Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

भीषण गर्मी के बीच होंगे चुनाव, लू से सावधान रहें लोग; केंद्र का राज्यों को योजना बनाने का निर्देश

Lok Sabha Election 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान इस बार भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। अप्रैल महीने की शुरुआत में ही देश के कई हिस्सों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने लू के संबंध में राज्यों को योजना बनाने का निर्देश दिया है। वहीं लोगों को भी लू से सावधान रहना होगा।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Thu, 04 Apr 2024 04:53 PM (IST)
Hero Image
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया। (फाइल फोटो)

प्रेट्र, नई दिल्ली। 19 अप्रैल से एक जून तक सात चरणों में लोकसभा चुनाव होंगे। इस बीच देश के अधिकांश हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। अप्रैल के शुरुआत में ही तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इससे लू का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों को भीषण गर्मी में मतदान करना होगा।

लू से बचने की योजना बनाने का निर्देश

मतदान के बीच लोगों को लू से बचाना भी जरूरी है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने एक समीक्षा बैठक की और राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लू से बचने की योजना बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अप्रैल की शुरुआत से ही देश के कई हिस्सों में तापमान बढ़ गया है। इससे लू-लपट का खतरा बढ़ गया है।

इन राज्यों में 20 दिन चलेगी लू

मौसम विभाग के मुताबिक इस बार सामान्य से अधिक गर्मी पड़ेगी। आने वाले दो महीने गर्मी से बेहाल करने वाले होंगे। अप्रैल महीने में 20 दिन लू राजस्थान, कर्नाटक, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में चलेगी। उत्तर प्रदेश में पछुआ हवा ने भी गर्मी बढ़ा दी है। उधर, झारखंड में चार, पांच और छह अप्रैल को लू का असर देखने को मिलेगा। यह जानकारी रांची स्थित मौसम केंद्र ने दी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने मतदान के समय लोगों के स्वास्थ्य की उचित देखभाल करने की प्रशासन से अपील की। बता दें कि मांडविया ने बुधवार को गर्मी से संबंधित बीमारियों के प्रबंधन के लिए लोक स्वास्थ्य व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा को लेकर एक बैठक की।

जागरूकता अभियान से मिलेगी मदद

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने राज्यों में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का अलर्ट मिलते ही समय पर कार्रवाई पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एहतियाती उपायों और व्यापक जागरूकता अभियान चलाने से भीषण गर्मी व लू के गंभीर प्रभाव को कम करने में काफी मदद मिलेगी।

चुनाव से जुड़ी और हर छोटी-बड़ी अपडेट के लिए यहां क्लिक करें

अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हाल ही में पूर्वानुमान जताया है कि इस साल देश में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आम चुनाव हो रहे हैं। इसमें व्यापक जनभागीदारी अपेक्षित है और जनभागीदारी के बिना यह महान आयोजन पूरा नहीं होगा। इसमें जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए हम सभी की जिम्मेदारी स्वास्थ्य का ध्यान रखने की है।

मांडविया ने लू और गर्मी के संबंध में मंत्रालय को राज्यों के साथ समन्वय में तुरंत उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने घर में बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखने पर भी जोर दिया।

यह भी पढ़ें: शिबू सोरेन अस्वस्थ, हेमंत कानूनी शिकंजे में... क्या झामुमो दिखा पाएगा 1991 जैसा करिश्मा?

लू लगने पर यहां लें परामर्श

मांडविया ने कहा कि लू से अस्वस्थ होने पर लोगों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान केंद्र जाना चाहिए या जिला अस्पताल में डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।

स्वास्थ्य केंद्रों में हो पीने के पानी की व्यवस्था

मांडविया ने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य विभागों को लू के संभावित मामलों के तेजी से विश्लेषण और मानक उपचार प्रोटोकॉल में डॉक्टरों का प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के साथ सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पीने के पानी और अन्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। विभागों से यह सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया है कि एंबुलेंस में आइस पैक, ठंडे पानी की व्यवस्था होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें: जब वसुंधरा राजे के खिलाफ भाई ने उतारा प्रत्याशी, आंसुओं ने बदला समीकरण; नतीजे आने पर सब हैरत में पड़ गए