Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Exit Poll 2024: एक्जिट पोल में दक्षिण में धाक जमाती दिख रही BJP, तेलंगाना में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर

एक्जिट पोल में भाजपा दक्षिण में भी बड़ी कामयाबी हासिल करती दिख रही है। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के अनुमानों के अनुसार केरल में जहां पार्टी पहली बार सीटें जीतती नजर आ रही है वहीं तमिलनाडु में भी लंबे अंतराल के बाद जीत हासिल करेगी। इतना ही नहीं कांग्रेस शासित कर्नाटक में भाजपा के नेतृत्व वाला राजग अधिकांश सीटें जीतेगा।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Sun, 02 Jun 2024 07:00 AM (IST)
Hero Image
एक्जिट पोल में तेलंगाना में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर

जागरण डेस्क, नई दिल्ली। एक्जिट पोल में भाजपा दक्षिण में भी बड़ी कामयाबी हासिल करती दिख रही है। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के अनुमानों के अनुसार, केरल में जहां पार्टी पहली बार सीटें जीतती नजर आ रही है वहीं तमिलनाडु में भी लंबे अंतराल के बाद जीत हासिल करेगी। यही नहीं, कांग्रेस शासित कर्नाटक में भाजपा के नेतृत्व वाला राजग अधिकांश सीटें जीतेगा।

इसी तरह 25 सीटों वाले आंध प्रदेश में भी राजग को 19 से 23 सीटें मिलने जा रही हैं। तेलंगाना में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर की भविष्यवाणी की गई है, जिसमें भारत राष्ट्र समिति को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। भाजपा को तमिलनाडु (39 सीटें) और केरल (20 सीटें) में दो से तीन सीटें मिलने की उम्मीद है। इन दोनों राज्यों में इंडी गठबंधन प्रमुख रूप से उभरेगा।

तमिलनाडु में डीएमके-कांग्रेस गठबंधन मजबूत

तमिलनाडु में डीएमके-कांग्रेस गठबंधन 33-37 सीटों के साथ भारी बहुमत हासिल करता हुआ दिखाई दे रहा है जबकि केरल में यूडीएफ को 17 से 18 सीटें जीतने का अनुमान है। हालांकि केरल व तमिलनाडु में भाजपा को कम सीटें मिलने का अनुमान है लेकिन उसका बढ़ा हुआ वोट शेयर इन दोनों दक्षिणी राज्यों में पार्टी की तेजी से बढ़ती पैठ को दर्शाता है।

दक्षिण में पीएम मोदी के जोरदार प्रचार का मिल रहा फायदा

नरेंद्र मोदी के इन राज्यों के धुआंधार दौरे और किए गए जोरदार प्रचार के चलते पहली बार पार्टी को यहां अच्छे नतीजे मिल रहे हैं। तमिलनाडु में भाजपा को 14 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है जबकि कांग्रेस और डीएमके को दोनों को मिलाकर लगभग 36 प्रतिशत वोट शेयर मिलता दिख रहा है। केरल में भाजपा का 27 प्रतिशत वोट शेयर यूडीएफ के 41 प्रतिशत वोट शेयर को चुनौती देने के लिए पर्याप्त है।

कर्नाटक जोकि वर्तमान में कांग्रेस द्वारा शासित है में भाजपा को 55 प्रतिशत के निर्णायक वोट शेयर के साथ स्पष्ट लाभ मिलने का अनुमान है।एक्जिट पोल में भविष्यवाणी की गई है कि राजग लोकसभा चुनाव में कांग्रेस शासित कर्नाटक (28 सीटें) में अधिकांश सीटें जीतेगा और कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाएगी। तीन एक्जिट पोल में कर्नाटक में राजग को भारी बढ़त दिखाते हुए कहा गया है कि आईएनडीआईए को सिर्फ तीन से आठ सीटें मिलने की संभावना है।

राजग कर्नाटक में 19-25 सीटें जीतने की ओर अग्रसर

इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया पोल में भविष्यवाणी की गई है कि राजग को 23-25 सीटें मिलेंगी जबकि आईएनडीआईए को तीन से पांच सीटें। अन्य कोई भी अपना खाता नहीं खोल पाएगा। इंडिया टीवी के एक्जिट पोल में कहा गया है कि राजग कर्नाटक में 19-25 सीटें जीतने की ओर अग्रसर है जबकि आईएनडीआईए को चार से आठ सीटें मिलने की संभावना है।

