Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lok Sabha Election 2024 Result: कल होगा राजा-रानी और राजमाता की किस्मत का फैसला, जनता का मिलेगा साथ या होना पड़ेगा उदास!

Lok Sabha Election 2024 लोकसभा चुनाव 2024 में कई राजपरिवारों के सदस्यों के भाग्य का फैसला होगा। पश्चिम बंगाल से पंजाब तक और हिमाचल प्रदेश से कर्नाटक तक शाही परिवारों के कई वारिस चुनाव रण में उतरे हैं। मध्य प्रदेश की गुना सीट पर ज्योतिरादित्य सिंधिया और राजगढ़ में दिग्विजय सिंह के भाग्य का फैसला भी चार जून को होगा।

By Ajay Kumar Edited By: Ajay Kumar Updated: Mon, 03 Jun 2024 03:42 PM (IST)
Hero Image
लोकसभा चुनाव 2024: चुनाव मैदान में राजपरिवारों के ये दिग्गज।

चुनाव डेस्क, नई दिल्ली। देश की 543 लोकसभा सीटों का फैसला 4 जून यानी मंगलवार को होगा। इन्हीं में से कई सीटों पर दिग्गजों के अलावा राजपरिवारों की साख भी दांव पर लगी है। कहीं पर 'राजा' तो कहीं पर 'रानी' और कहीं 'महारानी' चुनाव मैदान में हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता इनका साथ देती है या इनके खिलाफ जनादेश देती है। आइए एक नजर डालते हैं उन लोकसभा सीटों पर जहां से राजपरिवार को लोग चुनाव मैदान में हैं....

ज्योतिरादित्य सिंधिया

मध्य प्रदेश की गुना लोकसभा सीट से ग्वालियर राजपरिवार के ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पहली बार भाजपा की टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। पिछली बार भाजपा प्रत्याशी ने सिंधिया को चुनाव हराया था। लोकसभा चुनाव 2024 में ज्योतिरादित्य के खिलाफ कांग्रेस ने राव यादवेंद्र सिंह यादव को उतारा है। 2002 में पहली बार ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस की टिकट पर गुना से लोकसभा चुनाव जीता था।

यह भी पढ़ें: बसपा ने उतारे सबसे अधिक 35 मुस्लिम प्रत्याशी, किस दल ने उतारे कितने उम्मीदवार? जानिए इस बार क्यों टूटा भरोसा?

परनीत कौर

पंजाब की पटियाला लोकसभा सीट से भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर कौ उतारा है। परनीत कौर का संबंध पटियाला राजघराने से है। परनीत कौर ने 2019 में कांग्रेस की टिकट पर पटियाला से लोकसभा चुनाव जीता था। इस बार कांग्रेस ने उनके खिलाफ धरमवीर गांधी को उतारा है। आप ने मंत्री डॉ. बलबीर सिंह पर दांव खेला। शिअद की टिकट पर एनके शर्मा ने चुनाव लड़ा। पटियाला में परनीत कौर की पहचान 'महारानी' के तौर पर है।

महिमा विश्वराज सिंह

उदयपुर राजघराने की सदस्य महिमा विश्वराज सिंह लोकसभा चुनाव 2024 भाजपा की टिकट पर राजसमंद सीट से लड़ रही हैं। महिमा विशेश्वर सिंह नाथद्वारा से विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ की पत्नी हैं। बता दें कि इसी राजपरिवार के महाराणा महेंद्र सिंह सांसद रह चुके हैं।

यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार

भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक की मैसूर लोकसभा सीट पर मैसूर राजवंश के यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार को टिकट दिया। भाजपा ने मौजूदा सांसद प्रताप सिम्हा का टिकट काटकर वाडियार को उतारा है। कांग्रेस ने एम लक्ष्मण वोक्कालिगा को उनके खिलाफ चुनाव लड़वाया। अब चार जून को साफ होगा कि जनता किसके साथ है।

दिग्विजय सिंह

मध्य प्रदेश की राजगढ़ लोकसभा सीट पर भी राजपरिवार की साख दांव पर लगी है। कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह 33 साल बाद यहां से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने उनके खिलाफ मौजूदा सांसद रोडमल नागर को उतारा है। 2019 लोकसभा चुनाव में भोपाल सीट पर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने दिग्विजय सिंह को हराया था। दिग्विजय सिंह का संबंध राघौगढ़ राजपरिवार से है।

विक्रमादित्य सिंह

हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह का संबंध भी राजपरिवार से है। उनके पिता वीरभद्र सिंह छह बार हिमाचल प्रदेश के सीएम रहे थे। भाजपा की टिकट पर फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने उनके खिलाफ चुनाव लड़ा।

राजपरिवार से ये भी मैदान में

पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर लोकसभा सीट पर भाजपा की टिकट पर राजपरिवार से संबंध रखने वालीं राजमाता अमृता रॉय चुनाव लड़ रही हैं। यहां उनका मुकाबला तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी महुआ मोइत्रा से है। त्रिपुरा पूर्व लोकसभा सीट से माणिक्य राजपरिवार की कीर्ति सिंह देवबर्मन ने भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा। ओडिशा की कालाहांडी सीट से भाजपा प्रत्याशी मालविका केशरी देव का संबंध भी राजपरिवार से है।

यह भी पढ़ें:  क्या यूपी की ये 23 सीटें बिगाड़ेंगी भाजपा का खेल? चौंका देंगे 2014 और 2019 के आंकड़े