Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सत्ता प्राप्ति के लिए राजराजेश्वर मंदिर में अनुष्ठान करने पहुंचते हैं राजनेता

महेश्वर के ऐतिहासिक राजराजेश्वर मंदिर में राजनेताओं के पूजन-अनुष्ठान शुरू हो गए हैं।

By Prashant PandeyEdited By: Updated: Wed, 07 Nov 2018 08:38 AM (IST)
Hero Image
सत्ता प्राप्ति के लिए राजराजेश्वर मंदिर में अनुष्ठान करने पहुंचते हैं राजनेता

विवेक वर्धन श्रीवास्तव-अभय तिवारी, महेश्वर। विधानसभा चुनाव के लिए लोगों के बीच पहुंचकर अपने कार्य गिनाने और वादे करने वाले राजनेता जीत का आशीर्वाद लेने के लिए मंदिरों में मत्था टेकने पहुंचने लगे हैं। महेश्वर के ऐतिहासिक राजराजेश्वर मंदिर में राजनेताओं के पूजन-अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। कोई जीत के लिए शीश नवाने पहुंच रहा है तो कोई पद पाने के लिए अनुष्ठान करवा रहा है। नर्मदा किनारे बसे महेश्वर के राजराजेश्वर मंदिर के साथ मान्यता जुड़ी हैं कि यहां स्थित शिवलिंग का अभिषेक और पूजन करने से खोई हुई प्रतिष्ठा और सत्ता सुख मिलता है।

इस खूबी की वजह से न केवल राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक पार्टियां बल्कि बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां भी आ चुकी हैं। उल्लेखनीय है कि इस मंदिर के साथ कई तरह की किवदंतियां जुड़ी हैं। ऐसा माना जाता है कि वर्ष 2003 में सत्ता प्राप्ति के लिए भाजपा नेत्री उमा भारती ने अपने आध्यात्मिक गुरु शिव चैतन्य ब्रह्मचारी के आदेश पर इसी मंदिर में अनुष्ठान किया था।

इसके बाद मुख्यमंत्री की शपथ लेते ही उमा भारती यहां दर्शन करने पहुंची थीं। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान भी इस मंदिर में पूजा कर चुके हैं। इधर, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भी मुख्यमंत्री रहते कई बार यहां दर्शनअनुष्ठान कर चुके हैं।

सदियों से प्रज्जवलित हैं 11 नंदा दीपक

राजराजेश्वर शिवालय के गर्भगृह में 11 अखंड नंदा दीपक सदियों से प्रज्जवलित हैं। मंदिर के चैतन्य गिरी महंत ने बताया कि श्रद्धालु यहां मन्नत पूरी होने पर शुद्ध घी चढ़ाते आते हैं।