Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

MP Election 2023: मंडला में गरजे शिवराज सिंह चौहान, बोले- आदिवासियों की दुश्मन है कांग्रेस

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को मंडला के मानिकसरा में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आदिवासियों और गरीबों की सबसे बड़ी दुश्मन है। उन्होंने कहा कि शिवराज जिम्मेदारी से कह रहा है पूरी दुनिया सुन ले बहनों को अभी 1250 रुपये दे रहा हूं पैसे का इंतजाम होगा तो तीन हजार रुपया करूंगा।

By Jagran NewsEdited By: Anurag GuptaUpdated: Thu, 19 Oct 2023 10:45 PM (IST)
Hero Image
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (फोटो: @OfficeofSSC)

ऑनलाइन डेस्क, मंडला। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को मंडला के मानिकसरा में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आदिवासियों और गरीबों की सबसे बड़ी दुश्मन है। कांग्रेस ने कभी आदिवासियों तक विकास और सुविधाएं नहीं पहुंचने दीं। सिर्फ उनका शोषण किया है। 

कांग्रेस पर बरसे CM शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज ने कांग्रेस ने हमेशा गरीबों और आदिवासियों का शोषण किया है। अगर आदिवासियों के साथ किसी ने अन्याय किया है और आदिवासियों का सबसे बड़ा दुश्मन कोई है तो वह कांग्रेस है। कांग्रेस ने कभी भी आदिवासी वर्ग का सम्मान नहीं किया। कांग्रेस ने आदिवासियों का सबसे ज्यादा अपमान और दुर्गति की।

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि पहले बहनें 1000-500 रुपये के लिए परेशान होती थी, तब मेरे मन में विचार आया और बहनों के खाते में हर माह 1000 रुपये देकर मैंने शुरुआत की। उन्होंने कहा कि विकास के जितने काम हों, शिक्षा हो, रोजगार हो, हमने किया है।

इस बीच शिवराज सिंह चौहान ने जनता से वादा करते हुए कहा कि भाजपा ने फैसला लिया है कि हर परिवार में एक व्यक्ति को रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज-कल कांग्रेस वाले मेरी शिकायत चुनाव आयोग के समक्ष कर रहे हैं कि मामा चुपके से पैसा डालने की बात कर रहा है। मैं फिर कह रहा हूं कि चुपके से नहीं, डंके की चोट पर डालूंगा।

यह भी पढ़ें: 'कांग्रेस को खुद पर भरोसा नहीं, करा रहे तांत्रिक क्रियाएं', सीएम शिवराज ने भाजपा के हाइटेक रथ किए रवाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवराज जिम्मेदारी से कह रहा है, पूरी दुनिया सुन ले, बहनों को अभी 1,250 रुपये दे रहा हूं, पैसे का इंतजाम होगा तो तीन हजार रुपया करूंगा। एक करोड़ 32 लाख बहनों के खाते में जब 1,250 रुपये जाता है तो इंतजाम करने में समय तो लगता है। इसलिए अभी बढ़ा कर 1,250 रुपये किया है। जैसे ही पैसों का इंतजाम होगा 1,250 से बढ़ाकर 3,000 रुपये महीना कर दूंगा।

मुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी पर किया कटाक्ष

वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अभी प्रियंका आईं थीं। वह कह रही थीं, ये शिवराज मामा तो आदिवासियों को चप्पल और भाई को जूते पहनाता है। मैं कह रहा हूं- हां, पहनाऊंगा। इनके पांव में कांटा गड़ता है तो वो कांटा इनके पांव में नहीं, मेरे सीने में चुभता है। मैंने जूते पहनाए और चप्पल पहनाई, हमने पानी की कुप्पी दी और सुन ले 200 रुपये का छाता भी दिया। यह काम भाजपा सरकार करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस ने कभी पेसा एक्ट लागू नहीं किया, पेसा भाजपा सरकार ने लागू किया है। उन्होंने कहा कि किसानों के खाते में भी हर माह पैसे डाले जा रहे हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के 6,000 रुपये और सीएम किसान कल्याण के भी 6,000 रुपये किसानों को मिल रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि आदिवासी, गैर आदिवासी कोई भी हो जिनके मकान अभी रह गए हैं, उनके लिए सीएम आवास योजना में मकान बनाए जाएंगे। जिनके पक्के मकान नहीं है, उन्हें लाडली बहना आवास योजना में पक्के मकान बनाकर दिए जाएंगे।

'डूब के हर गांव में पाइप लाइन से देंगे पानी'

मुख्यमंत्री ने कहा कि डूब क्षेत्र के हर गांव में मोटर लगाने के साथ-साथ पाइप लाइन से पानी पहुंचाया जाएगा। डूब क्षेत्र के गांवों को विकसित करके उनके साथ पूरी तरह से न्याय दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: PM मोदी ने मध्य प्रदेश वासियों से मांगा समर्थन, बोले- इस बार फिर बनवाएं डबल इंजन की सरकार

'कांग्रेस ने बंद कर दी थीं योजनाएं'

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने सभी योजनाएं बंद कर दी थीं। कमलनाथ ने बेटियों की शादी करवा कर पैसे नहीं दिए, संबल योजना बंद कर दी, बुजुर्गों के तीर्थ दर्शन योजना भी बंद कर दी थी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के छलावे में मत आइए, इन्होंने कभी रानी दुर्गावती जी का सम्मान नहीं किया। मुझे कहते हुए गर्व है कि 100 करोड़ रुपये का रानी दुर्गावती का स्मारक जबलपुर में भाजपा की सरकार बनवा रही है। रघुनाथ शाह जी, शंकरशाह जी के स्मारक और मंडला में मेडिकल कॉलेज खोलने से लेकर विकास की गाथा भाजपा ने लिखी है।