Move to Jagran APP

मोदी जिस घर में रहते हैं, 7 लोक कल्याण मार्ग के उस आवास का जानिए इतिहास

देश में प्रधानमंत्री का स्थायी पता 7 लोक कल्याण मार्ग है। साल 1984 में पहली बार कोई प्रधानमंत्री इस घर में रहने के लिए गया था। इसके बाद वीपी सिंह की सरकार में इस जगह को आने वाले प्रधानमंत्रियों के लिए स्थायी आवास बना दिया गया था। साथ ही इस लेख में जानिए कि पीएम के अलावा किन प्रमुख राज्यों में मुख्यमंत्रियों के भी स्थायी पते हैं।

By Jagran News Edited By: Ruhee Parvez Published: Sun, 09 Jun 2024 09:30 AM (IST)Updated: Sun, 09 Jun 2024 09:30 AM (IST)
इस घर के नीचे एक सुंरग बनी है, जिसका पहली बार इस्तेमाल पीएम मोदी ने किया था।

शशांक शेखर बाजपेई, नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ 9 जून 2024 को लेने जा रहे हैं। उनका आधिकारिक पता वही 7 लोक कल्याण मार्ग (7 LKM) होगा, जहां वे साल 2014 में पीएम बनने के बाद से रह रहे हैं। मगर, यह हमेशा से प्रधानमंत्री आवास का स्थायी पता नहीं था। इस घर के बारे में कई रोचक तथ्य भी हैं। 

आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि इस पते पर रहने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री कौन थे। इस पते को किस प्रधानमंत्री ने स्थायी बना दिया था। पहले देश के प्रधानमंत्री कहां रहा करते थे। भारत में प्रधानमंत्री के अलावा किन प्रमुख राज्यों के मुख्यमंत्रियों के स्थायी पते हैं।

7 RCR कैसे बना 7 LKM  

साल 1940 में दिल्ली में रेस कोर्स बनाया गया था, जो दिल्ली रेस क्लब का हिस्सा था। यहां घोड़ों की दौड़ होती थी, लिहाजा इस जगह का नाम रेस कोर्स रोड रख दिया गया था। इसके बाद 1980 के दशक में लुटियंस दिल्ली में पांच बंगले बने, जिन्हें प्रधानमंत्री आवास के रूप में स्थायी निवास बना दिया गया। राजीव गांधी देश के पहले प्रधानमंत्री बने, जिन्होंने साल 1984 से 7 रेस कोर्स रोड पर स्थायी रूप से रहना शुरू कर दिया।

सितंबर 2016 में भारतीय संस्कृति के अनुरूप इस सड़क का नाम बदलकर 7 लोक कल्याण मार्ग कर दिया गया। तब बीजेपी सांसद और एनडीएमसी सदस्य मीनाक्षी लेखी ने बताया कि 'रेस कोर्स रोड का नाम बदलने के लिए बहुत सारे सुझाव मिले थे। मगर, देश के प्रधानमंत्री जहां रहते हैं और देशवासियों के लिए कल्याणकारी काम करते हैं उस सड़क का नाम लोक कल्याण मार्ग रखा जाना चाहिए। इसके बाद प्रधानमंत्री आवास का नाम 7 RCR से बदलकर 7 LKM रख दिया गया। 

पहले इन जगहों पर रहते थे पीएम 

  • भारत के पहले PM जवाहरलाल नेहरू तीन मूर्ति भवन में रहते थे, जो ब्रिटिश भारत में ब्रिटिश भारतीय सेना के कमांडर-इन-चीफ का आवास हुआ करता था। साल 1964 में नेहरू का निधन हो गया और 1984 में इस जगह को नेहरू मेमोरियल संग्रहालय और पुस्तकालय में बदल दिया गया।

  • भारत के दूसरे PM लाल बहादुर शास्त्री का आधिकारिक निवास 10 जनपथ था। यहां वह 1964-1966 तक रहे। इसे बाद में इस जगह को कांग्रेस पार्टी को आवंटित कर दिया गया। 
  • इंदिरा गांधी सफदरजंग रोड पर बने घर में रहती थीं, जो उनसे पहले भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुधीरंजन दास को आवंटित किया गया था। 31 अक्टूबर 1984 को घर के बगीचे में उनकी हत्या के बाद घर को इंदिरा गांधी स्मारक और संग्रहालय में बदल दिया गया। 

  • राजीव गांधी के बाद प्रधानमंत्री बने वीपी सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान 1990 में 7 रेस कोर्स रोड को प्रधानमंत्री का आधिकारिक निवास बना दिया था। इसके बाद से यह जगह स्थायी रूप से प्रधानमंत्री आवास बन गया। 

