Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lok Sabha Election 2024: मप्र में कांग्रेस ने युद्ध स्तर पर शुरू की तैयारी, इन सीटों पर लगाया जोर, वरिष्ठों को सौंपा जिम्मा

Lok Sabha Election 2024 मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव में मिली शिकस्त से सबक लेते हुए कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए कसर नहीं छोड़ना चाहती है। पार्टी ने राज्य की अधिक संभावनाओं वाली सीटों को चिन्हित किया है। इन सीटों की रोजाना की रिपोर्ट वार रूम से ली जा रही है। इसके अलावा वरिष्ठ नेताओं को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पढ़ें रिपोर्ट-

By Jagran News Edited By: Sachin Pandey Updated: Wed, 03 Apr 2024 05:28 PM (IST)
Hero Image
Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस मप्र की 25 सीटों पर प्रत्याशी का एलान कर चुकी है।

वैभव श्रीधर, भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस जोरो-शोरों से चुनावी अभियान में जुट गई है। पार्टी अब तक 25 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। बाकी बची सीटों पर भी जल्द ही उम्मीदवारों का एलान कर दिया जाएगा।

इसके अलावा कांग्रेस ने प्रदेश की छह से अधिक सीटें चिह्नित करके उन पर विशेष ध्यान देने की रणनीति बनाई है। इनमें धार, खरगोन, शहडोल, मंडला और रतलाम की आदिवासी बहुल सीटें भी शामिल हैं। चुनाव की तैयारी के लिए कांग्रेस ने वार रूम बनाया है, जिसमें रोजाना इन सीटों का फीडबैक लिया जा रहा है।

वरिष्ठ नेताओं को जिम्मा

वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग सीटों की जिम्मेदारी भी दी गई है। इसके तहत कमलनाथ छिंदवाड़ा में ध्यान केन्द्रित किए हुए हैं तो दिग्विजय सिंह अपनी राजगढ़ सीट की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उमंग सिंघार को धार का जिम्मा दिया गया है। कांतिलाल भूरिया खुद रतलाम से चुनाव लड़ रहे हैं।

मुरैना और ग्वालियर में भी गोविंद सिंह के नेतृत्व में अभियान जारी है। इन सीटों पर प्रत्याशी घोषित होने अभी बाकी हैं। कांग्रेस ने सामाजिक समीकरण और विधानसभा चुनाव के नतीजों को भी ध्यान में रखते हुए अपनी रणनीति बनाई है। पार्टी ने मालवांचल और महाकौशल की आदिवासी सीटें चिह्नित की हैं, जहां उसकी जीत की संभावनाएं अधिक हैं।

आदिवासी बहुल सीटों पर जोर

आदिवासी बहुल सीटों पर कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया था। अनूसूचित जनजाति के लिए आरक्षित खरगोन, धार और मंडला में चार और रतलाम में तीन सीटें पार्टी ने जीती थीं। इधर शहडोल में कांग्रेस ने तीन बार के विधायक फंदेलाल सिंह मार्को पर भरोसा जताया है। धार और खरगोन ने पार्टी ने नए चेहरों को मैदान में उतारा है।

चुनाव से जुड़ी और हर छोटी-बड़ी अपडेट के लिए यहां क्लिक करें

दोनों संसदीय क्षेत्रों में कांग्रेस के हिस्से में पांच-पांच विधानसभा सीटें हैं। मंडला से पार्टी ने फग्गन सिंह कुलस्ते के खिलाफ डिंडौरी के विधायक ओमकार सिंह मरकाम को टिकट दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के मीडिया सलाहकार केके मिश्रा का कहना है कि मरकाम का पूरे क्षेत्र में नेटवर्क है और पार्टी एकजुट होकर भाजपा का मुकाबला कर रही है।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Election 2024: क्या भाजपा को मिल गया मुलायम-लालू के सियासी वंशवाद का तोड़? कितना सफल होगा दांव?

गुना में इन्हें दी गई जिम्मेदारी

गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया का मुकाबला करने के लिए यादवेन्द्र सिंह को उतारा गया है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव और विधायक सचिन यादव को उनकी सहायता करने की जिम्मेदारी दी गई है। इनके अलावा भिंड से कांग्रेस ने फूलसिंह बरैया और सतना से सिद्धार्थ कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया है।

रीवा से पार्टी ने सेमरिया विधायक अभय मिश्रा पर भरोसा जताते हुए उनकी पत्नी नीलम मिश्रा को मैदान में उतारा है। वहीं हाल ही में मऊगंज से पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह भी कांग्रेस में शामिल हुए हैं। पार्टी के वार रूम में इन सभी सीटों की प्रतिदिन की रिपोर्ट ली जा रही है और इसके आधार पर आगे की योजना तैयार की जा रही है।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Election 2024: सिंधिया के सामने कांग्रेस ने चली भाजपा वाली चाल, क्या चुनाव में ये रणनीति दिखा पाएगी कमाल?