Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Rajasthan: चुनावों में कांग्रेस के टिकट बंटवारे में पायलट की होगी अहम भूमिका, राहुल और प्रियंका ने दिए संकेत

कांग्रेस आलाकमान की ओर से पिछले दिनों करवाए गए सर्वे में सीएम के गृह संभाग जोधपुर में कांग्रेस की स्थिति कमजोर होने की बात सामने आई है। वहीं पायलट के प्रभाव वाले पूर्वी राजस्थान में कांग्रेस मजबूत स्थिति में बताई गई है। ऐसे में पूर्वी राजस्थान में अधिकांश टिकट पायलट की सलाह पर तय करने का संकेत भी दिया गया है।

By Jagran NewsEdited By: Amit SinghUpdated: Sun, 27 Aug 2023 05:58 PM (IST)
Hero Image
कांग्रेस आलाकमान का मानना है कि गहलोत सरकार की योजनाएं काफी अच्छी है। (फाइल फोटो)

नरेन्द्र शर्मा, जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम तय करने में पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कांग्रेस आलाकमान ने चुनाव पर्यवेक्षक मधुसुदन मिस्त्री और छानबीन समिति (स्क्रीनिंग कमेटी) के प्रमुख गौरव गोगई को इस बारे में संकेत दिए हैं। तीन सदस्यीय छानबीन समिति प्रदेश चुनाव समिति, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पायलट, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की ओर से सौंपे गए प्रत्याशियों के नामों की सूची पर विचार कर एक व दो नामों का पैनल तैयार करेगी।

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मिस्त्री और गोगई को संदेश दिया है कि आगामी चुनाव में युवाओं को अधिक से अधिक टिकट दिए जाएं। पिछले विधानसभा चुनाव में निर्दलीय चुनाव जीतने वालों के नामों पर विचार नहीं करने एवं लगातार दो चुनाव हारने वालों के नाम पैनल में नहीं रखने का संदेश भी दिया गया है।

पायलट की सूची पर राहुल करेंगे विचार

कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्लयूसी) के एक सदस्य ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि छानबीन समिति को पायलट द्वारा सौंपी जाने वाली प्रत्याशियों के नामों की सूची पर राहुल से बात करने के लिए कहा गया है। सदस्य ने बताया कि गहलोत और पायलट के बीच समान रूप से टिकट का बंटवारा किया जाएगा। दोनों के बीच जिन नामों पर सहमति नहीं बनेगी उन पर आलाकमान निर्णय करेगा।

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस आलाकमान की ओर से पिछले दिनों करवाए गए सर्वे में सीएम के गृह संभाग जोधपुर में कांग्रेस की स्थिति कमजोर होने की बात सामने आई है। वहीं पायलट के प्रभाव वाले पूर्वी राजस्थान में कांग्रेस मजबूत स्थिति में बताई गई है। ऐसे में पूर्वी राजस्थान में अधिकांश टिकट पायलट की सलाह पर तय करने का संकेत भी दिया गया है। साथ ही अजमेर और कोटा संभाग में के टिकट तय करने में भी पायलट की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

सूत्रों के अनुसार आलाकमान का मानना है कि गहलोत सरकार की योजनाएं काफी अच्छी है। इन योजनाओं के बल पर भाजपा को टक्कर दी जा सकती है। लेकिन सर्वे रिपोर्ट गहलोत खेमे के अधिकांश वर्तमान विधायकों के पक्ष में नहीं है।

धारीवाल और जोशी के टिकट पर खतरा

सीएम के विश्वस्त संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल, जलदाय मंत्री महेश जोशी व पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ के टिकट पर खतरा बढ़ता जा रहा है। सूत्रों के अनुसार आलाकमान तीनों नेताओं से नाराज है। तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर 20 सितंबर, 2022 को कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी।

मौजूदा अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अजय माकन पर्यवेक्षक के रूप में जयपुर पहुंचे थे। लेकिन धारीवाल, जोशी व राठौड़ ने विधायकों को बैठक में नहीं जाने दिया। ये सभी विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष सी.पी.जोशी के आवास पर लेकर गए और वहां सभी से इस्तीफे दिलवा दिए। हालांकि बाद में यह मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। लेकिन अब आलाकमान तीनों नेताओं को टिकट देने के पक्ष में नहीं है।