Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

फरीदकोट सीट पर 'सुरों' की जंग! बीजेपी से सूफी गायक हंसराज हंस और 'आप' से करमजीत अनमोल मैदान में, जानें इनके बारे में

Lok Sabha Election 2024 पंजाब की फरीदकोट लोकसभा सीट पर दो दलों ने दो गायकों पर दांव खेला है। भाजपा ने हंसराज हंस को दिल्ली से पंजाब भेजा और यहां से अपना प्रत्याशी घोषित किया। सूफी संत बाबा फरीद की नगरी से सूफी गायक हंसराज हंस चुनावी ताल ठोंक रहे हैं। उधर आम आदमी पार्टी ने गायक करमजीत अनमोल को उतारा है। अभी इस सीट पर कांग्रेस का कब्जा है।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Mon, 01 Apr 2024 08:58 PM (IST)
Hero Image
Lok Sabha Chunav 2024: हंसराज हंस और करमजीत अनमोल। (फाइल फोटो)

चुनाव डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब की फरीदकोट लोकसभा सीट की चर्चा इस बार पूरे देश में है। इसकी वजह यह है कि यहां से दो गायक चुनाव मैदान में आमने-सामने हैं। सूफी संत बाबा फरीद की नगरी से भाजपा ने सूफी गायक हंसराज हंस को प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब के मशहूर गायक और कॉमेडियन कर्मजीत अनमोल को उतारा है। मौजूदा समय में फरीदकोट से मोहम्मद सदीक कांग्रेस से सांसद हैं। कर्मजीत अनमोल का यह पहला लोकसभा चुनाव है। ... तो आइये जानते हैं दोनों गायकों के बारे में

सीट बदलकर पंजाब के रण में हंसराज हंस

उत्तर पश्चिम दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से सांसद हंसराज हंस अब फरीदकोट सीट पर भाजपा के प्रत्याशी हैं। हंसराज हंस की पहचान देश-दुनिया में सूफी गायक के तौर पर होती है। हंसराज हंस ने संगीत का सफर अपने गृह जिले जालंधर से शुरू किया था। उनका जन्म जालंधर के शफीपुर में एक वंचित परिवार में हुआ था। बचपन से ही तुम्बी बजाने का शौक था। हंसराज हंस की प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक स्कूल और उच्च शिक्षा जालंधर के डीएवी कॉलेज में हुई।

यह भी पढ़ें: पहला चरण बताएगा जीतन राम मांझी कितने असरदार, इन सीटों पर सभी की निगाहें, क्या काम आएगी राजग की ये रणनीति?

हंसराज हंस ने 2009 में जालंधर से शिरोमणि अकाली दल की टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा था। मगर हार का सामना करना पड़ा था। 2014 में हंसराज हंस ने कांग्रेस का हाथ भी थामा था। इसके बाद 2016 में भाजपा ज्वाइन की। 2019 में भाजपा ने उन्हें उत्तर पश्चिम दिल्ली से लोकसभा प्रत्याशी बनाया। इस चुनाव में उन्हें जीत मिली थी।

कौन हैं करमजीत अनमोल?

करमजीत अनमोल की पंजाब में पहचान गायक के अलावा अभिनेता और फिल्म निर्माता के तौर पर है। अनमोल पंजाब के सीएम भगवंत मान के बेहद करीबी दोस्त हैं। खास बात यह है कि वे भगवंत मान के गृह जिले संगरूर के रहने वाले हैं। करमजीत की पहचान मिमिक्री से स्थापित हुई।

भगवंत मान और करमजीत अनमोल ने एक साथ थिएटर किया। दोनों की दोस्ती कॉलेज के दिनों से है। कैरी ऑन जट्टा-3, मां द शोना और जी वाइफ जी हनीमून जैसे फिल्मों में करमजीत काम कर चुके हैं। करमजीत के गानों में कोका, यारा वे, जट्ट, बॉयज पुत्त जट्टा दे, भूत भंगरा शामिल हैं।

पहली बार शिअद ने जीती थी सियासी जंग

फरीदकोट सीट पर पहली सियासी जंग शिरोमणि अकाली दल ने जीती थी। 1976 तक फरीदकोट अलग लोकसभा सीट नहीं थी। गठन के बाद पहली बार फरीदकोट लोकसभा सीट पर 1977 में लोकसभा चुनाव हुआ था। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के दिग्गज दिवंगत नेता प्रकाश सिंह बादल यहां से पहली बार सांसद बने थे। 1996, 1998 और 2004 में यहां से सुखबीर सिंह बादल तीन बार सांसद रह चुके हैं। हालांकि अब वह फिरोजपुर से सांसद हैं। फरीदकोट लोकसभा सीट पर छह बार शिअद का कब्जा रहा है।

2014 में आप ने खोला था खाता

फरीदकोट सीट से कांग्रेस नेता मोहम्मद सादिक सांसद हैं। इस सीट पर चार बार कांग्रेस का कब्जा रहा है। वहीं 2014 में मोदी लहर के बावजूद इस सीट पर आम आदमी पार्टी ने चुनाव जीता था। मगर 2019 लोकसभा चुनाव में आप को हार का सामना करना पड़ा था।

ये विधानसभा सीटें लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा

  • फरीदकोट
  • कोटकपूरा
  • जैतो
  • गिद्दड़बाहा
  • रामपुरा फूल
  • मोगा
  • बाघापुराना
  • धर्मकोट
  • निहाल सिंह वाला

यह भी पढ़ें: अनुच्छेद 370 हटने के बाद कश्‍मीर में पहला लोकसभा चुनाव; साक्षी बनेंगे पर्यटक, जानिए क्‍या हैं तैयारियां