Move to Jagran APP

Assembly Election 2019: देर से निकले वोटर, हरियाणा में 65 तो महाराष्ट्र में 63 फीसद मतदान

हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को हुए मतदान की रफ्तार शुरुआत में बेहद धीमी रही लेकिन शाम तक यह संतोषजनक स्थिति तक पहुंच गई।

By Arun Kumar SinghEdited By: Updated: Mon, 21 Oct 2019 10:32 PM (IST)
Hero Image
Assembly Election 2019: देर से निकले वोटर, हरियाणा में 65 तो महाराष्ट्र में 63 फीसद मतदान

जेएनएन, नई दिल्ली। हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को हुए मतदान की रफ्तार शुरुआत में बेहद धीमी रही, लेकिन शाम तक यह संतोषजनक स्थिति तक पहुंच गई। हरियाणा में 65 फीसद लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया तो महाराष्ट्र में 63 फीसद मतदाताओं ने वोट डाले। नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ के चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में 77 फीसद वोट पड़े। उत्तर प्रदेश समेत 18 राज्यों की विधानसभा की 51 और लोकसभा की दो सीटों के लिए उपचुनाव में भी वोट डाले गए। 24 अक्टूबर को मतगणना होगी।

भाजपा शासित हरियाणा में मतदान के प्रति लोगों का रूझान कम रहा। 2014 के विधानसभा चुनावों में 76. 54 फीसद लोगों ने वोट डाले थे। कुछ माह पूर्व हुए लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत 70.35 रहा था। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने पिछली बार 48 सीटों पर जीत हासिल की थी। महाराष्ट्र में स्थिति पिछले विधानसभा चुनाव जैसी है। शहर की बजाय ग्रामीण मतदाताओं में उत्साह ज्यादा दिखा। राज्य की 288 सीटों के लिए हो रहे चुनाव में भाजपा 150 और शिवसेना 124 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस 147 और राकांपा 121 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

लखनऊ कैंट में सिर्फ 28.53 फीसद मतदान

उत्तर प्रदेश विधानसभा की 11 सीटों के लिए हुए उपचुनाव में 47.05 फीसद मतदान हुआ। सहारनपुर की गंगोह सीट पर सर्वाधिक 60.30, जबकि लखनऊ कैंट में सबसे कम 28.53 प्रतिशत मतदान हुआ। छत्तीसगढ़ में बस्तर जिले की चित्रकोट विधानसभा सीट पर करीब 77.40 फीसद मतदाताओं ने वोट दिया। यह आंकड़ा अभी बढ़ सकता है। मध्यप्रदेश के झाबुआ में 62.01 फीसद मतदान हुआ। 2018 के विधानसभा चुनाव में यहां मतदान प्रतिशत 64.45 रहा था। राजस्थान में नागौर की खींवसर सीट पर 62.61 और झुंझुनूं की मंडावा सीट पर 69.62 लोगों ने वोट डाले।

बिहार में पांच विधानसभा और एक लोकसभा सीटों पर उपचुनाव में मतदान हुआ। समस्तीपुर लोकसभा सीट पर महज 45 फीसद मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि विधानसभा की पांच सीटों पर हुए उपचुनाव में करीब 50 फीसद वोट पड़े। ओडिशा के बीजेपुर में 72 फीसद मतदान हुआ। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के छोड़ देने के कारण यह सीट खाली हुई थी।

सिक्किम में तीन सीटों पर हुए उपचुनाव में 68.37 फीसद मतदान हुआ। पंजाब की चार सीटों फगवाड़ा, जलालाबाद, दाखा और मुकेरियां में औसतन 60 फीसद से अधिक मतदान हुआ। गुजरात की छह सीटों पर हुए उपचुनाव में औसतन 53.55 फीसद लोगों ने वोट डाले। राज्य की थराद में 68.95 फीसद और अहमदाबाद के अमराईवाड़ी में 31.53 फीसद मतदान हुआ है।