Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Rajasthan Polls: बड़ी बहन के पति को हराकर विधायक बनी थीं शोभारानी, एक बार फिर जीजा और साली आमने-सामने

राजस्थान के सियासी मैदान में सीधे ताल ठोक रही छोटी बहन ने बड़ी बहन के पति को चुनौती दे दी है। अपने ही जीजा को हराकर विधायक बन चुकी शोभा अब एक बार फिर चुनावी मैदान में हैं। पिछली बार भाजपा से विधायक बनीं शोभारानी ने तब कांग्रेस के प्रत्याशी और अपने जीजा डॉ. शिवचरण को हराया था। इस बार दोनों दावेदार फिर आमने-सामने हैं।

By Jagran NewsEdited By: Anurag GuptaUpdated: Wed, 15 Nov 2023 06:57 PM (IST)
Hero Image
छोटी बहन ने बड़ी बहन के पति को दी चुनौती (फाइल फोटो)

जेएनएन, जयपुर। उत्तर प्रदेश के झांसी के मेवातीपुरा मोहल्ले की गलियों में साथ-साथ खेलीं दो बहनों का परिवार अब धौलपुर में सियासत की धुरी बन गया है। सियासी मैदान में सीधे ताल ठोक रही छोटी बहन ने बड़ी बहन के पति को चुनौती दे दी है। अपने ही जीजा को हराकर विधायक बन चुकी शोभा अब एक बार फिर चुनावी मैदान में हैं और उन्होंने चुनौती एक बार फिर पुराने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी जीजा को ही दी है। हालांकि, इन पांच सालों में राजनीतिक समीकरण थोड़े बदले-बदले से भी हैं।

धौलपुर में हुई थी दोनों बहनों की शादी

झांसी के मेवातीपुरा मोहल्ले में स्व. बलदेव सिंह कुशवाहा (एडवोकेट) व लक्ष्मी देवी के घर एक बेटे के बाद दो बेटियों ने जन्म लिया। दोनों बहनें रजनी कुशवाहा व शोभारानी एक ही आंगन में खेली-कूदीं और एक ही स्कूल में साथ-साथ पढ़ीं। स्नातक करने के बाद दोनों बहनों की शादी धौलपुर (राजस्थान) में हो गई। उस समय शोभारानी के पति बीएल कुशवाहा राजनीति में सक्रिय थे। वर्ष 2013 में वह बहुजन समाज पार्टी से चुनाव जीतकर विधायक बन गए, लेकिन उनकी यह पारी ढाई वर्ष ही चल पाई और किन्हीं कारणों से उनकी विधायकी चली गई।

इसके बाद शोभारानी ने अपने पति की राजनीतिक विरासत को संभाला। इस बार झांसी की बिटिया शोभारानी धौलपुर सीट से विधायक चुनी गईं, पर साल 2018 के चुनाव में उन्हें घर से ही राजनीतिक चुनौती मिल गई। भाजपा ने शोभारानी को मैदान में उतारा तो कांग्रेस ने उनकी बड़ी बहन रजनी के पति डॉ. शिवचरण को टिकट दिया। शोभा ने यह चुनौती स्वीकार की और अपने जीजा को हराकर दूसरी बार विधायक बनीं। अब एक बार फिर चुनावी रणक्षेत्र में शोभा का मुकाबला अपने जीजा से होने जा रहा है।

यह भी पढ़ें: 'एमपी-छत्तीसगढ़ में डिब्बा गुल, राजस्थान से भी जा रही है कांग्रेस' पीएम मोदी का वार

शोभा ने बदला पाला

पिछली बार भाजपा से विधायक बनीं शोभारानी ने तब कांग्रेस के प्रत्याशी और अपने जीजा डॉ. शिवचरण को हराया था। इस बार दोनों दावेदार फिर आमने-सामने हैं, लेकिन पार्टी और निष्ठाएं बदल चुकी हैं। अबकी बार शोभारानी कांग्रेस से चुनावी मैदान में उतरी हैं तो उनके जीजा ने कमल थाम लिया है।

शोभा के चाचा सेवादल के बड़े नेता रहे

कुशवाहा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जुगल किशोर कुशवाहा एडवोकेट ने बताया कि रजनी व शोभा के चाचा खुशाली कुशवाहा कभी कांग्रेस के सेवादल में बड़े नेता रहे हैं। उनके सीधे संबंध गांधी परिवार से हुआ करते थे। शोभा के ससुर नारायण सिंह का मध्य प्रदेश की राजनीति में बड़ा नाम है और वह भाजपा सरकार में मंत्री भी रहे हैं।

यह भी पढ़ें: पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मेघवाल सहित कई नेताओं पर गिरी गाज, भाजपा ने दिखाया बाहर का रास्ता