Move to Jagran APP

MP Election 2023: 'मैडम सोनिया! सनातन पर आपका जवाब चाहिए', CM शिवराज ने I.N.D.I.A. गठबंधन की लगाई क्लास

शिवराज ने कहा कि जो लोग सनातन को खत्म करने की बात कहते है उसे देश और प्रदेश की जनता नेस्तनाबूद कर देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हर धर्म का सम्मान करती है। राजनीति में इतना भी नीचे नहीं गिरना चाहिए कि उठने का मौका न मिले। चौहान ने कहा कि वे सरकार भी एक परिवार की तरह चलाते है। उन्होंने कभी अपने आपको मुख्यमंत्री नहीं समझा।

By Mohammad SameerEdited By: Mohammad SameerUpdated: Wed, 20 Sep 2023 07:28 AM (IST)
Hero Image
मैडम सोनिया, सनातन पर आपका जवाब चाहिए: शिवराज (file photo)
विदिशा, जेएनएनः सनातन धर्म में कोई छोटा–बड़ा नहीं होता। पूरी दुनिया एक परिवार है लेकिन इंडी गठबंधन के लोग सनातन को एड्स, डेंगू और मलेरिया रोग बताते है। मैडम सोनिया इस पर आपका जवाब चाहिए। आप सनातन पर क्या सोचती हैं।  सनातन का ये अपमान देश और प्रदेश की जनता नहीं सहेगी। इसका जवाब प्रदेश की जनता देगी। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार की रात में जन आशीर्वाद यात्रा की आमसभा में कही।

इस दौरान गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी साथ मौजूद रहे।  शहर में रोड शो के बाद माधवगंज चौराहा पर आयोजित आमसभा में मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सनातन धर्म को कभी खत्म नहीं किया जा सकता, वह आदि और अनंत है।

जो लोग सनातन को खत्म करने की बात कहते है उसे देश और प्रदेश की जनता नेस्तनाबूद कर देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हर धर्म का सम्मान करती है। राजनीति में इतना भी नीचे नहीं गिरना चाहिए कि उठने का मौका न मिले। चौहान ने कहा कि वे सरकार भी एक परिवार की तरह चलाते है। उन्होंने कभी अपने आपको मुख्यमंत्री नहीं समझा। वे आज भी प्रदेश की जनता के मामा और भैया है।

यह भी पढ़ेंः सीएम शिवराज सिंह की सौगात, तीन लाख युवाओं को देंगे 23 सौ करोड़ रुपये का लोन

जिस तरह परिवार का मुखिया परिवार की भलाई के लिए काम करता है,वे भी इसी सोच के साथ काम करते हैं। लाड़ली बहनों का बड़ा सम्मान मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना से महिलाओं का सम्मान बड़ा है।

इस योजना से परिवार में सास–बहु और पति–पत्नी के रिश्ते सुधरे हैं। उन्होंने कहा कि पैसे में बड़ी ताकत होती है। आज महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही है लेकिन कांग्रेस के पेट में इससे भी दर्द हो रहा है। मुख्यमंत्री रहते कमल नाथ कहते थे कि उनके पास पैसा ही नहीं है और मैं कहता हूं कि मेरे पास पैसे की कोई कमी नहीं है। उन्होंने सस्ता गैस सिलेंडर, सीएम आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी की जानकारी दी।

इसके पूर्व गृह मंत्री मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री यहां सरकार बनाने नहीं इतिहास बनाने आए हैं। वे देश में सबसे अधिक समय तक मुख्यमंत्री बनाने का रिकार्ड बनाएंगे।

स्वागत भाषण मुकेश टंडन ने दिया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जादौन, पूर्व मंत्री सूर्यप्रकाश मीणा, जिला पंचायत अध्यक्ष गीता रघुवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तोरण सिंह दांगी, पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा, नपा अध्यक्ष प्रीति शर्मा सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।

सौ से अधिक जगह पर किया स्वागत जन आशीर्वाद शाम साढ़े छह बजे गुलाब वाटिका से शुरू हुई। यहां से यह यात्रा डंडापुरा, बड़ा बाजार, तिलक चौक होते हुए माधवगंज चौराहा पहुंची। रास्ते में जगह जगह विभिन्न संस्थाओं और संगठनों ने रथ पर सवार मुख्यमंत्री का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। करीब डेढ़ किमी की दूरी एक घंटे से अधिक समय में तय की गई।

संगठनों के अलावा रास्ते में रहवासियों ने भी मुख्यमंत्री पर फूल बरसाए। इस दौरान बड़ा बाजार पर एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री को गणेश जी की मूर्ति भी भेंट की। सफाई कर्मियों ने एक घंटे में चकाचक की सड़कें शहर में पहली बार यात्रा निकलने के एक घंटे के भीतर पूरी सड़कें चकाचक हो गई। नगर पालिका की इस अभिनव पहल ने नागरिकों को काफी राहत दी।

यात्रा के पीछे–पीछे नपा की सफाई कर्मियों की पूरी टीम चल रही थी। टीम के साथ चार कचरा वाहन भी चल रहे थे। सफाई कर्मी यात्रा में हो रही पुष्प वर्षा के बाद फूलों को उठाकर कचरा वाहन में डालते नजर आए। यही वजह रही कि पूरे मार्ग की सड़कें यात्रा के समापन के साथ ही साफ हो गई।

कांग्रेसियों को पुलिस ने किया नजरबंद कांग्रेस नेता आनंद प्रताप सिंह ने जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से किसानों और नागरिकों की समस्याओं को लेकर सवाल पूछने की घोषणा की थी। आनंद का कहना है कि पुलिस प्रशासन ने इस प्रदर्शन को रोका और प्रदर्शनकारियों को हाउस अरेस्ट करते हुए कार्यालय में ही बिठाकर रखा।

उन्होंने बताया कि हमारे सभी साथी और किसान भाई मुख्यमंत्री के आगमन पर प्रदर्शन करने के लिए नीमताल स्थित कार्यालय पर एकत्रित हुए और हाथों में तख्तियां लेकर दर्शन के लिए आगे बढ़े तभी पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को हाउस अरेस्ट करते हुए कार्यालय में ही रोक दिया और मुख्यमंत्री के निकल जाने तक के लिए हाउस अरेस्ट करके रखा गया।