Move to Jagran APP

Maharashtra: ‘महायुति’ और ‘महाविकास आघाड़ी’ के बाद अब महाराष्ट्र में ‘महाशक्ति’ गठबंधन, बड़े दलों के लिए खतरे की घंटी

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति एवं विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (मविआ) के बाद अब तीसरा गठबंधन ‘परिवर्तन महाशक्ति’ भी सामने आ गया है। इस गठबंधन का गठन कोल्हापुर गद्दी के वंशज एवं पूर्व सांसद छत्रपति संभाजी राजे के नेतृत्व में पूर्व सांसद और किसान नेता राजू शेट्टी एवं अमरावती के निर्दलीय विधायक बच्चू कड़ू ने मिलकर किया है।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Mon, 21 Oct 2024 06:44 AM (IST)
Hero Image
‘महायुति’ और ‘महाविकास आघाड़ी’ के बाद अब महाराष्ट्र में ‘महाशक्ति’ गठबंधन

ओमप्रकाश तिवारी, मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति एवं विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (मविआ) के बाद अब तीसरा गठबंधन ‘परिवर्तन महाशक्ति’ भी सामने आ गया है। यह गठबंधन भी सोमवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने की योजना बना रहा है। राज्य के कुछ छोटे दलों को मिलाकर बना यह गठबंधन महायुति और मविआ दोनों के लिए मुसीबत बन सकता है।

मनोज जरांगे पाटिल महाशक्ति गठबंधन से जुड़ सकते हैं

छत्रपति शिवाजी महाराज की कोल्हापुर गद्दी के वंशज एवं पूर्व सांसद छत्रपति संभाजी राजे के नेतृत्व में पूर्व सांसद एवं किसान नेता राजू शेट्टी एवं अमरावती के निर्दलीय विधायक बच्चू कड़ू ने मिलकर परिवर्तन महाशक्ति नामक गठबंधन का गठन किया है। यह गठबंधन राज्य की सभी सीटों पर उम्मीदवार खड़े करने की घोषणा कर चुका है।

सोमवार की इसके उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी होने की उम्मीद की जा रही है। संभाजी राजे ने मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल एवं बहुजन विकास आघाड़ी के नेता प्रकाश आंबेडकर को भी इस गठबंधन में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था। लेकिन अभी इन दोनों नेताओं की ओर से कोई फैसला नहीं किया गया है।

राजू शेट्टी महाराष्ट्र के प्रमुख किसान नेता

छत्रपति संभाजी राजे की अपनी पार्टी का नाम महाराष्ट्र स्वराज्य पक्ष है। जबकि उनके पिता शाहूजी महाराज छत्रपति ने 2024 का लोकसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़कर जीता है। संभाजी राजे का प्रभाव क्षेत्र पश्चिम महाराष्ट्र है। राजू शेट्टी महाराष्ट्र के प्रमुख किसान नेता हैं। उनके दल का नाम स्वाभिमानी पक्ष है। वह 2014 में भाजपा के सहयोगी दल के रूप में पश्चिम महाराष्ट्र की हातकडंगले सीट से लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। लेकिन उसके बाद भाजपा से उनकी नहीं बन रही है। उनका प्रभाव क्षेत्र पश्चिम महाराष्ट्र के किसानों के बीच माना जाता है।

बच्चू कड़ू विदर्भ के अमरावती क्षेत्र से विधायक

बच्चू कड़ू विदर्भ के अमरावती क्षेत्र से विधायक हैं। उनकी पार्टी का नाम प्रहार जनशक्ति पार्टी है। महाराष्ट्र विधानसभा में उनकी पार्टी का उनके अलावा एक और विधायक है। वह 2019 में बनी मविआ सरकार में शिवसेना के साथ थे। लेकिन एकनाथ शिंदे के शिवसेना से बगावत करने पर वह शिंदे के साथ आ गए थे। हाल के लोकसभा चुनाव में अमरावती से भाजपा द्वारा नवनीत राणा को टिकट दिए जाने से बच्चू कड़ू नाराज थे। उन्होंने चुनाव में राणा का भरपूर विरोध किया, और उन्हें हरवाने में बड़ी भूमिका निभाई।

अब ये तीनों नेता मिलकर परिवर्तन महाशक्ति गठबंधन के उम्मीदवार खड़े करने की घोषणा कर चुके हैं। इन तीनों नेताओं का अपने-अपने क्षेत्रों में इतना प्रभाव है कि वे अपने कुछ उम्मीदवार जिता सकते हैं और राज्य के दोनों प्रमुख गठबंधनों की जीत-हार में बड़ी भूमिका भी निभा सकते हैं। संभाजी राजे इस गठबंधन में मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल और बहुजन विकास आघाड़ी के नेता प्रकाश आंबेडकर को भी शामिल होने का न्यौता दे चुके हैं।

भाजपा कांग्रेस का खेल खराब कर सकता है गठबंधन

मनोज जरांगे पाटिल से उनकी कई मुलाकातें भी हुई हैं। यदि पाटिल और आंबेडकर उनके गठबंधन में शामिल होकर या सीमित क्षेत्रों में शामिल होकर चुनाव लड़ते हैं, तो यह गठबंधन अलग-अलग क्षेत्रों में भाजपानीत महायुति एवं विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी, दोनों का खेल खराब कर सकता है।