Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Assembly Election Result 2023: छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश को लेकर गलत साबित हुए अधिकांश एक्जिट पोल, चौंकाने वाले रहे नतीजे

इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने अपने एक्जिट पोल में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत के साथ 46 से 56 सीटें और भाजपा को 30 से 40 के बीच सीटें मिलने का अनुमान लगाया था। न्यूज 24-टुडेज चाणक्य का सर्वेक्षण भी छत्तीसगढ़ को लेकर सही साबित नहीं हुआ। उसने कांग्रेस द्वारा 57 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल करने की भविष्यवाणी की थी जबकि भाजपा को 33 सीटें मिलने की बात कही गई थी।

By Mohammad SameerEdited By: Mohammad SameerUpdated: Mon, 04 Dec 2023 04:23 AM (IST)
Hero Image
गलत साबित हुए अधिकांश एक्जिट पोल, चौंकाने वाले रहे नतीजे

पीटीआई, नई दिल्ली। रविवार को आए विधानसभा चुनावों के नतीजे चौंकाने वाले रहे। छत्तीसगढ़ को लेकर तो अधिकांश एक्जिट पोल गलत साबित हुए। यही नहीं, मध्य प्रदेश को लेकर भी अधिकतर सर्वेक्षण सही साबित नहीं हुए। केवल इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया, टुडेज चाणक्य और इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने मध्य प्रदेश में भाजपा की बड़ी जीत की भविष्यवाणी की थी, जो सही साबित हुई।

हालांकि कई सर्वेक्षणकर्ताओं ने तेलंगाना और राजस्थान चुनावों के लिए जो भविष्यवाणी की थी, वह सही साबित हुई। चुनाव आयोग के अनुसार, जहां 90 सदस्यीय छत्तीसगढ़ विधानसभा में भाजपा को 54 सीटें और कांग्रेस को 35 सीटें मिलने का अनुमान है, वहीं 199 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा में भाजपा को 115 सीटें और कांग्रेस को 69 सीटें मिली हैं। 230 सदस्यीय मध्य प्रदेश विधानसभा में भाजपा 165 और कांग्रेस 64 सीटें जीतने जा रही है।

119 सदस्यीय तेलंगाना विधानसभा में कांग्रेस 64 सीटें, बीआरएस 39 और भाजपा आठ सीटें जीतने की ओर अग्रसर है।मध्य प्रदेश को लेकर इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने एक्जिट पोल में कहा था कि भाजपा 140 से 162 के बीच सीटें जीतने जा रही है जबकि कांग्रेस को 68 से लेकर 90 सीटें मिलनी की उम्मीद है। इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने भी अपने सर्वेक्षण में भाजपा की भारी जीत की भविष्यवाणी की थी।

उसके एक्जिट पोल में भाजपा को 140 से 159 के बीच और कांग्रेस को 70 से 89 सीटों के बीच मिलने की भविष्यवाणी की गई थी। टुडेज चाणक्य ने भी अपने एक्जिट पोल में भाजपा को करीब 163 सीटें मिलने बात कही थी। उसने सर्वेक्षण में कांग्रेस को 62 से 86 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की थी। जन की बात एग्जिट पोल ने भविष्यवाणी की थी कि भाजपा को 100 से 123 सीटें और कांग्रेस को 102 से 125 के बीच सीटें मिलेंगी।

रिपब्लिक टीवी-मैट्रिज ने भगवा पार्टी को 118 से 130 सीटें और कांग्रेस को 97 से 107 सीटें दी थीं। टीवी 9 भारतवर्ष-पोलस्ट्रैट ने कहा था कि भाजपा को 106 से 116 सीटें मिलेंगी और कांग्रेस को 111 से 121 के बीच। टाइम्स नाउ-ईटीजी ने भाजपा को 105 से 117 सीटें और कांग्रेस को 109 से 125 सीटें दी थीं। जिस्ट-टीआइएफ-एनएआइ ने कहा था कि 2018 की तरह ही मध्य प्रदेश में कांग्रेस को बढ़त मिलने वाली है।

उसने भाजपा की 102 से 119 सीटों के मुकाबले कांग्रेस को 107 से 124 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की थी।छत्तीसगढ़ के लिए एबीपी न्यूज-सी वोटर ने 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के लिए 41 से 53 सीटें और भाजपा के लिए 36 से 48 सीटों की भविष्यवाणी की थी। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने कांग्रेस को 40 से 50 सीटें और भाजपा को 36 से 46 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की थी।

छत्तीसगढ़ को लेकर सही साबित नहीं हुआ सर्वेक्षण

इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने अपने एक्जिट पोल में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत के साथ 46 से 56 सीटें और भाजपा को 30 से 40 के बीच सीटें मिलने का अनुमान लगाया था। न्यूज 24-टुडेज चाणक्य का सर्वेक्षण भी छत्तीसगढ़ को लेकर सही साबित नहीं हुआ। उसने कांग्रेस द्वारा 57 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल करने की भविष्यवाणी की थी जबकि भाजपा को 33 सीटें मिलने की बात कही गई थी। जन की बात के मुताबिक भाजपा को 34 से 45 और कांग्रेस को 42 से 53 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की गई थी।

राजस्थान में इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने कांटे की टक्कर का संकेत देते हुए 199 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को 86 से 106 सीटें, भाजपा को 80 से 100 सीटें और अन्य को नौ से 18 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था। जन की बात ने भविष्यवाणी की थी कि भगवा पार्टी को 100 से 122 सीटें और कांग्रेस को 62 से 85 सीटें मिलेंगी। टीवी9 भारतवर्ष-पोलस्ट्रैट ने राजस्थान में भाजपा को 100 से 110 सीटें और कांग्रेस को 90 से 100 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की थी।

टाइम्स नाउ-ईटीजी ने रेगिस्तानी राज्य में भाजपा को 108 से 128 सीटें और कांग्रेस के लिए 56 से 72 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की थी। टुडेज चाणक्य ने कांग्रेस को साधारण बहुमत देते हुए यह अनुमान लगाया कि उसे भाजपा की 89 सीटों के मुकाबले 101 सीटें मिलेंगी, यह गलत साबित हुआ।

इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने कांग्रेस की सीटों की संख्या 94 से 104 और भाजपा की 80 से 90 बताई थी। रिपब्लिक टीवी-मैट्रिज ने भाजपा को 115 से 130 सीटें और कांग्रेस को 65 से 75 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की थी। पी-एमएआरक्यू सर्वेक्षणकर्ताओं ने भाजपा को 105 से 125 सीटें और कांग्रेस को 69 से 91 सीटें दी थीं। जिस्ट-टीआइएफ-एनएआइ ने भविष्यवाणी की थी कि राजस्थान में सरकार बदलाव की परंपरा जारी रहेगी और भाजपा को 110 और कांग्रेस को 70 सीटें मिलने जा रही हैं।

यह भी पढ़ेंः Russia Ukraine War: रूस ने यूक्रेन के खेरसॉन पर फिर किया हमला, आवासीय इमारत को बनाया निशाना; दो की मौत