Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'कांग्रेस को अपनों पर भरोसा नहीं...', उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने Congress पार्टी के लिए क्‍यों कही ये बात; पढ़िए खास बातचीत

Arun Sao Exclusive Interview मध्य प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि पार्टी को अपने नेताओं पर ही भरोसा नहीं है। इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का इस बार छत्तीसगढ़ में खाता भी नहीं खुलेगा। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार की 100 दिन की उपलब्धियां भी गिनाईं। पढ़ें जागरण नेटवर्क के साथ उनकी विशेष बातचीत।

By Jagran News Edited By: Sachin Pandey Updated: Thu, 04 Apr 2024 05:29 PM (IST)
Hero Image
Lok Sabha Election 2024: अरुण साव 2019 के लोकसभा चुनाव में बिलासपुर से सांसद चुने गए थे।

संदीप तिवारी, रायपुर। Lok Sabha Election 2024: छत्तीसगढ़ में भाजपा के दिग्गज नेता और वर्तमान में लोरमी से विधायक अरुण साव प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इससे पहले वह भाजपा छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

बता दें कि अरुण साव संघ पृष्ठभूमि से आते हैं। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में वह बिलासपुर लोकसभा से सांसद भी चुने गए थे। उनका मानना है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस बहुत बुरी स्थिति में है और पार्टी को अपने ही लोगों पर भरोसा नहीं है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव से विशेष बातचीत की है जागरण नेटवर्क के संदीप तिवारी ने। पेश है साक्षात्कार के प्रमुख अंश:-

प्रश्न- विधानसभा और लोकसभा चुनाव में किस तरह अंतर पाते हैं ?

उत्तर- भाजपा हर चुनाव को गंभीरता से लेती है और गंभीरता से हम चुनाव मैदान में जाते हैं। मैं विधानसभा चुनाव के दौरान भी लगातार कहता था कि भाजपा की सरकार बनेगी। अभी लोकसभा चुनाव में और भी अच्छा वातावरण है। पिछले 10 वर्षों में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जो काम किया है, उसने आम व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन लाने का काम किया है। लोगों के जीवन को सुलभ बनाने, देश की आंतरिक व बाह्य सुरक्षा तंत्र मजबूत हुई।

देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। दुनिया में भारत का मान-सम्मान व गौरव बढ़ा है। गांव, गरीब, किसान की तरक्की व बेहतरी के लिए काम हुए हैं। इसलिए आज जो परिस्थितियां अधिक अनुकूल है। देश का आम व्यक्ति भी यह चाहता है कि तीसरी बार नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बनें।

आम आदमी स्वत: ही उन्हें पीएम बनाने का प्रयास कर रहा है। राज्य की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार ने भी 100 दिन के भीतर जो काम किया है वह अद्भुत है। हिंदुस्तान के किसी प्रदेश में इतने कम समय में इतने बड़े-बड़े काम शायद ही हुए हैं।

प्रश्न - प्रदेश में अभी कांग्रेस की स्थिति को किस प्रकार से देखते हैं?

उत्तर - प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति बेहद खराब है। कांग्रेस में सिर फुटव्वल मची है। कांग्रेस जनता की विश्वसनीयता खो चुकी है। पहले तो कोई चुनाव ही नहीं लड़ना चाहता था। अब पार्टी के लोग ही अपने प्रत्याशी का विरोध कर रहे हैं। जब कांग्रेस के अपनों को ही उन पर भरोसा नहीं रहा तो जनता को विश्वास कैसे होगा।

कांग्रेस के नेता जिस तरह अपने ही नेताओं का विरोध करते दिखे हैं उससे स्पष्ट है कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव में शून्य में आउट होने वाली है। भाजपा सभी 11 सीट जीतने वाली है।

प्रश्न - विजन 2047 के विजन डाक्यूमेंट का मकसद क्या है ?

