Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Diwali 2023 Songs: 80 साल पहले हिंदी सिनेमा में यूं मनाई जाती थी दिवाली, इन गानों ने बढ़ाई त्योहार की रौनक

Diwali 2023 Songs हिंदी सिनेमा में त्योहारों को मनाने की परम्परा काफी पुरानी है। रक्षा बंधन से लेकर होली और दिवाली तक त्योहार की धूम कहानियों में शामिल होती रही है। इन त्योहारों की मस्ती और मूड को गीतों के जरिए दिखाया जाता रहा है। हां हालात के अनुरूप यह कभी गम मे ढल जाते हैं तो कभी खुशियों की फुलझड़ी छोड़ते हैं।

By Jagran NewsEdited By: Manoj VashisthUpdated: Mon, 06 Nov 2023 08:35 PM (IST)
Hero Image
दिवाली के लिए बनाये गये फिल्मी गाने। फोटो- स्क्रीनशॉट्स

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। इस साल 12 नवंबर को देशभर में दिवाली मनाई जाएगी। इस दिन को खूबसूरत बनाने के लिए लोग क्या कुछ नहीं करते हैं। संगीत किसी भी त्योहार की रौनक बढ़ा देता है। हालांकि, दिवाली को केंद्र में रखकर गम और खुशी, दोनों तरह की गीत लिखे गये हैं।

कभी-कभी दिवाली शब्द को खुशियों से जोड़कर इसका प्रतीकात्मक इस्तेमाल किया गया है। इन गीतों का त्योहार से कोई लेना-देना नहीं होता। 

आई दिवाली कैसे उजाले लाई- खजांची

1941 की फिल्म खजांची में दिवाली गीत दिवाली फिर आ गयी सजनी, इस त्योहार को समर्पित हैप्पी सॉन्ग है, जिसमें फिल्म की नायिका त्योहार का जश्न रोशनी के साथ नाच-गाकर मना रही है। शमशाद बेगम की आवाज में सजे गीत को गुलाम हैदर ने संगीत दिया था। एस डी नारंग, रमोला देवी, मनोरमा और प्राण ने प्रमुख किरदार निभाये थे। 

आई दिवाली- रतन

1944 की फिल्म रतन में आई दिवाली गीत इस त्योहार पर आधारित है। इस गीत में सजी-धजी नायिका अपने चारों ओर रोशनी और खुशियां देखकर अपने प्रियतम को याद कर रही है। इस गाने को जोहराबाई अम्बालेवाली ने आवाज दी थी। डीएन मधोक ने गीत लिखे थे और नौशाद ने संगीत दिया था। फिल्म में करण दीवान और मंजू ने लीड रोल्स निभाये थे।

यह भी पढ़ें: Kriti Sanon Diwali Celebration- कुछ ऐसी होगी कृति सेनन की इस साल की दिवाली, खुद एक्ट्रेस ने किया खुलासा

आई दिवाली आई- खजांची

खजांची शीर्षक से दूसरी फिल्म 1958 में आयी थी, जिसमें बलराज साहनी, राजेंद्र कुमार और श्यामा ने लीड रोल्स निभाये थे। इस फिल्म का दिवाली गीत हैप्पी सॉन्ग है, जो श्यामा पर फिल्माया गया है। 

लाखों तारे आसमान में- हरियाली और रास्ता

1962 में आयी मनोज कुमार और माला सिन्हा स्टारर हरियाली और रास्ता फिल्म में दिवाली के त्योहार को विरह का भाव जताने के लिए इस्तेमाल किया गया है। 'लाखों तारे आसमान में' गीत में दीवाली की रौनक की तुलना अपने जीवन के अंधकार से की गयी है। इस गीत का संगीत शंकर-जयकिशन का है। 

आई अबके साल दिवाली- हकीकत

1964 में आयी वॉर फिल्म हकीकत का गाना 'आई अबके साल दिवाली' को लता मंगेशकर ने आवाज दी थी। इस गाने में वॉर के दौरान लोगों की भावनाओं का उकेरा गया है। चारों तरफ है घोर अंधेरा, घर में कैसे दीप जले... कैफी आजमी की यह पंक्ति झकझोरकर रख देती हैं। संगीत मदन मोहन का है। 

दीप दिवाली के झूठे- जुगनू 

1973 में आयी धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की फिल्म जुगनू में दिवाली सॉन्ग दीप दिवाली के झूठे में धर्मेंद्र बच्चों के साथ जश्न मनाते हुए दिख रहे हैं। इस गाने को किशोर कुमार ने आवाज दी है।

दीपावली मनानी सुहानी- शिरडी के साईं बाबा

1977 की फिल्म शिरडी के साईं बाबा में आशा भोसले की आवाज में दिवाली गीत दीपावली मनानी सुहानी गीत पिरोया गया है। इस धार्मिक फिल्म में सुधीर दलवी साईं बाबा के किरदार में थे, जबकि उस दौर के कई जाने-माने कलाकारों ने कैमियो किये थे।

हैप्पी दिवाली- होम डिलीवरी

2005 की फिल्म होम डिलीवरी: आपको... घर तक कॉमेडी फिल्म है, जिसमें विवेक ओबेरॉय, आयशा टाकिया, महिमा चौधरी और बमन ईरानी ने प्रमुख किरदार निभाये थे। अभिषेक बच्चन और रितेश देशमुख ने कैमियो किये थे। इस फिल्म में हैप्पी दिवाली गाना सही मायनों में दिवाली सॉन्ग है। फिल्म सुजॉय घोष द्वारा लिखित और निर्देशित है। 

यह भी पढ़ें: दिवाली बैश में Janhvi Kapoor ने 'ब्वॉयफ्रेंड' संग लूटी लाइमलाइट, सलमान-ऐश्वर्या समेत इन सितारों ने खींचा ध्यान

आई है दिवाली- अमदानी अट्ठन्नी खर्चा रुपैया

आमदनी अट्ठन्नी खर्चा रुपैया 2001 की कॉमेडी फिल्म है, जो के.राघवेंद्र राव द्वारा निर्देशित है। फिल्म में गोविंदा, जूही चावला, तब्बू और जॉनी लीवर ने अभिनय किया है। यह वी. शेखर द्वारा निर्देशित तमिल फिल्म विरलुक्केथा वीक्कम की रीमेक थी। बता दें, फिल्म का गाना 'आई है दिवाली' जोड़ों के लिए बनाया गया एक डांस नंबर है।

दिवाली गीत- अपूर्वा

डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर 15 नवम्बर को आ रही फिल्म अपूर्वा का दिवाली ऐसा ही गीत है, जिसमें प्रेमी से मिलन की तुलना दिवाली त्योहार से की गयी है। यह गाना तारा सुतारिया और धैर्य करवा पर फिल्माया गया है। गाने को विशाल मिश्रा ने गाया और कम्पोज किया है। बोल विशाल के साथ कौशल किशोर ने लिखे हैं।