Move to Jagran APP

Rajasthan Elections 2023: विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, BJP में शामिल हुए बैरवा-तंवर समेत कई नेता

Rajasthan Assembly Elections 2023 News राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री राम गोपाल बैरवा और पूर्व विधायक अशोक तंवर समेत कई नेता BJP में शामिल हो गए हैं। सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौर की मौजूदगी में पूर्व मंत्री राम गोपाल बैरवा और पूर्व विधायक अशोक तंवर बीजेपी में शामिल हुए।

By Jagran NewsEdited By: Mohd FaisalUpdated: Sat, 11 Nov 2023 09:20 PM (IST)
Hero Image
Rajasthan Elections 2023: राजस्थान चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका (फोटो एएनआई)

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में विधानसभा चुनाव प्रक्रिया के बीच शनिवार को कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। पूर्व मंत्री रामगोपाल बैरवा, पूर्व विधायक अशोक तंवर और राज्य खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पंकज मेहता सहित कई नेता कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं।

टिकट नहीं मिलने से नाराज थे तीनों नेता

बैरवा, तंवर और मेहता कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने के कारण नाराज थे। तीनों ही नेता मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खेमे के माने जाते हैं। तीनों नेताओं के शामिल होने से पीपल्दा, लाडपुरा, कोटा दक्षिण, कोटा उत्तर व रामगंजमंडी विधानसभा सीट पर भाजपा मजबूत होगी।

कुल 80 लोग भाजपा में हुए शामिल

भाजपा की ओर से बताया गया कि शनिवार को कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के साथ ही अलग-अलग सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और लोकसभा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कुल 80 लोग भाजपा में शामिल हुए हैं।

'सभी वर्गों का ध्यान रखती है भाजपा'

सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस के जंगलराज से आहत होकर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के नेताओं व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखती है। भाजपा का वादा है कि सत्ता में आने के बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था सुधारी जाएगी। कानून का राज प्रदेश में काम करेगा। युवाओं, किसानों व महिलाओं को उनका पूरा हक और सम्मान मिलेगा।

बसपा प्रत्याशी ने पायलट को दिया समर्थन

टोंक विधानसभा सीट पर पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के खिलाफ चुनाव लड़ रहे बसपा प्रत्याशी अशोक बैरवा ने चुनाव मैदान से हटने की घोषणा की है। बैरवा ने चुनाव में पायलट का समर्थन करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान हालात में पायलट के हाथ मजबूत करना आवश्यक है।

वहीं, पायलट ने कहा कि बैरवा के साथ आने से पार्टी को और अधिक बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि टोंक के माहौल को देखकर लग रहा है कि पिछले चुनाव से अधिक मतों से यहां पार्टी को जीत मिलेगी। पायलट ने कहा कि भाजपा के पास कोई चुनावी मुददा नहीं है। बता दें कि राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान होगा और मतगणना 3 दिसंबर को होगी। 

यह भी पढ़ें- MP Assembly Election : 'उम्मीद नहीं थी सिंधिया परिवार कांग्रेस को धोखा देगा', चुनाव प्रचार के दौरान बोले दिग्विजय सिंह

यह भी पढ़ें- Madhya Pradesh: 'हम जो कहते हैं वो करते हैं' भाजपा के चुनाव घोषणापत्र जारी होने से पहले CM चौहान का वीडियो संदेश