लोकसभा चुनावBack

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (कांग्रेस)

22 मई, 2004 से 26 मई, 2014 तक
manmohan singh

भारत के 14वें प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह विचारक और विद्वान के रूप में जाने जाते हैं। उनकी कर्मठता और काम के प्रति उनका समर्पण उनको और भी महान बनाता है। उनके सरल और सहज व्यवहार को सराहा जाता है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर, 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब प्रांत के एक गांव में हुआ था।।

डॉ. सिंह ने 1948 में मैट्रिक की पढ़ाई पूरी की। उनका शैक्षणिक करियर उन्हें पंजाब से ब्रिटेन के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय ले गया, जहां उन्होंने 1957 में अर्थशास्त्र में प्रथम श्रेणी में ऑनर्स की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने 1962 में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के नफिल्ड कॉलेज से अर्थशास्त्र में डीफिल की उपाधि प्राप्त की।

साल 1971 में डॉ. सिंह भारत सरकार के वाणिज्य मंत्रालय में आर्थिक सलाहकार के रूप में शामिल हुए। इसके तुरंत बाद 1972 में वित्त मंत्रालय में मुख्य आर्थिक सलाहकार के रूप में उनकी नियुक्ति हुई। वे कई सरकारी पदों पर रहे, उनमें वित्त मंत्रालय में सचिव भी शामिल हैं। इसके अलावा वे योजना आयोग के उपाध्यक्ष, भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर, प्रधानमंत्री के सलाहकार और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष पद पर रहे।

देश की हालत जब खराब थी, उस वक्‍त डॉ. मनमोहन 1991 में वित्त मंत्री बने। उन्होंने भारत में आर्थिक सुधार लागू करके भारत को परेशानियों से निकाला। उनके प्रयास से ही आज भारत प्रगति के पथ पर दौड़ रहा है। उनके द्वारा शुरू किए आर्थिक सुधारों को पूरी दुनिया में याद किया जाता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में दो कार्यकाल पूरे किए। उन्होंने पहली बार 22 मई, 2004 को पीएम के रूप में शपथ ली। उसके बाद जनता ने एक बार फिर उन्हें 2009 में प्रधानमंत्री बनाया। उनकी पत्नी का नाम गुरशरण कौर है और उनकी तीन बेटियां हैं।