Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Election 2024: फिर मोदी मैजिक भुनाने की तैयारी में भाजपा, हरियाणा की सभी सीटें जीतने के इरादे से चुनावी मैदान में पार्टी

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच लोकसभा चुनाव को लेकर गठबंधन हो चुका है। आप के हिस्से कुरुक्षेत्र की एक लोकसभा सीट आई है जिस पर आप के प्रदेश अध्यक्ष एवं निवर्तमान राज्यसभा सदस्य डा. सुशील गुप्ता चुनाव लड़ेंगे। बाकी नौ लोकसभा सीटों पर कांग्रेस ताल ठोंकने वाली है। राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा का रोहतक से चुनाव लड़ना तय है।

By Jagran News Edited By: Amit Singh Updated: Sat, 02 Mar 2024 11:33 AM (IST)
Hero Image
कांग्रेस के दिग्गजों का लोकसभा चुनाव से किनारा।

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा एक बार फिर सभी 10 लोकसभा सीटों को जीतने के इरादे से चुनाव मैदान में उतर पड़ी है। भाजपा जहां कुछ सांसदों के टिकट में बदलाव कर सकती है। वहीं, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव समेत कई बड़े चेहरे हरियाणा में लोकसभा चुनाव लड़ते नजर आ सकते हैं। वहीं, कांग्रेस की तैयारी नहीं के बराबर है। कांग्रेस के जितने भी बड़े चेहरे हैं, उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ने में अधिक रुचि नहीं दिखाई है।

गुरुग्राम लोकसभा सीट से केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत और फरीदाबाद लोकसभा सीट से केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर सांसद हैं। सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक, सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल और भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह समेत कुछ और सांसद विधानसभा चुनाव लड़ने का इरादा रखते हैं। कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी को हाल ही में भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा है। ऐसे में भाजपा यदि नए चेहरों पर दांव खेले तो हैरानी नहीं होगी।

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव का हरियाणा से लोकसभा चुनाव लड़ना लगभग तय माना जा रहा है। भाजपा के पैनल में उनका नाम भिवानी-महेंद्रगढ़ और गुरुग्राम लोकसभा सीट दोनों में बना हुआ है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य एवं पूर्व सांसद डा. सुधा यादव को भी पार्टी चुनाव लड़वा सकती है। हिसार के पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई भी टिकट के दावेदारों में शामिल हैं। सोनीपत व रोहतक लोकसभा सीटों से अंतरराष्ट्रीय पहलवान योगेश्वर दत्त का नाम चल रहा है।

ये भी पढ़ें:

‘गुमनाम पत्र’ और पवार की तीन पीढ़ियों का झगड़ा, बारामती में राजनीतिक उत्तराधिकार की दिलचस्प लड़ाई

कांग्रेस के दिग्गजों का लोकसभा चुनाव से किनारा

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच लोकसभा चुनाव को लेकर गठबंधन हो चुका है। आप के हिस्से कुरुक्षेत्र की एक लोकसभा सीट आई है, जिस पर आप के प्रदेश अध्यक्ष एवं निवर्तमान राज्यसभा सदस्य डा. सुशील गुप्ता चुनाव लड़ेंगे। बाकी नौ लोकसभा सीटों पर कांग्रेस ताल ठोंकने वाली है। राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा का रोहतक से चुनाव लड़ना तय है।

कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के नाम सिरसा व अंबाला लोकसभा सीटों से पैनल में रखे हैं। रणदीप सुरजेवाला, किरण चौधरी, कैप्टन अजय यादव और भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने लोकसभा चुनाव के लिए आवेदन नहीं किया है। कांग्रेस के दिग्गजों में जबरदस्त गुटबाजी है। ऐसे में पार्टी के लिए सभी को एकजुट रखना चुनौती होगी।

भाजपा से दो लोकसभा सीटें मांग रही जजपा

हरियाणा में भाजपा का जननायक जनता पार्टी (जजपा) के साथ गठबंधन है। जेजेपी हिसार और भिवानी दो लोकसभा सीटें भाजपा से मांग रही है, हालांकि भाजपा की ओर से इसकी संभावना कम है। ऐसे में जजपा का स्वयं चुनाव लड़ना किसी चुनौती से कम नहीं है। हालांकि जेजेपी और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) का पूरा फोकस लोकसभा की बजाय विधानसभा चुनाव पर है।

ये भी पढ़ें:

बिखरा विपक्ष, भाजपा का ‘क्लीन स्वीप’ का लक्ष्य; फेल हो चुके सपा-कांग्रेस गठबंधन से चमत्कार की संभावना बेहद कम