Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Box Office Report: फैंटेसी फिल्में बनीं बॉक्स ऑफिस की जान, कमाई के मामले में दुनियाभर में मचाया तहलका

मौजूदा समय में सिनेमा जगत में फैंटेसी फिल्म का क्रेज काफी अधिक बढ़ गया है। फिर चाहें वो हालिया हॉलीवुड रिलीज डेडपूल एंड वुल्वरिन हो या फिर भारतीय सिनेमा की कल्कि 2989 एडी (Kalki 2898 AD)। इन मूवीज को दर्शकों की तरफ से पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला है। सिर्फ इतना ही नहीं बॉक्स ऑफिस पर कमाई के मामले में भी फंतासी फिल्मों का काफी बोलबाला रहा है। पढ़िए ये रिपोर्ट-

By Ashish Rajendra Edited By: Ashish Rajendra Updated: Fri, 16 Aug 2024 06:00 AM (IST)
Hero Image
बॉक्स ऑफिस पर फंतासी फिल्मों का जलवा (Photo Credit-X)

कीर्ति सिंह, मुंबई डेस्क। पर्दे पर दिलचस्प फंतासी पेश करती हॉलीवुड फिल्म डेडपूल एंड वुल्वरिन एक अरब डालर की कमाई कर चुकी है। वहीं दूसरी ओर कल्पनाओं संग अतीत व भविष्य में गोते लगाती नाग आश्विन की फिल्म कल्कि 2898 एडी ने इस वर्ष भारतीय बॉक्स आफिस पर सर्वाधिक कमाई का रिकार्ड बनाया।

वैश्विक रूप से सर्वाधिक कमाई करने वाली सर्वकालिक फिल्मों की सूची में पहले नंबर पर रही अवतार सहित शीर्ष दस फिल्मों में से आठ फैंटेसी से मंत्रमुग्ध करती हैं। पूर्व में प्रदर्शित फिल्म बाहुबली हो या ब्रह्मास्त्र, फंतासी कहानियां इस कदर लुभाती हैं कि कमाई के नए रिकार्ड कायम हो जाते हैं। नए दौर में फंतासी के प्रति बढ़ते आकर्षण पर हमारी ये आलेख पढ़िए।

क्या है इन फैंटेसी मूवीज की कहानी

हॉलीवुड फिल्म डेडपूल एंड वुल्वरिन में टाइम ट्रैवल (टाइम मशीन के जरिए भूतकाल में जाने) की बात है। मार्वल स्टूडियो की फिल्मों के नायक टाइम मशीन के जरिए अतीत में जाकर विनाशकारी घटनाओं को रोकने का प्रयास करते हैं।

ये भी पढ़ें- Box Office Report: 50 दिन पूरे करने के करीब है कल्कि 2898 एडी, कैसा रहा AMKDT-उलझ और बैड न्यूज का हाल

वहीं महाभारत काल की बात करती कल्कि 2898 एडी की शुरुआत में श्रीकृष्ण, अश्वत्थामा से कहते हैं कि हजारों साल बाद जब दुनिया के हर कोने में सिर्फ बुराई होगी, जब लोगों पर अत्याचार बढ़ने लगेगा, तब भगवान विष्णु के दसवें अवतार कल्कि का जन्म होगा। वो धरती पर न आएं इसके लिए आसुरी शक्तियां पूरी ताकत लगाएंगी। इस स्थिति में अश्वत्थामा को भगवान की सुरक्षा कर पाप धोने का अवसर मिलेगा।

प्रभास की कल्कि का गहरा इतिहास

कथा और कल्पना: बचपन से हमने अपने धर्मग्रंथों व कहानियों में महाभारत युद्ध, श्रीकृष्ण व कलियुग में भगवान विष्णु के दसवें अवतार कल्कि के विषय में पढ़ा सुना है। फिल्मकार नाग आश्विन ने उन्हीं कल्पनाओं को जब साइंस-फिक्शन फिल्म के रूप में पेश किया तो दर्शक भी मंत्रमुग्ध होकर देखते रह गए।

हालांकि नाग आश्विन ने यह भी स्पष्ट किया कि हमने कुछ पौराणिक संदर्भ बेशक लिए हैं, पर फिल्म को पौराणिक चश्मे से देखना ठीक नहीं होगा। अगले तीन वर्ष में फिल्म की अगली किस्त लाने की वह आधिकारिक घोषणा कर चुके हैं। सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने के 10 सप्ताह की अवधि पूरी होने के बाद अब ओटीटी पर कल्कि 2898 एडी की स्ट्रीमिंग की प्रतीक्षा है। यह अमेजान प्राइम वीडियो पर इसी माह दस्तक दे सकती है।

कंगुवा भी फंतासी फिल्म

उधर, हाल ही में जारी फिल्म कंगुवा के ट्रेलर में नायक भी कल्पनाओं को नया रंग देता है। सूर्या अभिनीत इस फिल्म के ट्रेलर में दिखाया गया है कि नायक कंगवा में जहां अनेक हाथियों को वश में करने की ताकत है तो वहीं प्रजा की अकाल से रक्षा करने की प्रतिबद्धता भी है।

