Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lok Sabha Election 2024: कौन हैं दिनेश सिंह बब्बू, जिन्हें सनी देओल की जगह बीजेपी ने गुरदासपुर सीट से दिया टिकट

गुरदासपुर सीट पर भाजपा का सेलिब्रेटी चेहर से मोह भंग हो गया है। पार्टी ने अबकी बार सनी देओल की जगह स्थानीय नेता को टिकट दिया है। दिनेश सिंह बब्बू पर पार्टी चार बार भरोसा जता चुकी है। वह तीन बार पार्टी की उम्मीदों पर खरे भी उतरे हैं। अब पार्टी ने पहली बार दिनेश सिंह बब्बू को लोकसभा के रण में उतारा है। जानें कौन हैं दिनेश सिंह बब्बू।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Sun, 31 Mar 2024 02:48 PM (IST)
Hero Image
लोकसभा चुनाव 2024: अभिनेता सनी देओल और दिनेश सिंह बब्बू। (फाइल फोटो)

चुनाव डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब की हाई प्रोफाइल लोकसभा सीट गुरदासपुर पर इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने स्थानीय चेहरे पर दांव खेला है। फिल्मी सितारों की पसंदीदा इस सीट पर अब भाजपा की टिकट पर दिनेश सिंह बब्बू मैदान में होंगे। यहां से फिल्म अभिनेता सनी देओल ने 2019 में लोकसभा चुनाव जीता था। सनी देओल ने सुनील जाखड़ को हराया था। सुनील जाखड़ अब पंजाब भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हैं।

तीन बार लगातार विधायक रहे बब्बू

दिनेश सिंह बब्बू स्थानीय नेता हैं। खास बात यह है कि वे तीन बार लगातार विधानसभा का चुनाव जीत चुके हैं। भाजपा ने उन्हें पहली बार 2007 में विधानसभा का टिकट दिया था। सुजानपुर विधानसभा पर दिनेश सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी रघुनाथ सहाय पुरी को पहली बार हराया था।

2012 लोकसभा चुनाव में बब्बू ने नरेश पुरी और 2017 में अमित सिंह मंटू को पराजित किया था। मगर 2022 विधानसभा चुनाव में सुजानपुर सीट पर दिनेश सिंह बब्बू को कांग्रेस प्रत्याशी नरेश पुरी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

यह भी पढ़ें: पूर्व वित्त मंत्री और चार बार के विधायक के पास घर-जमीन और सोना नहीं, मगर चौंका देगा इनका सबसे महंगा खजाना

सनी देओल से नाराज थे लोग

सनी देओल से पठानकोट और गुरदासपुर की जनता नाराज थी। इसकी वजह यह थी कि सनी देओल ने संसदीय क्षेत्र से दूरी बना रखी थी। यहां से भाजपा हमेशा सेलिब्रेटी चेहरे को उतारती आई है। मगर इस बार जनता की नाराजगी पर पार्टी ने स्थानीय चेहरे को मौका दिया।

सनी देओल से पहले भाजपा यहां अभिनेता विनोद खन्ना को उतार चुकी है। इस बार इस सीट से क्रिकेटर युवराज सिंह के भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की चर्चा थी। मगर बाद में युवराज सिंह ने इन खबरों का खंडन कर दिया था।

जब विनोद खन्ना ने तोड़ा था कांग्रेस का तिलिस्म

गुरदासपुर का नाम महंत गुरिया दास के नाम पर पड़ा है। इस लोकसभा सीट पर गुरदासपुर और पठानकोट जिले की नौ विधानसभा क्षेत्र आती हैं। इस लोकसभा सीट पर कांग्रेस की मजबूत पकड़ थी। मगर भाजपा ने अभिनेता विनोद खन्ना को पहली बार 1998 में चुनावी समर में उतार कांग्रेस के किले को ध्वस्त किया था।

विनोद खन्ना यहां से चार बार सांसद का चुनाव जीते थे। मगर 2017 में उनके निधन के बाद गुरदासपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव हुआ। इसमें भाजपा ने स्वर्ण सलारिया पर दांव खेला। वहीं कांग्रेस ने दिग्गज नेता सुनील जाखड़ को टिकट दिया था। उपचुनाव में सुनील जाखड़ ने जीत दर्ज की थी। 2019 लोकसभा चुनाव में सुनील जाखड़ को सनील देओल ने शिकस्त दी थी।

लोकसभा क्षेत्र में ये विधानसभा क्षेत्र शामिल

  • गुरदासपुर
  • दीनानगर
  • कादियां
  • फतेहगढ़ चूड़ियां
  • डेरा बाबा नानक
  • बटाला
  • पठानकोट
  • भोआ
  • सुजानपुर

यह भी पढ़ें: देश के 10 सबसे अमीर सांसदों की सूची में अकेले आंध्र प्रदेश के चार नाम, जानिए कितनी है इनकी संपत्ति