Move to Jagran APP

महाराष्ट्र में नहीं सुलझ रही मविआ की टिकट पर तकरार, अब समाजवादी पार्टी का फंसा पेंच; शरद पवार से मिले अबू आजमी

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का समय पास है और महाविकास अघाड़ी गठबंधन में टिकट का मामला नहीं सुलझ रहा है। अब महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मनचाही सीटें नहीं मिलने नाराज सपा प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने रविवार को राकांपा (शरदचंद्र पवार) के नेता शरद पवार से भेंट की। समाजवादी पार्टी महाराष्ट्र में 12 सीटों पर लड़ने का दावा कर रही है।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Mon, 21 Oct 2024 05:45 AM (IST)
Hero Image
महाराष्ट्र में 12 सीटों पर लड़ने का दावा कर रही है समाजवादी पार्टी

 राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मनचाही सीटें नहीं मिलने नाराज सपा प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने रविवार को राकांपा (शरदचंद्र पवार) के नेता शरद पवार से भेंट की। उन्होंने कहा है कि यदि कांग्रेस ने सीट बंटवारे का फैसला ठीक से नहीं किया, तो यहां भी हरियाणा जैसा ही हाल होगा।

समाजवादी पार्टी महाराष्ट्र में 12 सीट मांग रही

समाजवादी पार्टी महाराष्ट्र में 12 सीटों पर लड़ने का दावा कर रही है। इनमें से चार सीटों पर उम्मीदवार राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को ही अपने महाराष्ट्र दौरे के दौरान घोषित कर दिए हैं। अबू आजमी ने कहा है कि जब मविआ के दल सपा को विश्वास में लिए बिना अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करते हैं, तो इससे साबित होता है कि वह हमारी पार्टी को गठबंधन का हिस्सा नहीं मानते हैं। इसके बावजूद आजमी को अब भी उम्मीद है कि मविआ उनकी मांगें मानेगी।

अबू आजमी ने शरद पवार से उनके घर जाकर मुलाकात की

सोमवार इसी उम्मीद के साथ आजमी ने शरद पवार से उनके घर जाकर मुलाकात की। उन्होंने पवार को अपने द्वारा मांगी जा रही सीटों पर जीत का गणित समझाया। उनकी बातें सुनने के बाद पवार ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह सोमवार को होने वाली मविआ की बैठक में अबू आजमी को बुलाकर इन मुद्दों पर निर्णय लेंगे।

भाजपा की पहली लिस्ट में 99 उम्मीदवारों के नाम का एलान

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव (Maharashtra BJP Candidates List) के लिए भाजपा (BJP) ने आज उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 99 उम्मीदवारों के नाम हैं। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर साउथ वेस्ट विविधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

संजय मुकंद केलकर ठाणे विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। रवींद्र दत्तात्रेय चव्हाण को डोंबिवली से उम्मीदवार बनाया गया है। विद्या जयप्रकाश ठाकुर को गोरेगांव से उम्मीदवार बनाया गया है। कंकावली विधानभा सीट से नितेश नारायण राणे चुनाव लड़ेंगे। छत्रपति शिवेंद्र राजे भोसले को कराड दक्षिण से टिकट दिया गया है।

155 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है भाजपा

बताया जा रहा है कि भाजपा 155, शिवसेना 78 एवं राकांपा 55 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। महायुति गठबंधन का प्लान है कि राज्य में सामाजिक एवं जातीय समीकरण बनाए रखने के लिए कुछ छोटे सहयोगी दलों को भी साथ लिया जाएगा। बता दें कि 2019 के चुनाव में भाजपा के हिस्से में 164 एवं तब की अविभाजित शिवसेना के हिस्से में 124 सीटें आई थीं।