पूर्व में प्रदर्शित फिल्म ब्रह्मास्त्र की दूसरी किस्त की भी बेसब्री से प्रतीक्षा है। ब्रह्मास्त्र पार्ट 1-शिवा में भी नायक शिवा बने रणबीर कपूर के पास है अग्नि अस्त्र। अपनी इस ताकत से हतप्रभ नायक शिवा कहता है, कुछ रिश्ता है मेरा आग से। आग मुझे जलाती नहीं।

ब्रह्मास्त्र में पूरी दुनिया का अंत करने की शक्ति है। कुत्सित इरादे वाले लोग जहां ब्रह्मास्त्र को हासिल करने की जुगत में हैं तो वहीं ब्रह्मांश के रूप में शिवा उन्हें रोकने का प्रयास करता है। फिल्म बाहुबली में भी न्याय व प्रजा की रक्षा के लिए शत्रु से संघर्ष करते नायक की असीम शक्तियां देख दर्शक रोमांचित हो जाते हैं। वहीं भारतीय सुपरहीरो कृष 4 के आने की भी सुगबुगाहट है। सिद्धार्थ आनंद घोषणा कर चुके हैं कि कृष 4 के साथ ऋतिक शीघ्र लौटेंगे।

रोमांच से भरपूर होती हैं मूवीज

दरअसल, वास्तविक दुनिया में विचारों की अपनी सीमाएं हैं। पारिवारिक व सामाजिक जीवन की बाध्यताओं, आफिस में निर्धारित लक्ष्य पूरे करने की जुगत, घर की जिम्मेदारियों का तनाव जब घेर लेता है तो हमें फंतासी की दुनिया आकर्षित करती है, जहां विचारों को तर्कों की कसौटी पर तोलना आवश्यक नहीं होता। हमारी कल्पनाएं जब बिना किसी अवरोध के विभिन्न दिशाओं में विस्तार लेती हैं, तो फंतासी का एक नया संसार बन जाता है।

ऐसी कल्पनाएं सुख व रोमांच पैदा करती हैं। वास्तविक जीवन की सच्चाई कष्ट देती हैं, पर जब दुनिया को विनाश से बचाने के लिए एवेंजर्स एंड गेम के सुपरहीरो थार, हल्क इत्यादि पर्दे पर आते हैं तो मन झूम उठता है। हालांकि फंतासी के माध्यम से फिल्मकार कुछ जरूरी बातों पर भी बहस छेड़ते दिखते हैं, जैसे 2.92 अरब डालर की कमाई के साथ सर्वाधिक सफल फिल्मों में शीर्ष पर रही अवतार में काल्पनिक स्थल पैंडोरा व पर्यावरण की सुरक्षा का विचार था तो कल्कि में भी पर्यावरण सरोकार की बात है, जैसे सैकड़ों वर्ष बाद गंगा सूख जाएंगी, चारों ओर पानी का संकट होगा। फंतासी ही सही, पर हमें कल को सुरक्षित रखना है तो पर्यावरण का ध्यान तो रखना ही होगा।

वैश्विक रूप से कमाई में शीर्ष पर

  • 1. अवतार-   2009-   2.92 अरब डॉलर

  • 2. एवेंजर्स एंडगेम-   2019-   2.79 अरब डॉलर

  • 3. अवतार द वे आफ वाटर-   2022-   2.32 अरब डॉलर

  • 4. टाइटैनिक-    1997-    2.26 अरब डॉलर

  • 5. स्टार वार्स द फोर्स अवेकन-    2015-     2.07 अरब डॉलर

  • 6. एवेंजर्स इनफिनिटी वार-    2018-   2.05 अरब डॉलर

  • 7. स्पाइडरमैन नो वे होम-   2021-    1.92 अरब डॉलर

  • 8. जुरासिक वर्ल्ड-  2015-   1.67 अरब डॉलर

  • 9. द लायन किंग-   2019-    1.66  अरब डॉलर

  • 10. इनसाइड आउट 2-    2024-  1.59 अरब डॉलर

प्रथम वीकेंड कमाई में भारतीय सिनेमा

  • बाहुबली द कनक्लूजन- 247 करोड़

  • ब्रह्मास्त्र- 168 करोड़

  • कल्कि- 163 करोड़

कल्कि 2898 एडी शीर्षक क्यों

फंतासी का तड़का लगाती कल्कि 2898 एडी शीर्षक भी उत्सुकता जगा गया। गुप्त वंश के शासनकाल में खगोलविद आर्यभट्ट ने गणना के बाद महाभारत युद्ध की तिथि 3102 ईसा पूर्व बताई थी। नाग आश्विन ने अपनी कहानी में महाभारत काल से 6000 वर्ष का कालखंड लिया है, इस प्रकार जब कहानी भविष्य में जाती है तो उस तिथि को उन्होंने 2898 ईस्वी बताते हुए कल्पनाओं के आधार पर कथानक गढ़ा है।

ये भी पढ़ें- Kalki 2898 AD Box Office Records: 41 दिनों में 'कल्कि' ने बनाए 8 बड़े रिकॉर्ड, क्या तोड़ पाएंगे पुष्पाराज?