Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Filmfare Award 2024: 12th Fail का अवॉर्ड शो में रहा बोलबाला, सलमान खान की भांजी भी रहीं अव्वल

Filmfare Award 2024 फिल्मफेयर अवॉर्ड 2024 में सितारों का मेला लगा। 27 और 28 जनवरी को इस कार्यक्रम का पहली बार आयोजन गुजरात के गांधीनगर में किया गया। रणबीर कपूर से लेकर बड़े-बड़े सितारों ने जहां अपने परफॉर्मेंस से हर किसी का दिल जीता तो वहीं 12th Fail का इस अवॉर्ड फंक्शन में बोलबाला रहा। यहां पर देखिये विनर्स की पूरी लिस्ट-

By Jagran News Edited By: Tanya Arora Updated: Mon, 29 Jan 2024 02:39 PM (IST)
Hero Image
फिल्मफेयर अवॉर्ड 2024 की पूरी विनर लिस्ट/ फोटो- Instagram

एंटरटेनमेंट ब्यूरो, मुंबई। Filmfare Award 2024 Winner List: गुजरात के गांधीनगर में रविवार को आयोजित 69वें फिल्मफेयर अवॉर्ड समारोह में पति-पत्नी रणबीर कपूर को उनकी फिल्म 'एनिमल' और आलिया भट्ट को 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के लिए अवॉर्ड से नवाजा गया। हालांकि अवॉर्ड में दबदबा विक्रांत मेस्सी अभिनीत फिल्म 12वीं फेल का रहा।

इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक समेत कुल चार अवॉर्ड्स मिले। इसी फिल्‍म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (क्रिटिक्स) के अवॉर्ड से अभिनेता विक्रांत मेस्सी को नवाजा गया। यह फिल्‍म IPS ऑफिसर मनोज कुमार शर्मा की जिंदगी पर आधारित है।

विक्की कौशल को 'डंकी' के लिए मिला अवॉर्ड 

वहीं फिल्‍म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के लिए आलिया भट्ट को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री तो शबाना आजमी को सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेत्री के अवॉर्ड से नवाजा गया। जबकि फिल्म डंकी के लिए विक्‍की कौशल को सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता का अवॉर्ड मिला। वहीं बेस्ट डेब्यू (अभिनेत्री) का अवॉर्ड अभिनेता सलमान खान की भांजी अलीजे को फिल्म 'फर्रे' के लिए, जबकि पुरुष श्रेणी में यह अवॉर्ड आदित्य रावल को फिल्म फराज के लिए दिया गया।

यह भी पढ़ें: 69th Filmfare Awards Winners List: रणबीर कपूर बेस्ट एक्टर, आलिया भट्ट बेस्ट एक्ट्रेस, 12th फेल बेस्ट फिल्म

आदित्य अभिनेता परेश रावल के बेटे हैं। फिल्म 'धक धक' के लिए बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर का पुरस्कार तरुण डुडेजा को मिला। सर्वश्रेष्ठ कहानी का अवॉर्ड अमित राय को फिल्म ओएमजी 2 और देवाशीष मखीजा को फिल्म जोरम के लिए संयुक्त रूप से दिया गया।

सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (क्रिटिक्‍स) का अवॉर्ड रानी मुखर्जी को मिसेज चटर्जी वर्सेस नार्वे के लिए और थ्री ऑफ अस के लिए शेफाली शाह को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। वहीं सर्वश्रेष्‍ठ फिल्‍म (क्रिटिक्स) का अवॉर्ड मनोज बाजपेयी अभिनीत फिल्म जोरम को मिला। फिल्म जरा हटके जरा बचके के गाने तेरे वास्ते के लिए अमिताभ भट्टाचार्य सर्वश्रेष्ठ गीतकार के अवॉर्ड से नवाजे गए।

एनिमल के गानों ने भी अवॉर्ड में मचाई धूम 

फिल्म एनिमल में 'अर्जन वैल्ली' गाने को अपनी आवाज देने वाले गायक भूपिंदर बब्बल को सर्वश्रेष्ठ गायक जबकि शाह रुख खान और दीपिका पादुकोण अभिनीत फिल्म पठान के बेशर्म रंग गाने के लिए शिल्पा राव को सर्वश्रेष्ठ गायिका का अवॉर्ड प्रदान किया गया।

बेशर्म गाने में दीपिका पादुकोण द्वारा पहनी गई गेरुआ रंग की बिकनी को लेकर पिछले साल काफी विवाद भी हुआ था।

यहां पर देखें विनर की पूरी लिस्ट-

  • सर्वश्रेष्‍ठ फिल्‍म : 12वीं फेल
  • सर्वश्रेष्ठ निर्देशक : विधु विनोद चोपड़ा (12वीं फेल)
  • सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री : आलिया भट्ट (रॉकी और रानी की प्रेम कहानी)
  • सर्वश्रेष्ठ अभिनेता : रणबीर कपूर (एनिमल)
  • सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (क्रिटिक्स) : रानी मुखर्जी (मिसेज चटर्जी वर्सेस नार्वे) और शेफाली शाह ( थ्री आफ अस)
  • सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (क्रिटिक्स) : विक्रांत मेस्‍सी फिल्‍म (12वीं फेल)
  • सर्वश्रेष्ठ फिल्म (क्रिटिक्स) - जोरम
  • सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता : विक्की कौशल (डंकी)
  • सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेत्री : शबाना आजमी (रॉकी और रानी की प्रेम कहानी)
  • बेस्ट म्यूजिक एलबम : प्रीतम (एनिमल)
  • बेस्ट डायलाग : इशिता मोइत्रा (रॉकी और रानी की प्रेम कहानी)
  • सर्वश्रेष्ठ कहानी : अमित राय (ओएमजी 2) और देवाशीष मखीजा संयुक्त रूप से
  • सर्वश्रेष्ठ गायक : भूपिंदर बब्‍बल (एनिमल)
  • सर्वश्रेष्ठ गायिका : शिल्पा राव (पठान)
  • सर्वश्रेष्ठ गीतकार : अमिताभ भट्टाचार्य (जरा हटके जरा बचके)
  • सर्वश्रेष्ठ स्क्रीन प्ले : विधु विनोद चोपड़ा (12वीं फेल)

पहली बार गुजरात में हुआ फिल्मफेयर अवॉर्ड

यह पहली बार है जब अवॉर्ड समारोह का आयोजन गुजरात में किया गया। समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्य के गृह मंत्री हर्ष सांघवी भी मौजूद थे। गुजरात के गांधीनगर में यह कार्यक्रम 27 और 28 जनवरी को हुआ, जहां सितारों ने अपनी शानदार परफॉर्मेंस से मंच पर हर किसी का दिल जीत लिया।