड़ा कल्याण मंत्री थे। बता दें कि ब्रेन हेमरेज के पहले मंत्री कोरोना संक्रमित हुए थे। 28 जून को आई रिपोर्ट में कैबिनेट मंत्री तथा उनकी पत्नी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। बाद में दोनों की रिपोर्ट नेगेटिव आ गई थी।। कोरोना ने बिहार भाजपा के दूसरे बड़े नेता को काल ग्रास बना दिया। इससे पहले भाजपा के विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह का निधन हो गया था।

उनकी पत्‍नी को मिला है टिकट

 पिछड़ा व अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री सह प्राणपुर विधायक विनोद सिंह लंबे समय से गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। ब्रेन हेमरेज के कारण दो माह पूर्व अगस्‍त में उन्हें मेदांता में भर्ती कराया गया था। इस बार विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उनकी पत्नी निशा सिंह को टिकट दिया है।

उनका राजनीतिक सफर

विनोद सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुवात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की। बंगलादेशी घुसपैठ विरोधी आंदोलन में भी सक्रिय रहे। पहली बार 1995 में बीजेपी के टिकट पर प्राणपुर से चुनाव लड़ा। लेकिन वे चुनाव हार गए। 2000 के विस् चुनाव में पहली बार विधयाक बने। 2005 और 2010 विस् चुनाव में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2015 में प्राणपुर से पुनः विधायक निर्वाचित हुए। महागठबंधन से जदयू के अलग होने तथा बीजेपी के साथ एनडीए सरकार बनने पर खनन व भूतत्व मंत्री बनाये गए। मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद उन्हें पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री बनाया गया। बिनोद सिंह मूलरूप से मनसाही प्रखण्ड के बड़ी बथना गांव के रहने वाले थे। 

राजकीय सम्‍मान से होगा अंतिम संस्‍कार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री विनोद कुमार सिंह के असामयिक निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि विनोद कुमार सिंह जमीन से जुड़े राजनेता थे। वे कैबिनेट में मेरे सहयोगी थे। कुशल प्रशासक एवं लोकप्रिय राजनेता थे। उनके असामयिक निधन से मुझे व्यक्तिगत रूप से दु:ख पहुंचा है। कोविड काल के लिए वर्तमान में लागू दिशा-निर्देश के तहत राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

विनोद सिंह के निधन पर नेताओं ने जताया शोक

भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि बिहार भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और राज्‍य सरकार में मंत्री  विनोद सिंह के निधन की दुखद सूचना प्राप्‍त हुई। जनता की सेवा और संगठन के प्रति उनके समर्पण सदैव याद किया जाएगा। उनका निधन भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके परिजनों और समर्थकों के प्र‍ति गहरी संवेदना व्‍यक्‍त करता हूं।

 उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने मंत्री विनोद सिंह के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने  सिंह के परिजनों के प्रति आत्मिक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके तमाम शुभचिंतकों,समर्थकों को दुख की इस घड़ी में धैर्य व दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और गिरिराज सिंह ने भी शोक जताया है।

कृषि मंत्री प्रेम कुमार ने ट्वीट कर विनोद सिंह के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने लिखा है कि बिहार सरकार के मंत्री व प्राणपुर के विधायक विनोद कुमार सिंह जी के निधन की खबर व्यथित कर देने वाली है। पिछड़े-अतिपिछड़े समाज के विकास के लिए उनके द्वारा किये गए काम हमेशा याद किये जायेंगे। उन्‍हें नमन।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें