Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Anil Kapoor Birthday: तेजाबी किरदारों से सुलगती रही अभिनय की 'मशाल', ये 15 फिल्में बनी अदाकारी की मिसाल

Anil Kapoor Birthday अनिल कपूर इस उम्र में भी अपने किरदारों से चौंका रहे हैं। ओटीटी से लेकर बड़े पर्दे तक वो एक से बढ़कर एक किरदार में नजर आ रहे हैं। इस साल की सबसे सफल फिल्मों में से एक एनिमल के बाद अनिल कपूर जनवरी में रिलीज हो रही फाइटर में ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण के साथ नजर आएंगे।

By Manoj Vashisth Edited By: Manoj Vashisth Updated: Fri, 22 Dec 2023 06:28 PM (IST)
Hero Image
अनिल कपूर की कुछ यादगार फिल्में। फोटो- एक्स, यू-ट्यूब

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। Anil Kapoor Birthday: अनिल कपूर हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी उपयोगिता कम नहीं होने दी है। इंडस्ट्री में 4 से ज्यादा दशक बिता चुके अनिल ने 1979 की फिल्म 'हमारे तुम्हारे' से अभिनय की शुरुआत की थी, मगर हिंदी सिनेमा में लीड करने का पहला मौका 1983 की फिल्म वो सात दिन से मिला, जिसमें उन्होंने नसीरुद्दीन शाह और पद्मिनी कोल्हापुरे के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर किया था।

हालांकि, इससे पहले अमिताभ बच्चन और दिलीप कुमार की आइकॉनिक फिल्म शक्ति में कैमियो करके वो चर्चा में आ चुके थे। अनिल ने अपने करियर में 100 से ज्यादा फिल्में की हैं, जिनमें से कई हिट और सुपरहिट रहीं। मगर, कुछ फिल्में ऐसी हैं, जो उनके अभिनय की विविधता और गहराई दिखाती हैं। 

तेजीबी किरदारों से शुरू हुआ अभिनय की मशाल एनिमल तक पहुंच चुकी है और अगले साल फाइटर में अनिल अलग किरदार में दिखेंगे। अनिल कपूर के कुछ यादगार किरदार।

मशाल (1984)

यश चोपड़ा निर्देशित 'मशाल' में अनिल कपूर ने दूसरी बार दिलीप कुमार के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर किया था। दिलीप कुमार पत्रकार के किरदार में थे, जबकि अनिल ने झुग्गी में रहने वाले युवा का रोल निभाया था। रति अग्निहोत्री फीमेल लीड थीं, जबकि वहीदा रहमान दिलीप कुमार की पत्नी के रोल में थीं। अनिल ने दिलीप साहब जैसे दिग्गज कलाकार के सामने अपने अभिनय की छाप छोड़ी।

यह भी पढ़ें: Animal के बाद अनिल कपूर ने अब 'नायक 2' के लिए दी रजामंदी, मुख्यमंत्री के किरदार में आएंगे नजर!

मिस्टर इंडिया (1987)

शेखर कपूर द्वारा निर्देशित मिस्टर इंडिया हिंदी सिनेमा की आइकॉनिक साइ-फाइ फिल्मों में शामिल है। अनिल ने फिल्म में अदृश्य सुपरहीरो मिस्टर इंडिया की भूमिका निभाई थी। यह 1987 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी थी। श्रीदेवी फीमेल लीड में थीं।

तेजाब (1988)

एन चंद्रा की तेजाब पहली फिल्म थी, जिसने अनिल कपूर को एंग्री यंग मैन के तौर पर पेश किया था। इस फिल्म में उन्होंने एक गुंडे का रोल निभाया था। माधुरी दीक्षित फीमेल लीड रोल में थीं, जबकि किरन कुमार मुख्य विलेन थे। अनुपम खेर और अन्नू कपूर सहयोगी भूमिकाओं में थे। फिल्म का संगीत भी काफी लोकप्रिय हुआ। "एक दो तीन" गाना आज भी जहन में ताजा है।

राम लखन (1989)

इस लिस्ट में फैमिली एंटरटेनर फिल्म 'राम लखन' भी शामिल है, जिसमें अनिल कपूर ने लखन का रोल प्ले किया था। सुभाष घई निर्देशित फिल्म में जैकी श्रॉफ ने अनिल के बड़े भाई का किरदार निभाया था। माधुरी दीक्षित और डिम्पल कपाड़िया फीमेल लीड रोल में थीं। इस फिल्म का संगीत भी काफी लोकप्रिय हुआ था। 

परिंदा (1989)

विधु विनोद चोपड़ा निर्देशित परिंदा हिंदी सिनेमा की बेहतरीन गैंगस्टर फिल्मों में शामिल है, जिसमें जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर, नाना पाटेकर और माधुरी दीक्षित ने प्रमुख किरदार निभाये थे। फिल्म ने दो राष्ट्रीय पुरस्कार जीते थे। इसकी कहानी दो भाइयों, किशन और करण के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्होंने अपना बचपन मुंबई की सड़कों पर अकेले रहकर बिताया है। करण की बेहतर परवरिश और शिक्षा के लिए, किशन अन्ना सेठ (नाना पाटेकर) से जुड़ जाता है।

किशन कन्हैया (1990)

