Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lok Sabha Election 2024: 'पीएम मोदी की उम्र का बहाना बना रहा विपक्ष', केजरीवाल के दावे पर भड़के योगी ने और क्या कहा?

Lok Sabha Election 2024 दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने 75 साल होने पर पीएम मोदी के रिटायर होने का दावा किया। अब केजरीवाल के दावे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पलटवार किया है। योगी ने कहा कि हताश विपक्ष को अपनी हार का एहसास है। यही वजह है कि मोदी जी की उम्र का बहाना बना रहा है।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Sun, 12 May 2024 03:21 PM (IST)
Hero Image
लोकसभा चुनाव 2024: उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। (फाइल फोटो)

चुनाव डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। 75 साल की उम्र में प्रधानमंत्री मोदी के राजनीति से सेवानिवृत्त होने के केजरीवाल के दावे पर योगी ने जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपनी हार का एहसास है। यही वजह है कि वह उम्र का सहारा ले रहा है।

यह भी पढ़ें:  चौथे चरण की 15 हाई प्रोफाइल सीटें: 5 केंद्रीय मंत्री, एक पूर्व मुख्यमंत्री व दो क्रिकेटर मैदान में; फिल्म अभिनेता समेत दांव पर इनकी साख

छद्म आक्रमण का निरर्थक प्रयास कर रहा विपक्ष: योगी

योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा कि 'प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक प्राप्त हो रहे अपार जन समर्थन के सम्मुख विपक्ष का सारा प्रोपोगैंडा विफल हो गया है। लोकसभा चुनाव में अपनी पराजय सुनिश्चित जान, हताश विपक्ष मोदी जी की आयु का बहाना बनाकर छद्म आक्रमण का निरर्थक प्रयास कर रहा है।'

योगी ने आगे लिखा कि 'भारत का जन गण मन जानता है कि मोदी का हर क्षण भारत माता को परम वैभव तक ले जाने के लिए समर्पित है।' उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में 'विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की संकल्पनाएं सिद्ध हो रही हैं। तीसरे कार्यकाल में भारत वैश्विक महाशक्ति बनने की दिशा में नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेगा।

क्या कहा था केजरीवाल ने ?

अरविंद केजरीवाल ने भाजपा से पूछा था कि आपका प्रधानमंत्री कौन होगा? उन्होंने तर्क दिया था कि प्रधानमंत्री मोदी 2025 में 17 सितंबर को 75 साल के हो जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि मोदी ने 75 साल होने पर रिटायर होने का नियम बनाया था। उन्होंने आगे दावा किया कि दो महीने में योगी आदित्यनाथ को बदल दिया जाएगा। इसके बाद अमित शाह को प्रधानमंत्री बनाया जाएगा।

खुश होने की जरूरत नहीं: शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने केजरीवाल के दावे पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद भी देश का नेतृत्व करते रहेंगे। शाह ने कहा कि मैं अरविंद केजरीवाल एंड कंपनी और पूरे इंडिया गठबंधन को बताना चाहता हूं कि मोदी 75 साल के हो गए, इस पर खुश होने की कोई आवश्यकता नहीं है। भाजपा के संविधान में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। मोदी कार्यकाल पूरा करेंगे और देश का नेतृत्व करना जारी रखेंगे।

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी से राहुल गांधी और अखिलेश यादव तक... ये 10 दिग्गज खुद को नहीं दे पाएंगे अपना वोट