Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Election 2024: 10 नए चेहरों को मौका, पांच विधायकों को भी चुनावी समर में उतारा; 22 प्रत्याशियों के सहारे कांग्रेस ने साधा समीकरण

मध्य प्रदेश में कांग्रेस 10 नए चेहरों के साथ लोकसभा चुनाव में उतरी है। अभी सात सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा होना बाकी है। अगर इन सीटों पर नए चेहरों को मौका दिया जाता है तो इनकी संख्या और बढ़ जाएगी। पार्टी ने पांच विधायकों और तीन पूर्व विधायकों पर भी भरोसा जताया है। वहीं रीवा लोकसभा सीट से महिला प्रत्याशी को टिकट दिया गया है।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Tue, 26 Mar 2024 06:14 PM (IST)
Hero Image
लोकसभा चुनाव 2024: लोकसभा चुनाव में नए चेहरों के साथ मैदान में उतरी कांग्रेस।

वैभव श्रीधर, भोपाल। मध्य प्रदेश की 22 सीटों पर कांग्रेस ने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। वहीं भाजपा पहले ही 29 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार चुकी है। भाजपा ने जहां छह महिलाओं को टिकट दिया तो वहीं कांग्रेस ने रीवा सीट से एकमात्र महिला उम्मीदवार के तौर पर नीलम अभय मिश्रा को चुनाव मैदान में उतारा है।

नीलम सेमरिया से विधायक अभय मिश्रा की पत्नी हैं। वे कांग्रेस की टिकट पर पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस ने 10 नए चेहरे को भी मौका दिया है। धार से राधेश्याम मुवेल और खरगोन से पोरलाल खरते को उम्मीदवार घोषित किया गया है। ये दोनों आदिवासियों के बीच काम करते हैं।

बालाघाट सीट पर कांग्रेस ने उतारा नया चेहरा

विधानसभा चुनाव में जतारा से टिकट मांगने वाले पंकज अहिरवार को कांग्रेस ने टीकमगढ़ से चुनाव में उतारा है। पंकज कांग्रेस एससी विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। बालाघाट सीट पर भाजपा ने नया चेहरा भारती पारधी को टिकट दिया तो जवाब में कांग्रेस ने भी नया चेहरा सम्राट सिंह सरस्वार को उतार दिया। सम्राट बालाघाट जिला पंचायत अध्यक्ष भी हैं।

पांच विधायक भी चुनावी रण में

मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने पांच विधायकों और तीन पूर्व विधायकों को भी चुनावी समर में उतारा है। भोपाल सीट पर अरुण श्रीवास्तव कांग्रेस प्रत्याशी होंगे। पिछले चुनाव में दिग्विजय सिंह ने भोपाल से चुनाव लड़ा था। उन्हें भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने करारी शिकस्त दी थी। जबलपुर सीट से दिनेश यादव चुनाव मैदान में होंगे।

                       कांग्रेस ने इन पांच विधायकों को दिया टिकट

लोकसभा सीट प्रत्याशी
भिंड फूल सिंह बरैया
शहडोल फुंदेलाल सिंह मार्को
मंडला ओमकार सिंह मरकाम
उज्जैन महेश परमार
सतना सिद्धार्थ कुशवाहा

                    इन पूर्व विधायकों पर भी कांग्रेस ने जताया भरोसा

लोकसभा सीट प्रत्याशी
होशंगाबाद संजय शर्मा
सीधी कमलेश्वर पटेल
मंदसौर दिलीप सिंह गुर्जर

कांग्रेस से एक महिला को टिकट

कांग्रेस ने अभी तक सिर्फ एक महिला उम्मीदवार नीलम अभय मिश्रा को टिकट दिया है। वहीं भाजपा ने छह महिलाओं को टिकट दिया है। नीलम मिश्रा 2013 में भाजपा की टिकट पर सेमरिया से विधानसभा चुनाव जीत चुकी हैं। वहीं उनके पति अभय मिश्रा ने भी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ज्वाइन की थी। 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने पांच महिलाओं को टिकट दिया था।

                        भाजपा ने इन सीटों पर महिला प्रत्याशियों को उतारा

लोकसभा सीट महिला प्रत्याशी
शहडोल हिमाद्री सिंह
बालाघाट भारती पारधी
सागर लगता वानखेड़े
धार सवित्री ठाकुर
भिंड संध्या राय
रतलाम अनीता चौहान

सागर से चंद्रभूषण बुंदेला को टिकट

सागर लोकसभा सीट से कांग्रेस ने चंद्रभूषण सिंह बुंदेला को टिकट दिया है। बुंदेला पहले बसपा में थे लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने कांग्रेस का हाथ थाम लिया था। सतना सीट पर सिद्धार्थ कुशवाहा और बैतूल लोकसभा सीट पर रामू टेकाम कांग्रेस प्रत्याशी होंगे। सिद्धार्थ कुशवाहा अन्य पिछड़ा वर्ग और रामू टेकाम आदिवासी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष हैं।

सिंधिया के सामने अभी कांग्रेस का चेहरा तय नहीं

मध्य प्रदेश की हाई-प्रोफाइल सीट गुना से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रत्याशी घोषित किया है। सिंधिया पिछला चुनाव यहां से भाजपा प्रत्याशी से हार गए थे। उधर, मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की। मगर बाहरी के मुद्दे पर स्थानीय नेता उनका विरोध कर रहे हैं।

इन दो सीटों पर जातीय समीकरण साधने में जुटी कांग्रेस

उधर, मुरैना सीट पर भाजपा ने शिवमंगल सिंह तोमर को उतारा है। वह क्षत्रिय समाज से आते हैं। कांग्रेस यहां जातीय समीकरण साधना चाहती है। यही वजह है कि यहां से कांग्रेस ब्राह्मण चेहरे पर दांव खेलना चाहती है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी जौरा से विधायक और ब्राह्मण चेहरा पंकज उपाध्याय का नाम हाईकमान को भेजा है।

वहीं मुरैना में कांग्रेस के स्थानीय नेता पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार को टिकट देने के पक्ष में हैं। ग्वालियर सीट पर रामसेवक गुर्जर को जीतू पटवारी मैदान में उतारना चाहते हैं। मगर यहां प्रवीण पाठक का नाम भी आगे भेजा गया है।

उधर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का कहना है कि प्रदेश में कांग्रेस पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। 27 मार्च को प्रस्तावित केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में बाकी छह सीटों के प्रत्याशियों के नाम तय हो जाएंगे। पार्टी ने 50 प्रतिशत टिकट नए चेहरों को दिया है।

यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश की वो सीट... जहां शरद यादव ने तोड़ा था कांग्रेस का तिलिस्म, राजनीति में दिग्गज नेता का हुआ उदय

यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश की 22 सीटों पर इन दलों ने साफ की प्रत्याशियों की तस्वीर, देखें किसके सामने कौन, कब-कहां होगा मतदान