Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

MP Election 2023: भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने घोषित 39 प्रत्याशियों को दिए जीत के टिप्स

मध्‍य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 में जिन 39 सीटों पर भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा था उन पर घोषित प्रत्याशियों को पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर और सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव ने जीत के टिप्स दिए ।

By Jagran NewsEdited By: Sonu GuptaUpdated: Wed, 23 Aug 2023 11:32 PM (IST)
Hero Image
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने घोषित 39 प्रत्याशियों को पढ़ाया शुचिता का पाठ। फाइल फोटो।

भोपाल, राज्य ब्यूरो। मध्‍य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 में जिन 39 सीटों पर भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा था, उन पर घोषित प्रत्याशियों को पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर और सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव ने जीत के टिप्स दिए।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई थी बैठक

प्रदेश भाजपा कार्यालय में बुधवार को आयोजित बैठक में प्रत्याशियों को शुचिता का पाठ पढ़ाते हुए वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि ताम-झाम (दिखावा) से दूर रहकर अपना किला मजबूत करो। राजनीतिक हलचल पर नजर रखो और जातिगत समीकरणों पर भी ध्यान दो।

वरिष्ठ नेताओं ने कहा- व्यक्तिगत संपर्कों को बढ़ाएं

प्रत्याशियों से कहा कि आपके पास प्रचार के लिए बहुत समय है, इसलिए व्यक्तिगत संपर्कों को बढ़ाएं, रूठे कार्यकर्ताओं को मनाएं। प्रमुख मतदाताओं से संपर्क कर भाजपा की रीति-नीति और केंद्र-राज्य की योजनाओं के बारे में बताएं और यह समझाएं कि देश की राजनीतिक स्थिति में प्रदेश में भाजपा की सरकार ही क्यों जरूरी है।

39 विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रत्याशियों हुए थे बैठक में आमंत्रित

बैठक में 39 विधानसभा क्षेत्र के संयोजक, प्रत्याशी, विस्तारक और आकांक्षी क्षेत्र प्रभारियों को बुलाया गया था। उनसे कहा गया कि सब को मिलकर काम करना है, अपने-अपने क्षेत्र में देखें कि 2018 में किस बूथ पर कितने वोट मिले थे और कम वोट मिलने का कारण क्या था? कारणों तक जाएं और शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर पर योजना बनाकर उन्हें समाप्त करने के प्रयास शुरू कर दें। पार्टी ने सदस्यता अभियान भी प्रारंभ कर दिया है, इसमें सफलता के लिए लोगों से मिलें और मिस काल कराएं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने क्या कहा?

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से कहा कि चुनाव से पहले प्रत्याशी घोषित करने का साहस भाजपा में ही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मंत्र के अनुरूप प्रत्याशी प्रत्येक बूथ और पन्ने पर ऐतिहासिक बहुमत से जीत का संकल्प लेकर पूरी तैयारी और गंभीरता के साथ मैदान में उतर चुके हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बननी नहीं है, इसलिए वह झूठे वादे कर रही है। कांग्रेस के झूठ से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता।

प्रत्याशियों और मैदानी नेताओं को सामुदायिक लामबंदी और व्यवहार परिवर्तन एवं संचार कौशल सिखाते हुए वरिष्ठों ने चेताया कि जुबान पर पूरी तरह से नियंत्रण रखें। सार्वजनिक बैठकों में संयमित एवं संसदीय भाषा का उपयोग करें, किसी पर झल्लाएं नहीं। इंटरनेट मीडिया हैंडलिंग और मीडिया मैनेजमेंट पर जोर दें। कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाकर रखें। उन्हें जोखिम प्रबंधन, दैनिक रिपोर्टिंग, प्रतिक्रिया प्रणाली का प्रशिक्षण देने से लेकर प्रत्याशी का आवेदन भरने की प्रक्रिया और मतदान की जानकारी दी गई।

जिला अध्यक्षों को संदेश दिया गया कि टिकट के अन्य दावेदारों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधे संपर्क रखें। आपको मतदान केंद्र स्तर तक होने वाले प्रत्येक घटनाक्रम की जानकारी होनी चाहिए। पार्टी का फोकस क्षेत्र के मौजूदा विधायक की ताकत और कमियों पर भी रहेगा।