उत्तर - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत के विजन को लेकर चल रहे हैं। 2047 का भारत कैसा हो, इसका रोडमैप बनाकर वह काम कर रहे हैं। एक खुशहाल,समृद्ध , विकसित और एक शक्तिशाली भारत के विजन को लेकर प्रधानमंत्री काम कर रहे हैं।

ऐसा दूरदर्शी प्रधानमंत्री पहली बार देखा है, उनके कामों से आज आम आदमी के जीवन में बदलाव आए हैं। भारत दुनिया का तीसरी अर्थव्यवस्था बनने वाला है। कोरोना की महामारी में दुनिया की अर्थव्यवस्था चौपट हुई है मगर देश की स्थिति बेहतर है।

प्रश्न - विपक्ष कहता है कि मोदी सरकार आएगी तो देश का संविधान बदल जाएगा, क्या मायने हैं?

उत्तर - केंद्र में जब कांग्रेस की सरकार थी, तब से अब तक इतिहास देखेंगे तो कांग्रेस ने केवल झूठ और भ्रम फैलाया है। झूठा वादा करके और प्रोपेगेंडा करके देश के सत्ता में रहे। अब जनता समझ चुकी है। अब इनके पास न नेता रहे और न ही नीयत है। इनके पास बताने के लिए कोई काम नहीं है। जब इनकी सरकार बनती है तो इनके वादों को भूल जाते हैं।

पिछली भूपेश सरकार ने 36 में से एक भी वादा को पूरा नहीं किया, प्रदेश की जनता को परेशान करके रखा और प्रदेश को दोनों हाथों से लूटने का काम किया। प्रदेश में अराजकता फैलाई, विकास को अवरुद्ध किया। प्रशासनिक व्यवस्था तहस-नहस किया। कांग्रेस के किसी दावे-वादे से जनता का विश्वास नहीं रहा।

चुनाव से जुड़ी और हर छोटी-बड़ी अपडेट के लिए यहां क्लिक करें

प्रश्न - भूपेश बघेल अब आपकी सरकार में भी भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे हैं?

उत्तर - ये और क्या बोलेंगे। क्या यह विष्णुदेव साय सरकार की तारीफ करेंगे? हमने 100 दिन के भीतर किसानों को बकाया बोनस दिया। 70 लाख बहनों को महतारी वंदन योजना के तहत राशि मिलेगी। महतारी-बहने भी कहने लगी हैं कि यह तो पता था कि मिलेगा जरूर, लेकिन एकमुश्त और इतनी जल्दी मिलेगा, यह पता नहीं था। किसान भी बोनस और धान खरीदी के अंतर की राशि प्राप्त कर चुके हैं। उन्हें पता था कि यह मोदी की गारंटी है और पूरा होगी।

प्रश्न - कांग्रेस की पार्टी से चार-चार प्रत्याशी एक जिले से चुनाव लड़ रहे हैं। आरोप है कि भाजपा ईडी-आईटी के सहारे चुनाव लड़ रही है।

उत्तर - कांग्रेस की कोई नीति नहीं रही। इनके पास नेता ही नहीं है, वह चुनाव ही नहीं लड़ना चाहते थे। जहां तक ईडी-आईटी की बात है तो इन एजेंसियों की कार्रवाई चार वर्ष से चल रही है। जिन पर साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाईयां हो रही हैं उनकी जमानत नहीं हो रही है। यह कोई राजनीतिक कार्रवाई नहीं है।

मोदी के साथ पूरे देश की जनता खड़ी है। भाजपा को विपक्षी दलों के खिलाफ एजेंसियों के माध्यम से कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है, जनता खुद आकलन कर रही है।

ये भी पढ़ें- '...इससे चुनाव जीतने का मजा नहीं', पढ़ें बहुमत की बात पर कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव का बेबाक इंटरव्यू

प्रश्न - एक कार्यकर्ता से उप मुख्यमंत्री, काम करने की प्रेरणा कहां से मिली ?

उत्तर - मैं पारिवारिक रूप से शुरू से भाजपा से जुड़ा रहा। मेरे पिता जी स्वर्गीय अभयराम साव भी एक प्रमुख राजनीतिज्ञ रहे हैं। परिवार से ही प्रेरणा व संस्कार मिला। भाजपा में हमेशा कार्यकर्ता के नाते ही काम किया। संगठन में जो जिम्मेदारी मिली है, उसे अच्छे से कैसे निर्वाह करूं, यही कोशिश करता हूं। मैंने अपने बारे में कभी नहीं सोचा।

ये भी पढ़ें- मेरठ से चुनावी रण में रामायण के 'राम'; महाभारत के ये किरदार भी दे चुके हैं सियासी परदे पर दस्तक