Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

ये चार नेता बनेंगे किंग मेकर, रुझानों में सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े

लोकसभा चुनाव 2024 में गठबंधन के साथ BJP 400 पार सीटों का लक्ष्य लेकर चुनाव मैदान में उतरी थी। एक्जिट पोल में भी भाजपा को जबरदस्त जीत के आंकड़ों के साथ आगे दिखाया जा रहा था। मगर 4 जून की सुबह जब रुझान आने शुरू हुए तो आंकड़े चौंकाने वाले थे। दोपहर दो बजे तक 4 किंग मेकर उभर कर सामने आ गए थे।

By Jagran News Edited By: Ruhee Parvez Updated: Tue, 04 Jun 2024 03:15 PM (IST)
Hero Image
दो किंग मेकर आइएनडीआइए की तरफ से और दो बीजेपी की तरफ से हैं।

नई दिल्ली। लोकसाभ चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश में आइएनडीआइए में शामिल सपा और पश्चिम बंगाल में तृणमूल ने खेला कर दिया। 4 जून की सुबह रुझानों के आने के साथ ही यूपी में अखिलेश यादव, तो पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी किंग मेकर की भूमिका में नजर आने लगीं। वहीं, दो किंग मेकर एनडीए गठबंधन में भी बनते दिखे। बिहार में जदयू के नेता नीतीश कुमार और आंध्र प्रदेश में टीडीपी के चंद्रबाबू नायडू रुझानों के बाद सरकार में अहम भूमिका निभाने वाले होंगे।  

UP में चल पड़ी सपा की साईकिल 

उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों के लिए आइएनडीआइए के तहत समाजवादी पार्टी और कांग्रेस मिलकर चुनाव मैदान में उतरे थे। सपा ने यूपी में कुल 63 और कांग्रेस ने 16 सीटों पर चुनाव लड़ा था। वहीं, एक सीट टीएमसी को दी गई थी। शुरुआती रुझानों में सपा ने सभी को चौंका दिया। रुझानों के अनुसार, दोपहर 2:41 बजे तक जब सपा 35, बीजेपी 33, कांग्रेस 7 सीटों पर आगे चल रही थी।  

TMC ने कर दिया BJP के साथ खेला

इसी तरह बात करें पश्चिम बंगाल की, तो वहां ममता बनर्जी किंग मेकर की भूमिका में उभरती दिख रही है। यहां की 42 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव हुआ था। आइएनडीआइए में यहां से तृणमूल कांग्रेस शामिल थी। माना जा रहा था कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा खेल कर देगी। हालांकि, रुझान बता रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने भाजपा के साथ खेला कर दिया है। 

सुबह 8 बजे शुरू हुई काउंटिंग के बाद से लगातार टीएमसी बढ़त बनाए रही। टीएमसी 32 सीटों पर आगे थी, जबकि बीजेपी 9 सीटों पर आगे चल रही थी। इस लिहाज से देखें, तो साल 2019 के लोकसभा चुनाव की तुलना में भाजपा 9 सीटों के नुकसान में है। दरअसल, तब भाजपा को 18 सीटें मिली थीं। 

बिहार में नीतीश कुमार BJP के खेवनहार 

बिहार की बात करें, तो यहां 40 सीटों में से 33 सीटों पर एनडीए गठबंधन के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। बीजेपी ने 17 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, जबकि जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) को 16 सीटें दी गई थीं। नीतीश कुमार की अगुवाई वाली जेडीयू के 14 उम्मीदवार अपनी सीटों पर बढ़त बनाए हुए दिख रहे हैं। 

लिहाजा, एनडीए गठबंधन की तरफ से नीतीश कुमार किंग मेकर की भूमिका में नजर आ रहे हैं। भाजपा को मिली 17 में से 13 सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। वहीं, चिराग पासवान की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 5 सीटों पर आगे चल रही है। 

विपक्षी महागठबंधन की बात करें, तो 7 सीटों पर गठबंधन के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। लालू यादव की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के उम्मीदवार तीन और कांग्रेस के उम्मीदवार दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। 

आंध्र में चंद्रबाबू नायडू बनेंगे BJP का सहारा

इसी तरह अगर बात करें आंध्र प्रदेश की, तो यहां की 25 लोकसभा सीटों में से तेलगू देशम पार्टी यानी टीडीपी 15 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, भाजपा 3 सीटों पर आगे है। एक सीट पर कांग्रेस का खाता खुला है।

बताते चलें कि यहां विधानसभा चुनाव भी साथ में ही हो रहे हैं। यहां की 175 सीटों में से टीडीपी 122 सीटों पर आगे चल रही है। टीडीपी के सहयोगी जेएसपी और बीजेपी क्रमशः 21 और 7 सीटों पर आगे चल रहे हैं। वाईएसआरसीपी 18 सीटों पर आगे चल रही है।