Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Boney Kapoor Birthday: सलमान को बनाया 'वॉन्टेड' तो भाई अनिल को 'मिस्टर इंडिया', इन हिट फिल्मों का किया निर्माण

Boney Kapoor Birthday बोनी कपूर ने अपने करियर की शुरुआत बतौर निर्माता हम पांच फिल्म से की थी जिसमें उस दौर के कई बेहतरीन कलाकारों ने काम किया था। बोनी ने सलमान खान और भाई अनिल कपूर के साथ हिट फिल्में दीं। उनकी सबसे चर्चित फिल्म मिस्टर इंडिया है जो 1987 में आयी थी। अनिल कपूर और श्रीदेवी ने मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं।

By Jagran NewsEdited By: Manoj VashisthUpdated: Fri, 10 Nov 2023 08:07 PM (IST)
Hero Image
11 नवम्बर को बोनी कपूर का बर्थडे है। फोटो- इंस्टाग्राम/बोनी कपूर

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। अनिल कपूर और संजय कपूर के भाई बोनी कपूर भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने निर्माता हैं। उन्होंने हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्रीज में कई महत्वपूर्ण फिल्मों का निर्माण किया है। इनमें से कई बॉक्स ऑफिस पर भी हिट रही हैं। 

बोनी ने बतौर निर्माता करियर की शुरुआत पिता सुरिंदर कपूर के साथ 1980 में आयी हम पांच से की थी। इस फिल्म में इंडस्ट्री के कई दिग्गज कलाकार शामिल थे। नसीरुद्दीन शाह, मिथुन चक्रवर्ती, संजीव कुमार, शबाना आजमी, राज बब्बर, दीप्ति नवल, अमरीश पुरी, गुलशन ग्रोवर अहम किरदारों में थे।

यह भी पढ़ें: OTT Movies and Web Series: इस हफ्ते रिलीज हो रहीं फिल्में और वेब सीरीज, वीकेंड से पहले पूरी लिस्ट यहां देखिए

अनिल कपूर ने भी फिल्म में एक भूमिका निभायी थी। इसके बाद 1983 में उनकी दूसरी फिल्म वो सात दिन आयी, जिसमें अनिल कपूर ने मुख्य भूमिका निभायी, जबकि पद्मिनी कोल्हापुरे फीमेल लीड में थीं और नसीरुद्दीन शाह सहयोगी भूमिका में। यह फिल्म बेहद चर्चित रही और अनिल के अभिनय के लिए आज भी याद की जाती है।

बोनी ने तकरीबन हर बड़े स्टार के साथ फिल्मों का निर्माण किया है। भाई अनिल कपूर, पत्नी श्रीदेवी और बेटी जाह्नवी कपूर से लेकर सलमान खान और अजय देवगन तक के साथ बोनी ने फिल्में बनायी हैं। 11 नवम्बर को बोनी उम्र का 68वां पड़ाव छू रहे हैं। इस मौके पर जानते हैं, बोनी की कुछ हिट फिल्मों के बारे में। 

मिस्टर इंडिया (1987)

बॉलीवुड की सबसे प्रतिष्ठित फिल्मों में से एक मिस्टर इंडिया का निर्माण बोनी कपूर ने किया था। इस साइंस फिक्शन फिल्म का निर्देशन शेखर कपूर ने किया था। इसमें अनिल कपूर और श्रीदेवी मुख्य भूमिकाओं में थे और अमरीश पुरी ने 'मोगेम्बो' की भूमिका निभाई थी।

इस आइॉनिक फिल्म के सीक्वल को लेकर अक्सर चर्चा होती है, मगर अभी कुछ कन्फर्म नहीं है। हाल ही में अनिल कपूर ने इस किरदार को एक मोबाइल फोन के विज्ञापन में रिवाइव किया था। 

जुदाई (1997)

राज कंवर द्वारा निर्देशित 1997 की रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म में जहां अनिल कपूर, श्रीदेवी और उर्मिला मातोंडकर ने मुख्य भूमिका निभाईं। 

सिर्फ तुम (1999)