राजग को यहां 17 लोकसभा सीटों में से सात सीटें मिलने की उम्मीद

न्यूज 18 द्वारा किए गए एक्जिट पोल में अनुमान लगाया गया है कि कर्नाटक में राजग को 23-26 सीटें और आईएनडीआईए को तीन से सात सीटें मिलेंगी। एक्जिट पोल में तेलंगाना में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर की भविष्यवाणी की गई है, जिसमें भारत राष्ट्र समिति को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। टीवी 9 भारतवर्ष के एक्जिट पोल के नतीजों के अनुसार, राजग को यहां 17 लोकसभा सीटों में से सात सीटें मिलने की उम्मीद है, जबकि आईएनडीआईए को आठ सीटें।

दो सीटें अन्य को मिलने की संभावना है। इंडिया टीवी पोल में कहा गया है कि राजग को 8-10 सीटें और आइएनडीआइए को छह से आठ सीटें मिल सकती हैं। न्यूज18 इंडिया एक्जिट पोल के अनुसार तेलंगाना में राजग को 7-10 सीटें, आइएनडीआइ को पांच से आठ सीटें, बीआरएस को दो से पांच सीटें और अन्य को एक सीट मिल सकती है।

आंध्र प्रदेश में एक्जिट पोल में 25 में से 19 से 23 सीटें राजग को मिलने जा रही हैं। वाईएसआर कांग्रेस को तीन से पांच सीटें मिल रही हैं। कांग्रेस का खाता भी खुलता नहीं दिख रहा है। उधर, आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव में भी टीडीपी और भाजपा की स्पष्ट रूप से सरकार बनती दिख रही है।

महाराष्ट्र में राजग को 48 में से 32 से 35 सीटें

एग्जिट पोल में अनुमान लगाया गया है कि महाराष्ट्र में राजग आईएनडीआईए को पीछे छोड़ते हुए 48 में से करीब दो-तिहाई सीटों पर जीत हासिल करेगा। न्यूज 18 के एग्जिट पोल सर्वे में कहा गया है कि राजग को 32 से 35 सीटें मिल सकती हैं जबकि आईएनडीआईए को 15 से 18 सीटें मिल सकती हैं। टुडेज चाणक्य ने राजग को 33 सीटें दी हैं जबकि इंडी गठबंधन के खाते में 15 सीटें जा सकती हैं।

टाइम्स नाउ ईटीजी ने अपने एग्जिट पोल के आंकड़ों में राजग और आईएनडीआईए के बीच कड़ी टक्कर दिखाई है। आंकड़ों के मुताबिक एनडीए को 26 सीटें मिल रही हैं जबकि इंडिया को 22 सीटें मिल रही हैं। रिपब्लिक ने अपने पोल में संकेत दिया है कि राजग 29 सीटों पर जीत हासिल करेगा जबकि इंडी गठबंधन 19 सीटें जीत सकता है।

बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने यहां 48 में से 23 सीटें हासिल कीं थी जबकि शिवसेना ने 18 सीटें जीती थीं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी चार सीटों पर जीत हासिल करने में सफल रही थी।

गुजरात में राजग करेगा क्लीन स्वीप

एक्जिट पोल संकेत दे रहे हैं कि पीएम नरेन्द्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में राजग सभी 26 सीटों पर जीत हासिल कर रहा है। गुजरात राज्य की 25 सीटों के लिए लोकसभा चुनाव एक ही चरण में यानी सात मई को तीसरे चरण में संपन्न हुए थे। सूरत सीट पर भाजपा के उम्मीदवार मुकेश दलाल को कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन खारिज होने के बाद निर्विरोध चुना गया था। टाइम्स नाउ ईटीजी और इंडिया टीवी के अनुसार राजग सभी 26 सीटों पर जीत हासिल कर रहा है। आईएनडीआईए को कोई सीट नहीं मिल रही है।