7 RCR से जुड़े कुछ रोचक फैक्ट्स 

  • साल 1920 और 1930 के दशक में नई दिल्ली को बसाने की प्लानिंग की जा रही थी। तब ब्रिटिश वास्तुकार एडविन लुटियंस की टीम में शामिल रहे रॉबर्ट टोर रसेल ने 7 RCR के बंगले को मूल रूप से डिजाइन किया था। यह बंगला 12 एकड़ जमीन पर बना हुआ है। 
  • PM आवास को सफदरजंग हवाई अड्डे से जोड़ने के लिए करीब 2 किलोमीटर लंबी अंडरग्राउंड सुरंग बनाई गई है। इस सुरंग का काम 2010 में शुरू हुआ और जुलाई 2014 में पूरा हो गया। नरेंद्र मोदी इसका इस्तेमाल करने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं।
  • 7 लोक कल्याण मार्ग में 5 बंगले 1, 3, 5, 7 और 9 हैं। 5 लोक कल्याण मार्ग पीएम के लिए निजी आवासीय क्षेत्र है और 7वां बंगला उनका कार्यालय है। बंगला 9 में पीएम की सुरक्षा में तैनात एसपीजी के जवान रहते हैं। बंगला 3 प्रधानमंत्री के मेहमानों के लिए गेस्ट हाउस है। बंगला 1 में हेलीपैड है, जिसका इस्तेमाल 2003 से किया जा रहा है।
  • ये बंगले अलग-अलग जगहों पर बने हुए हैं, जो ज्यादा बड़े नहीं हैं। घर में दो बेडरूम, एक अतिरिक्त कमरा, एक डाइनिंग रूम और मुख्य लिविंग रूम है, जिसमें करीब 30 लोग रह सकते हैं। 7 लोक कल्याण मार्ग के लॉन बाकी सबसे बेहतर हैं। यहां मोर सहित कई पक्षी रहते हैं। 

इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी हैं स्थायी आवास 

देश के प्रधानमंत्री के साथ ही कुछ प्रमुख राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी स्थायी आवास हैं। देश के ज्यादातर राज्यों के मुख्यमंत्रियों को अलग-अलग जगह आवास आवंटित किया जाता है। वहीं, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र,मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों का पता स्थायी होता है। 

  • उत्तर प्रदेश के लखनऊ में 5, कालिदास मार्ग पर बना विशाल बंगला मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास है। मार्च 2017 सीएम बनने के बाद से योगी आदित्यनाथ यहां रह रहे हैं। 
  • बिहार के सीएम पटना में 1, अणे मार्ग में बने बंगले में रहते हैं। इसका नाम महाराष्ट्र में जन्मे राजनेता माधव श्रीहरि अणे के नाम पर रखा गया है, जो स्वतंत्रता के बाद राज्य के दूसरे राज्यपाल भी थे। वर्तमान में नीतीश कुमार यहां रह रहे हैं। 

  • महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास वर्षा बंगला है। यह मुंबई के मालाबार हिल्स पर स्थित है। इस बंगले की सुरक्षा महाराष्ट्र पुलिस की स्पेशल प्रोटेक्शन टीम करती है।  
  • हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री का स्थायी आवास शिमला की ऐतिहासिक इमारत ओकओवर में है। मूल रूप से यह जगह पटियाला के महाराजाओं के स्वामित्व में थी। ब्रिटिश वायसराय लॉर्ड लैंसडाउन ने 1891 में कथित रूप से वायसराय की बेटी के साथ भाग जाने के कारण पटियाला के महाराजा को शिमला में प्रवेश करने से रोक दिया था। बाद में ओकओवर को ब्रिटिश सरकार को बेच दिया गया था और यह विभिन्न अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों का निवास बन गया। 1947 में भारत की स्वतंत्रता के बाद ओकओवर को हिमाचल प्रदेश की राज्य सरकार को हस्तांतरित कर दिया गया और 1971 में यह मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास बन गया।
  • मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का स्थायी निवास 6, श्‍यामला हिल्‍स भोपाल में है। वर्तमान में यहां के सीएम मोहन यादव हैं।  

  • अनुग्रह कर्नाटक के मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास है। यह राजधानी बेंगलुरु में कुमारकृपा रोड पर स्थित है। वर्तमान में मुख्यमंत्री सिद्दारमैया इस घर में रह रहे हैं।
  • क्लिफ हाउस केरल के मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास है। यह राजधानी तिरुवनंतपुरम के नंथनकोड में स्थित है। त्रावणकोर की राजशाही के समय में इसका निर्माण किया गया था। 
  • तेलंगाना CM का आधिकारिक पता हैदराबाद के ग्रीनलैंड्स रोड, पुंजागुट्टा में बना प्रजा भवन है। इसे 2016 में के. चंद्रशेखर राव के मुख्यमंत्रित्व काल में भारतीय वास्तुकार एन. निरूप कुमार रेड्डी ने डिजाइन किया था।

This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.