इस फिल्म में बोनी और अनिल के छोटे भाई संजय कपूर के साथ प्रिया गिल और सुष्मिता सेन ने मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं। 1999 में रिलीज हुई फिल्म रोमांटिक ड्रामा है और उस वक्त इसकी कहानी बेहद पसंद की गयी थी।

हमारा दिल आपके पास है (2000)

2000 में आयी फिल्म 'हमारा दिल आपके पास है' का निर्देशन दिवंगत सतीश कौशिक ने किया था। यह तेलुगु फिल्म 'पेलिचेसुकुंदम' की रीमेक है। फिल्म में अनिल कपूर, ऐश्वर्या राय और सोनाली बेंद्रे मुख्य भूमिकाओं में थे।  फिल्म का टाइटल ट्रैक 'हमारा दिल आपके पास है' आज भी सुनना पसंद किया जाता है। 

पुकार (2000)

2000 में रिलीज हुई एक्शन थ्रिलर फिल्म पुकार का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया था। इस फिल्म में माधुरी दीक्षित ने फीमेल लीड रोल निभाया था। अनिल कपूर को बेस्ट एक्ट्रेस का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था।

कंपनी (2002)

2002 में रिलीज हुई कम्पनी राम गोपाल वर्मा की बेहतरीन गैंगस्टर फिल्म मानी जाती है। इस फिल्म में अजय देवगन ने मुख्य निभायी थी, जबकि विवेक ओबेरॉय ने डेब्यू किया था। बोनी ने रामू के साथ इस फिल्म का सह-निर्माण किया था।

नो एंट्री (2005)

बोनी कपूर निर्मित फिल्म 'नो एंट्री' का निर्देशन अनीस बज़्मी ने किया था। यह 2005 की सबसे सफल फिल्मों में से एक थी। सलमान खान को एक शादीशुदा प्लेब्वॉय के रूप में दिखाया गया है।

इसमें अनिल कपूर, फरदीन खान, सेलिना जेटली, बिपाशा बसु, लारा दत्ता और एशा देओल ने अहम किरदार निभाये थे। इस फिल्म के सीक्वल नो एंट्री में एंट्री को लेकर भी अक्सर खबरें आती रही हैं।

वान्टेड (2009)

यह सलमान खान के करियर की बेहद अहम फिल्म है। प्रभुदेवा निर्देशित वॉन्टेड उस दौर में आयी थी, जब सलमान का करियर बुरे दौर से गुजर रहा था।

फ्लॉप फिल्मों ने उनके स्टारडम को ग्रहण लगा दिया। बोनी कपूर निर्मित पोकिरी की इस रीमेक ने सलमान के करियर को रिवाइव किया था। फिल्म में प्रकाश राज ने मुख्य विलेन का किरदार निभाया था। विनोद खन्ना, आयशा टाकिया, महेश मांजरेकर और इंद्र कुमार सहयोगी भूमिकाओं में थे। 

मॉम (2017)

लीड रोल में श्रीदेवी की आखिरी फिल्म 'मॉम' 2017 में रिलीज हुई थी। बोनी कपूर निर्मित इस फिल्म का निर्देशन रवि उदयवर ने किया था। क्राइम थ्रिलर में एक मां अपनी सौतेली बेटी के लिए लड़ती है और न्याय मांगती है। इस फिल्म के लिए श्रीदेवी को मरणोपरांत बेस्ट एक्ट्रेस का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया था। 

मिली (2022)

मिली 2022 की सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म है, जो मथुकुट्टी जेवियर द्वारा निर्देशित है। बता दें, यह फिल्म साल 2019 की मलयालम भाषा की फिल्म हेलेन की रीमेक है।

बोनी कपूर और जी स्टूडियो निर्मित इस फिल्म में जाह्नवी कपूर, सनी कौशल और मनोज पाहवा ने प्रमुख किरदार निभाये। यह  फिल्म मिली नौडियाल पर आधारित है, जो एक स्टोरेज फ्रीजर में फंस जाती है और जिंदा रहने के लिए संघर्ष करती है।

यह भी पढ़ें: Diwali Releases: 'टाइगर 3' से पहले इस शुक्रवार रिलीज हो रही हैं 8 फिल्में, OTT से सिनेमाघरों तक जमकर 'दिवाली'