Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव में चलेगा BJP का 60 वाला मैजिक, दलित-OBC और महिलाओं के लिए बन रही ये रणनीति

अपनी चुनावी रणनीति को धार देने के लिए पार्टी पांच जनवरी को प्रयागराज में सभी मोर्चों की संयुक्त बैठक करेगी। लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से दिल्ली में 22 व 23 को हुई राष्ट्रीय पदाधिकारियों व प्रदेश अध्यक्षों की बैठक के एजेंडे को प्रदेश में लागू करने के लिए मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश नेतृत्व ने पार्टी के विभागों की अलग-अलग बैठकें कीं।

By Mohammad Sameer Edited By: Mohammad Sameer Updated: Wed, 27 Dec 2023 05:00 AM (IST)
Hero Image
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव में चलेगा BJP का 60 वाला मैजिक

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बुधवार को भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। पार्टी के राज्य मुख्यालय में होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी करेंगे जिसमें राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह भी उपस्थित रहेंगे।

बैठक में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और सभी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल होंगे।

लोस चुनाव में 60 प्रतिशत वोट बटोरने को भाजपा ने कसी कमर

आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को कुल मतों में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी दिलाकर केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए पार्टी कमर कस रही है। इसके लिए पार्टी ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ के अपने स्वयंसिद्ध मंत्र को फिर पूरी गंभीरता से आजमाएगी।

विकसित भारत संकल्प यात्रा के जरिये लाभार्थी मतदाताओं का बड़ा वर्ग तैयार कर रही भाजपा अपने विभिन्न मोर्चों, विभागों और प्रकोष्ठों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच भी सशक्त उपस्थिति दर्शाएगी। अपनी चुनावी रणनीति को धार देने के लिए पार्टी पांच जनवरी को प्रयागराज में सभी मोर्चों की संयुक्त बैठक करेगी।

लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से दिल्ली में 22 व 23 को हुई राष्ट्रीय पदाधिकारियों व प्रदेश अध्यक्षों की बैठक के एजेंडे को प्रदेश में लागू करने के लिए मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश नेतृत्व ने पार्टी के विभागों, प्रकोष्ठों और मोर्चों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सभी मोर्चों, विभागों और प्रकोष्ठों को अपने से संबंधित जातियों, समुदायों और वर्गों के बीच पैठ बढ़ाने के लिए कार्यक्रम सौंपे।

दलित बस्तियों में संपर्क और ओबीसी महाकुंभ 

अनुसूचित जाति मोर्चा दलित बस्तियों में संपर्क और संवाद अभियान शुरू करेगा। वहीं पिछड़ा वर्ग मोर्चा पिछड़ी जातियों को भाजपा के पक्ष में लामबंद करने के लिए प्रयागराज में ओबीसी महाकुंभ के आयोजन की योजना बना रहा है जिसमें पिछड़ी जातियों के दो लाख लोगों को जुटाने की मंशा है।

आधी आबादी को साधने की मुहिम

महिला मोर्चा विधान सभा क्षेत्र स्तर पर महिलाओं के लिए चौपाल लगाएगा जिसमें उनके साथ चाय पर संवाद होगा। वह नवयुवतियों और महिला स्वयं सहायता समूहों के सम्मेलन भी आयोजित करेगा। 100 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं की सूची तैयार कर उन्हें सम्मानित करेगा। मेधावी छात्राओं को भी सम्मानित करेगा।

भाजयुमो आयोजित करेगा नवमतदाता सम्मेलन

नए मतदाताओं के बीच पकड़ बढ़ाने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में 24 जनवरी को नवमतदाता सम्मेलन आयोजित करेगा। प्रत्येक शक्ति केंद्र पर 10 नमो योद्धाओं की तैनाती करेगा। भाजयुमो के 10 कार्यकर्ताओं की टीम विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत प्रचार वाहनों के साथ घूमेगी और लोगों के मोबाइल फोन पर नमो एप डाउनलोड कराएगी।

किसान परिक्रमा यात्रा भी

किसान मोर्चा गांवों में किसान परिक्रमा यात्राएं आयोजित करेगा जिसमें मोर्चा के प्रतिनिधि गांवों में जाकर किसानों की चौपाल लगाएंगे किसानों से कृषि क्षेत्र में मोदी-योगी सरकारों की उपलब्धियां बताएंगे और किसान कल्याणकारी योजनाओं के बारे में उनके अनुभव सुनेंगे।

विभागों-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी बनेंगे पन्ना प्रमुख

विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजकों, सह-संयोजकों और क्षेत्रीय संयोजकों के साथ हुईं बैठकों में बताया गया कि बूथ विजय ही पार्टी का ध्येय होगा। इसे सुनिश्चित करने के लिए विभागों और प्रकोष्ठों के सभी पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपने बूथों पर पन्ना प्रमुख का दायित्व निभाएंगे। पन्ना प्रमुख के तौर पर वे अपने पन्ने से संबंधित 60 मतदाताओं के वोट डलवाना तो सुनिश्चित करेंगे ही, फर्जी मतदाताओं को भी मतदान से रोकेंगे। विभागों और प्रकोष्ठों के सभी पदाधिकारियों को विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रमों में 10 दिन शामिल होने का निर्देश दिया गया है।

सामाजिक सरोकार के कार्यक्रम भी संचालित करेगी पार्टी

अपने चुनावी अभियान को व्यापक स्वरूप देने के लिए पार्टी वार्डों और बस्तियों को गोद लेकर उनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, कुपोषण आदि जैसे विषयों को लेकर जनजागरुकता कार्यक्रम भी संचालित करेगी। पार्टी बस्तियों में हर सप्ताह स्वच्छता अभियान संचालित करेगी।

अनुच्छेद 370 की समाप्ति और राम मंदिर निर्माण के मुद्दे जनता के बीच ले जाएं

बैठकों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता मोदी-योगी सरकारों की उपलब्धियों के साथ ही संविधान के अनुच्छेद 370 की समाप्ति और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे संकल्पों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को लेकर भी जनता दरबार में पहुंचें।

यह भी पढ़ेंः Pakistan: चुनाव से पहले इमरान खान को एक और झटका, 15 दिनों की हिरासत में भेजे गए पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी