Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Box Office: 'पुष्पा' से 'कार्तिकेय 2' और 'कांतारा' तक... छोटा पैकेट, बड़ा धमाका निकलीं ये साउथ फिल्में

Box Office 2022 Surprise Hits कार्तिकेय 2 हिंदी बेल्ट में इस साल की सबसे बड़ी सफलताओं में शामिल है। फिल्म ने महज 7 लाख रुपये की ओपनिंग ली थी और 30 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया था। अब कांतारा उसी रास्ते पर जाते दिख रही है।

By Manoj VashisthEdited By: Updated: Mon, 24 Oct 2022 10:34 AM (IST)
Hero Image
Box Office 2022 Surprise Hits After From Pushpa Kartikeya 2 To Kantara. Photo- Instagram

नई दिल्ली, जेएनएन। फिल्म इंडस्ट्री के लिए यह दौर काफी चौंकाने वाला है। जिन फिल्मों से भारी-भरकम उम्मीद होती है, वो बॉक्स ऑफिस पर ढेर हो रही हैं और जिन से किसी को बिल्कुल उम्मीद नहीं, वो इतिहास रच रही हैं। कम प्रमोशन के बावजूद माउथ पब्लिसिटी के दम पर चल रहीं इन फिल्मों ने तस्वीर का रुख ही पलट दिया है। खासकर, दक्षिण भारत से आयी फिल्मों ने इस बार खूब चौंकाया। ऐसी फिल्मों की लिस्ट में ताजा एंट्री है कन्नड़ सिनेमा की फिल्म कांतारा, जो हिंदी भाषा में भी रिलीज की जा चुकी है। 

हिंदी बॉक्स ऑफिस पर जमी है कांतारा

सोशल मीडिया में आम दर्शक से लेकर सेलेब्रिटीज तक, कांतारा का जादू सभी पर चढ़ा हुआ है। इसका असर हिंदी बॉक्स ऑफिस पर भी नजर आ रहा है। ऋषभ शेट्टी निर्देशित और अभिनीत फिल्म 14 अक्टूबर को हिंदी में रिलीज हुई थी। फिल्म ने सिर्फ 1.27 करोड़ की ओपनिंग ली, मगर तारीफों के दम पर फिल्म बड़े कलेक्शन की ओर बढ़ रही है। अब तक लगभग 20 करोड़ का नेट कलेक्शन हिंदी बेल्ट में कर चुकी है।

यह भी पढ़ें: Kantara Box Office Collection: बॉलीवुड की कमर तोड़ने आ गई 'कांतारा', तीन हफ्तों में की ताबड़तोड़ कमाई

7 लाख से 30 करोड़ तक पहुंची कार्तिकेय 2

इससे पहले ऐसा जलवा कार्तिकेय 2 ने दिखाया था, जो कन्नड़ फिल्म ही थी। कार्तिकेय हिंदी बेल्ट में 13 अगस्त को रिलीज हुई थी। उस वक्त सिनेमाघरों में लाल सिंह चड्ढा और रक्षा बंधन जैसी बड़ी फिल्में चल रही थीं। यकीन करना भी मुश्किल है, इस फिल्म को महज सात लाख रुपये पहले दिन मिले थे। मगर, 30 करोड़ के आसपास लाइफ टाइम कलेक्शन किया। कार्तिकेय 2 की इस उछाल ने इंडस्ट्री को भी हैरान कर दिया था। 

777 चार्ली और रॉकेट्री ने किया प्रभावित

777 चार्ली भी कन्नड़ सिनेमा की ही फिल्म थी। रक्षित शेट्टी अभिनीत इस फिल्म के हिंदी वर्जन ने पहले दिन 20 लाख रुपये बटोरे थे, मगर इमोशनल फिल्म को इतनी माउथ पब्लिसिटी मिली कि नेट कलेक्शन 7.50 करोड़ तक पहुंच गया। आर माधवन की राकेट्री ने भी हिंदी बेल्ट में अच्छी कमाई की थी। इस फिल्म के हिंदी वर्जन ने 1.25 करोड़ की ओपनिंग ली थी और 26 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया। हालांकि, रॉकेट्री का माधवन ने जमकर प्रचार किया था।

106 करोड़ पर पहुंची पुष्पा

बिना पब्लिसिटी छप्परफाड़ कलेक्शन करने वाली फिल्मों की लिस्ट में पहले स्थान पर फिलहाल तेलुगु फिल्म पुष्पा- द राइज है, जो पिछले साल दिसम्बर में रिलीज हुई थी। अल्लू अर्जुन की यह पहली फिल्म थी, जो तेलुगु के साथ हिंदी में भी रिलीज हुई। रिलीज से पहले हिंदी बेल्ट में इस फिल्म का बहुत कम प्रमोशन किया गया था। पुष्पा ने सिर्फ 3.33 करोड़ की कमाई पहले दिन की और सिनेमाघरों में सफर खत्म होने तक 106 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया था। 

द कश्मीर फाइल्स सबसे बड़ी हिंदी हिट

अगर, हिंदी फिल्मों की बात करें तो द कश्मीर फाइल्स ऐसी फिल्म है, जिसने सरप्राइज की सारी सीमाओं को चकनाचूर कर दिया था। 11 मार्च को सीमित स्क्रींस पर रिलीज हुई इस फिल्म ने 3.55 करोड़ की ओपनिंग ली थी, मगर दर्शकों के साथ ने इसे 250 करोड़ के पार पहुंचा दिया था। द कश्मीर फाइल्स साल 2022 की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक है।

Diwali Box Office: इस शुक्रवार नहीं कोई हिंदी फिल्म, दिवाली के एक दिन बाद क्यों आ रहीं राम सेतु और थैंक गॉड?