Move to Jagran APP

New Year 2022: ऋतिक-दीपिका से लेकर रणबीर-आलिया तक, अगले साल पहली बार पर्दे पर दिखेंगी ये 6 नई जोड़ियां

हर साल की तरह आने वाला 2022 भी फिल्मी दर्शकों और सितारों के लिए खास होने वाला है। एक तरफ जहां कई नई फिल्में दर्शकों को देखने को मिलेगी वहीं 2022 में पर्दे पर नई जोड़ियां भी नजर आने वाली हैं।

By Anand KashyapEdited By: Mon, 27 Dec 2021 03:17 PM (IST)
ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण,रणबीर कपूर और आलिया भट्ट, तस्वीर : Instagram: hrithikroshan/deepikapadukone/aliaabhatt

नई दिल्ली, जेएनएन। हर साल की तरह आने वाला 2022 भी फिल्मी दर्शकों और सितारों के लिए खास होने वाला है। एक तरफ जहां कई नई फिल्में दर्शकों को देखने को मिलेगी, वहीं 2022 में पर्दे पर नई जोड़ियां भी नजर आने वाली हैं। जी हां, अगले साल बॉलीवुड के ऐसे कई अभिनेता और अभिनेत्रियां हैं जो पहली बार फिल्मों में एक साथ काम करते दिखाई देंगे। आज हम आपको बॉलीवुड के उन्हीं अभिनेता और अभिनेत्रियां के बारे में बताते हैं जो अगले साल फिल्मों में पहली बार जोड़ी बनाते नजर आएंगे।

ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण

इन दोनों ने अभी तक एक साथ किसी भी फिल्म में काम नहीं किया है, लेकिन अगले साल ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण की जोड़ी पहली बार पर्दे पर नजर आएगी। यह दोनों सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही फिल्म फाइटर में नजर आने वाले हैं। फाइटर भारत की पहली एरियल एक्शन फ्रैंचाइजी फिल्म है। इस फिल्म में ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण के अलावा अभिनेता अनिल कपूर भी नजर आने वाले हैं।

कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी

बॉलीवुड के यह दोनों कलाकार अगले साल फिल्म भूल भुलैया 2 में नजर आएंगे। कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की यह फिल्म साल 2007 में रिलीज़ हुई फिल्म 'भूल भुलैया' का रीमेक है। इस फिल्म में अक्षय कुमार, विद्या बालन, शाइनी आहूजा और अमीषा पटेल ने लीड रोल निभाया था। ये एक हॉरर कॉमेडी फिल्म है। वहीं फिल्म भूल भुलैया 2 में कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी के साथ अभिनेत्री तब्बू मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। यह फिल्म अगले साल रिलीज होगी।

रणवीर सिंह और जैकलीन फर्नांडिस

इन दोनों को भी अभी तक किसी भी फिल्म में एक साथ काम करते हुए नहीं देखा गया है। रणवीर सिंह और जैकलीन फर्नांडिस की जोड़ी अगले साल निर्देशक रोहित शेट्टी की फिल्म सर्कस में नजर आएगी। इस फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। सर्कस एक कॉमेडी ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म की कहानी विलियम शेक्सपियर के क्लासिक प्ले द कॉमेडी ऑफ एरर्स पर आधारित है। इस फिल्म में रणवीर सिंह डबल रोल में नजर आने वाले हैं।

रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर

यह दोनों अगले साल मशहुर निर्माता-निर्देशक लव रंजन की फिल्म में नजर आने वाले हैं। हालांकि रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की इस फिल्म का नाम अभी सामने नहीं आया है, लेकिन इसकी रिलीज डेट का खुलासा हो चुका है। रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की फिल्म अगले साल 18 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। लव रंजन हमेशा ही अपनी रोमांटिक कॉमेडी फिल्मों के लिए ​जाने जाते हैं। साथ ही पर्दे पर रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर पहली बार साथ काम करेंगे।

अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर

साल 2017 में मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम करने वालीं मानुषी छिल्लर जल्द ही बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। मानुषी छिल्लर अभिनेता अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'पृथ्वीराज' में उनकी संयोगिता बनकर नजर आएंगी। मानुषी छिल्लर की यह डेब्यू फिल्म। जाहिर है कि दर्शकों के लिए फिल्मी पर्दे पर अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर की जोड़ी एकदम नई होगी।

रणबीर कपूर और आलिया भट्ट

यूं तो यह दोनों ऑफ कैमरा हमेशा साथ नजर आते हैं, लेकिन रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने आज तक किसी भी फिल्म में साथ काम नहीं किया है। यह दोनों अगले साल अयान मुखर्जी के निर्देशन में बन रही फिल्म ब्रह्मास्त्र में पहली बार फिल्मी पर्दे पर साथ नजर आएंगे। यह ट्रिलॉजी है, जिसकी पहली फिल्म ब्रह्मास्त्र पार्ट 1- शिवा 9 सितम्बर को रिलीज होगी। माइथोलॉजी और फैंटेसी में लिपटी इस कहानी में रणबीर कपूर सुपरहीरो के रोल में दिखेंगे। वहीं फिल्म में अमिताभ बच्चन, मौनी रॉय और नागार्जुन अहम किरदारों में दिखेंगे। ब्रह्मास्त्र हिंदी के साथ दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी रिलीज की जाएगी।