Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Top Biopics: अक्षय कुमार की सरफिरा पसंद आई तो देख डालिए OTT पर मौजूद ये बायोपिक, मिलेगा भरपूर मनोरंजन

बॉलीवुड ने फिल्म मेकिंग के मामले में कई प्रयोग किए हैं और इनमें कई बार वो सफल तो कई बार असफल भी हुआ है। एक थीम की बात करें तो बॉलीवुड में सबसे कठिन होता है बायोपिक बनाना। किसी की जी हुई कहानी को पर्दे पर दर्शाना बहुत ही कठिन काम है। प्रभावशाली लोगों के जीवन और अनुभव को अक्सर कहानियों के तौर पर पर्दे पर उतारा जाता है।

By Surabhi Shukla Edited By: Surabhi Shukla Updated: Sat, 13 Jul 2024 05:27 PM (IST)
Hero Image
OTT पर मौजूद बेहतरीन बायोपिक जो नहीं करेंगी निराश

 एंटरटेनमेंट डेस्क,नई दिल्ली। सीक्वल के साथ बॉलीवुड में एक दौर बायोपिक का भी चल रहा है। हाल ही में अक्षय कुमार की फिल्म सरफिर सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। यह एक बायोपिक फिल्म है जो जीआर गोपीनाथ के जीवन की घटनाओं को दिखाती है। इससे पहले आपने कार्तिक आर्यन की फिल्म चंदू चैंपियन रिलीज हुई थी जोकि मुरलीकांत पेटकर की कहानी है। मुरलीकांत पेटकर एक भारतीय सेनिक थे जो पाकिस्तान से 1965 के युद्ध लड़ते हुए घायल हो गए थे। इस वजह से वो दिव्यांग हो गए थे। आप इसे प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।

आज आपको ऐसी ही कुछ बायोपिक के बारे में बताएंगे जिन्हें आप मस्त मानसून एंजॉय करते हुए वीकेंड पर घर बैठे देख सकते हैं।

श्रीकांत

दृष्टिबाधित इंडियन इंडस्ट्रीलिस्ट श्रीकांत बोला की लाइफ पर बेस्ड फिल्म श्रीकांत 10 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इस फिल्म से राजकुमार राव ने दमदार अभिनय की छाप छोड़ी है। राजकुमार राव ने श्रीकांत बोला की भूमिका को बड़े ही शानदार तरीके से निभाया है। फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।

सरदार उधम सिंह

शूजीत सरकार द्वारा निर्देशित फिल्म सरदार उधम एक बायोपिक है जो भारतीय क्रांतिकारी उधम सिंह के जीवन की कहानी को बताती है। विक्की कौशल ने इस फिल्म में सरदार उधम सिंह का किरदार निभाया है। सरदार उधम सिंह का कनेक्शन जलियांवाला बाग नरसंहार है. उन्होंने अमृतसर में 1919 के जलियांवाला बाग नरसंहार का बदला लेने के लिए लंदन में माइकल ओ'डायर की हत्या कर दी थी। शूजीत सरकार ने इस फिल्म को डायरेक्ट किया है।

मैं अटल हूं

Main Atal Hoon साल 2024 की शुरुआत में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में अटल बिहारी वाजपेयी का किरदार अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने निभाया है। इस फिल्म में अटल बिहारी वाजपेयी की कवि से राजनेता बनने तक की जर्नी को बखूबी से दिखाया गया है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी के अलावा पीयूष मिश्रा, राजा सेवक, दया शंकर पांडे और एकता कौल जैसे स्टार्स भी नजर आए। यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर उपलब्ध है।

12th फेल

विधु विनोद चोपड़ा द्वारा निर्देशित यह फिल्म साल 2023 में रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा के जीवन पर आधारित है। विक्रांत मेसी ने इस फिल्म में मनोज कुमार का किरदार निभाया है। उन्हें भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी की प्रतिष्ठित रैंक हासिल करने के लिए कई कठिन परीक्षाओं से गुजरना पड़ा था। लेकिन अपने लचीलापन और दृढ़ संकल्प से मनोज सब बाधाएं पार कर लेते हैं। आप इसे डिज्नी+हॉटस्टार पर देख सकते हैं।

शेरशाह

शेरशाह की कहानी कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन पर आधारित है। कारगिल युद्ध में उन्होंने जिस साहस और पराक्रम का परिचय दिया इसे पर्दे पर बखूबी दिखाया गया है। सिद्धार्थ मल्होत्रा ने फिल्म में विक्रम बत्रा का किरदार निभाया है। आप इसे अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं। शेरशाह की कहानी कैप्टन विक्रम बत्रा के जुड़वां भाई विशाल बत्रा के नजरिए से लेखक संदीप श्रीवास्तव ने पेश की है।

नीरजा

राम माधवानी द्वारा निर्देशित यह फिल्म फ्लाइट अटेंडेंट नीरजा भनोट की कहानी है। यह एक दिल दहला देने वाली घटना थी। सोनम कपूर ने फिल्म में नीरजा का किरदार निभाया है। फिल्म 1986 में पैन एम फ्लाइट 73 अपहरण की दर्दनाक घटनाओं को बारीकी से दर्शाती है, जिसमें नीरजा ने बहुत ही साहस के साथ काम लिया और निस्वार्थ भाव के साथ कई लोगों की जान बचाई थी। फिल्म डिज्नी+हॉटस्टार पर उपलब्ध है।

यह भी पढ़ें: Indian 2 से पहले इन फिल्मों में Kamal Haasan ने छोड़ी छाप, एक मूवी में निभाये थे 10 किरदार

गंगूबाई काठियावाड़ी

यह फिल्म सेक्स वर्कर गंगूबाई कोठेवाली की वास्तविक जीवन की कहानी का रूपांतरण है। फिल्म की कहानी एस. हुसैन जैदी की पुस्तक 'माफिया क्वींस ऑफ मुंबई' में पाए गए 'द मैट्रिआर्क ऑफ कमाठीपुरा' नामक अध्याय से प्रेरित है। फिल्म मे आलिया भट्ट ने गूंगू का किरदार निभाया है। इसका प्रीमियर 2022 बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में हुआ था जहां लोगों ने पूरे आठ मिनट तक इसके लिए खड़े होकर तालिया बजाई थीं। आप इसे नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

रॉकेट्री

रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट फिल्म भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के पूर्व वैज्ञानिक और एयरोस्पेस इंजीनियर नंबी नारायणन के जीवन पर आधारित है। नंबी नारायणन पर जासूसी का झूठा आरोप लगाया गया था। आर. माधवन ने ही फिल्म को लिखा, निर्देशित किया और प्रोड्यूस किया है। माधवन ही इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। इसमें उनके साथ सिमरन भी हैं।

सुपर 30

सुपर 30 फिल्म आनंद कुमार के जीवन पर आधारित वास्तविक कहानी है,जिन्होंने पटना में गरीब छात्रों को आईआईटी-जेईई की फ्री में तैयारी करवाई। उनके पढ़ाए हुए कई बच्चों ने आईआईटी एंट्रेंस एग्जाम क्लियर भी किया था। यह फिल्म 12 जुलाई, 2019 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। ऋतिक रोशन और मृणाल ठाकुर ने इस फिल्म में मुख्स किरदार निभाया था। आनंद कुमार मैथमेटिक्स के टीचर हैं। फिल्म डिज्नी+हॉटस्टार पर उपलब्ध है।

यह भी पढ़ें: इंजीनियरिंग के दौरान दो बार फेल हो गए थे Vicky Kaushal, एक्टर के चाचा ने घर में मचा दिया था कोहराम