Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कर्नाटक के गांव में होती थी मूवी Stree 2 की तरह भूतिया घटनाएं, जाने क्यों लोग दरवाजे पर लिखते थे 'नाले बा'

श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव स्टारर फिल्म स्त्री 2 (Stree 2) इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है। मूवी लगातार अच्छा बिजनेस कर रही है। अमर कौशिक के निर्देशन में बनी मूवी की कहानी काफी यूनिक है। चंदेरी गांव की स्त्री की दिल दहला देने वाली ये कहानी कर्नाटक की लोककथाओं की कहानी से काफी मिलती-जुलती है जिसके बारे में आपने शायद पहले नहीं सुना होगा।

By Tanya Arora Edited By: Tanya Arora Updated: Thu, 12 Sep 2024 05:51 PM (IST)
Hero Image
स्त्री 2 की तरह है कर्नाटक की चुड़ैल की कहानी/ फोटो क्रेडिट: She The People

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। स्त्री 2 इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचा रही है। श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव स्टारर हॉरर कॉमेडी मूवी की रिलीज को 28 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन ये फिल्म टस से मस होने का नाम ही नहीं ले रही है। मूवी ने 560 करोड़ के आसपास का कलेक्शन कर लिया है और अब फिल्म पठान का रिकॉर्ड भी तोड़ने के पीछे लग गई है।

चंदेरी गांव की 'स्त्री' की दर्द भरी ये दास्तां लोगों को बेहद पसंद आ रही है। स्त्री 2 में दिखाया गया है कि कैसे सरकटा 'स्त्री' को मारता है, जिसके बाद उसकी रूह चंदेरी गांव में घूमती है। फर्स्ट पार्ट में ये दिखाया गया है कि स्त्री मुख्य रूप से मर्दों से नफरत करती है और उन्हें तबाह करने के लिए नंगा कर देती है।

इसके अलावा स्त्री के कहर से बचने के लिए गांव वाले अपने घरों के बाहर 'ओ स्त्री कल आना' लिखते हैं, जिससे पढ़कर स्त्री लौट जाती है। क्या आपको पता है कि फिल्म में दिखाई गई इस तरह की कहानी कर्नाटक के एक गांव में भी घट चुकी है।

कर्नाटक के मल्लेश्वर गांव में था 'स्त्री' का आतंक?

शी द पीपल नामक एक इंस्टाग्राम पेज पर मल्लेश्वर गांव की उस कहानी के बारे में बताया गया है, जिसे जानने के बाद आप सोचेंगे कि यही आपने श्रद्धा कपूर की फिल्म में भी देखा है। '20वीं सदी में कर्नाटक के मल्लेश्वर गांव में शुरू हुई थी 'नाले बा' वाली चुड़ैल की भूतिया कहानी, जिसका आतंक उस समय वहां के लोकल रेजिडेंट वालों में काफी ज्यादा था।

यह भी पढ़ें: Stree 2 Box Office Day 28: वीक डे में भी नहीं कम हुए 'स्त्री' के तेवर, 28वें दिन कलेक्शन रहा टका-टक

इसमें ये बताया गया है कि 1990 के समय में एक रहस्यमयी महिला रात के अंधेरे में लोगों को दरवाजा खटखटाती थी और उनके करीबी रिश्तेदारों की आवाज निकालती थी। अपने करीबियों की आवाज सुनने के बाद लोग भी दरवाजा खोल देते थे और फिर गायब हो जाते थे।

View this post on Instagram

A post shared by SheThePeople (@shethepeopletv)

वहां के पुराने लोगों के अनुसार, एक लड़की की अपनी शादी वाले दिन ट्रैजिक डेथ हो गई थी, जिसके बाद वह एक बहुत ही पावरफुल आत्मा बनकर लौटी। ये दावा किया जाता है कि जो भी उसे अंदर आने देता था, वह उनकी जान ले लेती थी।

एक बुजुर्ग व्यक्ति ने सुरक्षा करने के लिए दिया था सुझाव

परिवार के गायब होने और कई लोगों के घर छोड़कर जाने की ये कहानी जैसे-जैसे गांव में फैली, लोगों में दहशत फैल गई। तभी एक बुजुर्ग व्यक्ति ने उन्हें बताया कि वह अपनी सुरक्षा कैसे कर सकते हैं। बुजुर्ग व्यक्ति ने गांव वालों को सलाह दी की वह अपने दरवाजे पर 'नाले बा' लिखना शुरू कर दें, जिसका कन्नड़ में मतलब होता है कि 'कल आना'।

दरअसल उस वक्त का ये आइडिया चुड़ैल को कंफ्यूज करने के लिए था, ताकि उसे लगे कि विक्टिम को पकड़ने के लिए उसे कल वापस आना होगा। उनका दरवाजे पर 'नाले बा' लिखने का तरीका काम कर गया, क्योंकि घर के बाहर लिखी बात को पढ़कर चुड़ैल वापस लौट जाती थी। हालांकि, बड़ी संख्या में कुछ लोग इस कहानी को झूठा भी मानते हैं।

कहानी सुनने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स का ऐसा रिएक्शन

कर्नाटक के मल्लेश्वर गांव की इस घटना के बारे में जानने के बाद एक यूजर ने लिखा, "मल्लेश्वर अब गांव नहीं है, लेकिन वहां के कुछ पुराने घरों पर अब भी 'नाले बा' लिखा हुआ है"। दूसरे यूजर ने लिखा, "ये सच बात है, क्योंकि मेरी नानी के घर राजाजीनगर में भी ये लिखा हुआ था"।

एक और अन्य यूजर ने लिखा, "मैं कर्नाटक के एक छोटे से गांव से हूं, जब मैं छोटी थी, तो मैंने कई दरवाजों पर नाले बा लिखा हुआ देखा था, जब मैंने अपने बड़ों से ये पूछा कि ये क्यों लिखा जाता है, तो उन्होंने कहा था कि शैतान आए और ये पढ़कर वापस चला जाए। अब इस पर फिल्म बन चुकी है"।

यह भी पढ़ें: Stree 2 Box Office: 'स्त्री' के आगे नहीं टिका 'एनिमल', 27वें दिन ही बनी सबसे अधिक कमाई करने वाली दूसरी फिल्म