राकेश रोशन द्वारा निर्देशित यह ब्लॉकबस्टर हिट 1990 में रिलीज हुई थी और इसमें अनिल कपूर ने दोहरी भूमिका निभाई थी। एक्शन कॉमेडी में शिल्पा शिरोडकर और माधुरी दीक्षित भी मुख्य भूमिकाओं में थीं।

लम्हे (1991)

रोमांटिक ड्रामा फिल्म लम्हे यश चोपड़ा द्वारा निर्देशित और निर्मित है। फिल्म में अनिल कपूर ने वीरेंद्र प्रताप सिंह का रोल निभाकर हर किसी को इंप्रेस किया था। फिल्म में अनिल कपूर ने अपने किरदार को लेकर काफी लोकप्रियता हासिल की थी। फिल्म में श्रीदेवी मां और बेटी दोनों की दोहरी भूमिका में नजर आई थीं। यह फिल्म अनिल के बिना मूंछ वाले लुक के लिए भी चर्चा में रही थी।

बेटा (1992)

फिल्म बेटा इंद्र कुमार द्वारा निर्देशित और नौशीर खटाऊ-कमलेश पांडे द्वारा लिखित है। इसमें अनिल कपूर, माधुरी दीक्षित और अरुणा ईरानी मुख्य भूमिकाओं में थे। यह फिल्म "धक धक करने लगा" और "कोयल सी तेरी बोली" जैसे गानों के लिए जानी जाती है।

यह फिल्म 1987 की तमिल फिल्म एंगा चिन्ना रासा की आधिकारिक रीमेक है। फिल्म में अनिल कपूर ने राजू नाम के लड़के का किरदार निभाया था, जो जमींदार प्रेम चौधरी (आकाश खुराना) का इकलौता बेटा होता है।

1942: अ लव स्टोरी (1994)

'एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा' खूबसूरत गाना किसे याद नहीं है? विधु विनोद चोपड़ा द्वारा निर्देशित इस रोमांटिक-म्यूजिकल में अनिल कपूर के अलावा मनीषा कोइराला, जैकी श्रॉफ, अनुपम खेर और डैनी डेन्जोंग्पा भी मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म प्रेमी नरेन (अनिल कपूर) और रज्जो (मनीषा कोइराला) के इर्द-गिर्द घूमती है।

पुकार (2000)

2000 में आई फिल्म पुकार के साथ अनिल कपूर ने अपना पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता था। मेजर जयदेव के रूप में अनिल ने अपनी शानदार परफॉर्मेंस दी थी। फिल्म में अनिल कपूर की केमिस्ट्री माधुरी दीक्षित के साथ भी हिट रही थी।

नायक (2001)

अनिल कपूर की मास्टरपीस मानी जाने वाली यह पॉलिटिकल थ्रिलर दक्षिण के निर्देशक शंकर की तमिल ब्लॉकबस्टर हिट फिल्म 'मुधलवन' की रीमेक थी। अनिल के अलावा रानी मुखर्जी और अमरीश पुरी भी फिल्म का हिस्सा थे। बता दें, अनिल कपूर ने एक ईमानदार पत्रकार शिवाजी राव की भूमिका निभाई थी।

यह भी पढ़ें: Fighter: ऋतिक रोशन की 'फाइटर' से अनिल कपूर का लुक रिवील, कमांडिंग ऑफिसर के रोल में दिखे एक्टर

नो एंट्री (2005)

अनिल के भाई बोनी कपूर द्वारा निर्मित इस फिल्म में सलमान खान और फरदीन खान, बिपाशा बसु, लारा दत्ता और एशा देओल भी मुख्य भूमिकाओं में थे और इसे सुपरहिट घोषित किया गया था। फिल्म में किशन सिंघानिया के रूप में अनिल कपूर नजर आए थे।

वेलकम (2007)

मजनू भाई का किरदार अनिल कपूर के सबसे आइकॉनिक कॉमिक रोल्स में से एक था। अनीस बज़्मी द्वारा निर्देशित 'वेलकम' 2007 में रिलीज हुई थी और यह इंडियन सिनेमा की सबसे अनोखी फिल्मों में से एक है। अनिल ने 'वेलकम' को अपनी सबसे पसंदीदा फिल्मों में से एक भी बताया था। फिल्म में अक्षय कुमार, नाना पाटेकर और कैटरीना कैफ भी मुख्य भूमिका में थे।

स्लमडॉग मिलेनियर (2009)

ऑस्कर अवॉर्ड विनिंग ब्रिटिश फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' में अनिल कपूर ने केबीसी की तर्ज पर एक गेम प्रेजेंटर की भूमिका निभाई थी। डैनी बॉयल निर्देशित फिल्म के जरिए अनिल का इंटरनेशनल सिनेमा में पदार्पण हुआ।

एनिमल (2023)

एनिमल में अनिल कपूर ने रणबीर कपूर के पिता का किरदार निभाया है और उनके अभिनय को खूब सराहा गया। बाप-बेटे के रिश्ते पर आधारित कहानी ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार बिजनेस किया है। संदीप रेड्डी वांगा निर्देशित फिल्म में अनिल कपूर और रणबीर कपूर के अलावा बॉबी देओल, रश्मिका मंदाना और तृप्ति डिमरी भी नजर आई थीं।