Move to Jagran APP

Ram Mandir: 'मुझे अपनी शरण में ले लो राम', इन गीतों के साथ मनाएं अयोध्या में रामलला के विराजने का उत्सव

अयोध्या में भगवान राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का उल्लास देशभर में है। बॉलीवुड भी इस वक्त राममय हो गया है। वैसे भगवान राम और हिंदी फिल्मों का रिश्ता बहुत पहले से है। राम कथा पर कई फिल्में बनी हैं तो राम को समर्पित गीत भी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। मोहम्मद रफी लता मंगेशकर और आशा भोसले ने इन गीतों को आवाज दी है।

By Jagran News Edited By: Manoj Vashisth Updated: Mon, 22 Jan 2024 03:00 PM (IST)
Hero Image
बॉलीवुड में राम को समर्पित गीत भजन जैसे लगते हैं। फोटो- स्क्रीनशॉट्स

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। Ram Mandir Consecration: 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला विराजमान हो गये। यह पूरे देश के लिए अनमोल पल है और इसका हर्षोल्लास हर तरफ नजर आ रहा है। प्राण प्रतिष्ठा के बाद सारा माहौल राममय हो गया है। इस कार्यक्रम में कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज भी शामिल हुए और राम मंदिर के दर्शन किये। वैसे, भगवान और सिनेमा का साथ भी काफी पुराना है।

रामायण (Ramayan) और राम लीला पर फिल्में बनने के साथ उनको समर्पित गीतों की भी लम्बा इतिहास रहा है। कई गीत ऐसे हैं, जिन्हें मोहम्मद रफी, लता मंगेशकर और आशा भोसले ने आवाज दी है।

कहने को तो ये फिल्मी गीत हैं, मगर इनके बोल और धुन सुनकर लगता है, जैसे भजन गाया जा रहा है। ऐसे ही कुछ गीतों को यहां याद करते हैं, जो अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के उत्सव को मनाने के लिए बिल्कुल उपयुक्त हैं।

यह भी पढ़ें: Manoj Tiwari पर चढ़ा राम भक्ति का रंग, अयोध्या मंदिर उद्घाटन से पहले रिलीज हुआ ये शानदार भजन

हे रोम रोम में बसने वाले राम

1968 की फिल्म नील कमल का ये गीत वहीदा रहमान पर फिल्माया गया था। साहिर लुधियानवी ने इस गीत के बोल लिखे, जबकि आशा भोसले ने आवाज दी थी। पुनर्जन्म के विषय पर बनी इस फिल्म में मनोज कुमार के किरदार का नाम राम और वहीदा का सीता था। 

राम चंद्र गए सिया से

1970 में आई गोपी में दिलीप कुमार और सायरा बानो ने लीड रोल निभाये थे। इस फिल्म का गीत रामचंद्र कह गये सिया से ऐसा कलयुग आएगा, बदलते दौर में रिश्तों और इंसानियत को लेकर आने वाले बदलावों की पड़ताल करता है। यह गीत आज भी सामयिक है। इस गीत के बोल राजेंद्र कृष्ण ने लिखे थे, जबकि महेंद्र कपूर ने आवाज दी थी। गीत दिलीप कुमार पर फिल्माया गया था।

मुझे अपनी शरण में लेलो राम

1954 में आई फिल्म 'तुलसीदास' का गीत 'मुझे अपनी शरण में ले लो राम' बेहद लोकप्रिय गीत है। इस फिल्म में महीपाल और श्यामा ने लीड रोल्स निभाये थे। इस गीत को मोहम्मद रफी ने आवाज दी थी। 

मन की आंखों से मैं देखूं रूप सदा सिया राम का

1981 में आई महाबली हनुमान फिल्म में रामायण को बजरंगबली के नजरिए से दिखाया गया था। यह गीत राम दरबार में हुआ था और उस प्रचलित दृष्टांत को दिखाता है, जब हनुमान ने अपना सीना चीरकर दिखाया था कि उसमें सिया राम के सिवा कोई नहीं है। इस भावपूर्ण भजन की रचना संगीतकार कमलकांत ने की थी। इसे मोहम्मद रफी ने गाया है। 

राम जी की निकली सवारी

राम को समर्पित गीतों का सिलसिला बाद के सालों में भी जारी रहा और अलग-अलग माहौल के हिसाब से गीत बनते रहे। 1979 में आई फिल्म सरगम का गीत 'राम जी की निकली' सवारी भगवान राम की शोभा यात्रा के दौरान फिल्माया गया था। इस गीत में ऋषि कपूर ढपली बजाते हुए उत्सव मनाते दिखे। इस गीत के बोल आनंद बख्शी ने लिखे थे, जबकि मोहम्मद रफी ने गाया था।

पल पल है भारी

2004 में रिलीज हुई फिल्म ‘स्वदेस’ में राम लीला मंचन के दृश्य में ये गीत दिखाया गया था। अशोक वाटिका में बैठी व्याकुल सीता राम का आह्वान कर रही हैं। गीत गायत्री जोशी पर फिल्माया गया था, जो सीता बनी हुई थीं। इस गीत को जावेद अख्तर ने लिखा था। मधुश्री और विजय प्रकाश ने आवाज दी थी।

यह भी पढ़ें: Ayodhya Ram Mandir Songs: वायरल हो रहे भगवान राम और अयोध्या को समर्पित ये गीत, पीएम मोदी बोले- 'राममय हुआ देश'

राम सिया राम

आदिपुरुष फिल्म का गीत 'राम सिया राम' काफी लोकप्रिय हुआ था। भगवान राम की कथा पर बनी इस फिल्म में प्रभास ने राम और कृति सेनन ने सीता का किरदार निभाया था। इस गीत के बोल मनोज मुंतशिर ने लिखे थे, जबकि सचेत-परम्परा ने आवाज दी।