लोगों की परेशानी सुनने घर से बाहर आए सोनू सूद, हाथ जोड़कर मदद का दिया आश्वासन
बीते साल लगे लॉकडाउन के दौरान सोनू सूद ने मीलों पैदल चल रहे मजदूरों को घर पहंचाने के इंतजाम किया था। जिसके बाद अब कोरोना की दूसरी लहर में सोनू सूद लोगों को अस्पताल में बेड ऑक्सीजन और दवाइयां दिलवाकर मदद कर रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद अब केवल अभिनेता नहीं रहे बल्कि लोगों के मसीहा बन गए हैं। सोनू सूद ने कोरोना काल में जनता की खूब मदद की है और ये सिलसिला अब भी लगातार जारी ही है। कई लोग सोनू सूद के घर के बाहर आकर उनसे मदद की गुहार लगा रहे हैं। हाल ही में सोनू का एक वीडियो और वायरल हो रहा है। जिसमें एक शख्स उनके पैरों पर गिर गया।
बीते साल लगे लॉकडाउन के दौरान सोनू सूद ने मीलों पैदल चल रहे मजदूरों को घर पहंचाने के इंतजाम किया था। जिसके बाद अब कोरोना की दूसरी लहर में सोनू सूद लोगों को अस्पताल में बेड, ऑक्सीजन और दवाइयां दिलवाकर मदद कर रहे हैं। इसी बीच एक दिल को छू देने वाला वीडियो सोनू सूद का सामने आया है। जिसमें कुछ लोग सोनू सूद से मदद मांगने के लिए उनके घर के नीचे आए हैं। तो वहीं सोनू सूद भी खुद सामने आकर मदद कर रहे हैं।
सोनू सूद का ये वीडियो सेलिब्रिटी जर्नलिस्ट विरल भायानी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर की है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि सोनू सूद अपनी बिल्डिंग के बाहर खड़े हैं। यहां कई लोग सोनू से मदद की गुहार लगाने के लिए खड़े हैं। सोनू खुद न लोगों की बात वहां पर सुन रहे हैं। इसी बीच एक शख्स सोनू सूद के पैरों पर गिर जाता है। हालांकि अभिनेता ऐसा करने से शख्स को मना करते हैं। तो वहीं एक बुजुर्ग महिला भी सनू सूद के पैर छूने लगती है। लेकिन अभिनेता उन्हें ऐसा करने से मना करते हुए उनके हाथ जोड़ लेते हैं।
ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को देख लोग सोनू सूद की जमकर तारीफ कर रहे हैं। वीडियो में सोनू सूद भी लोगों को मदद का आस्वासन देते हुए नजर आ रहे हैं। सोनू सूद की पहल के बाद से जनता को भी सोनू सूद के ऊपर ज्यादा भरोसा हो गया है। लोग सरकार से मदद लेने के बजाय अभिनेता से मदद की गुहार लगा रहे हैं। सोनू से मदद मांगने पर लोग निराश भी नहीं हो रहे बल्कि उनकी मदद की भी जा रही है जिससे वे बेहद खुश हैं।